IPL के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने डेविड वॉर्नर को बनाया कप्तान, चोटिल ऋषभ पंत की जगह संभालेंगे कमान; अक्षर पटेल होंगे उप-कप्तान

author-image
Rahul Garhwal
एडिट
New Update
IPL के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने डेविड वॉर्नर को बनाया कप्तान, चोटिल ऋषभ पंत की जगह संभालेंगे कमान; अक्षर पटेल होंगे उप-कप्तान

स्पोर्ट्स डेस्क. दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल के लिए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को कप्तान बनाया है। वे चोटिल ऋषभ पंत की जगह टीम की कमान संभालेंगे। अक्षर पटेल को उप-कप्तान बनाया गया है। ऋषभ पंत रोड एक्सीडेंट की वजह से आईपीएल-2023 से बाहर हो चुके हैं।







— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) March 16, 2023





डेविड वॉर्नर ने सनराइजर्स हैदराबाद को जिताया था खिताब





डेविड वॉर्नर सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान रह चुके हैं। उनकी कप्तानी में ही सनराइजर्स हैदराबाद ने साल 2016 में आईपीएल का खिताब जीता था। वॉर्नर 2014 में SRH के साथ जुड़े थे। उन्होंने 2021 के सीजन को छोड़कर सनराइजर्स के लिए हर सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए थे। सनराइजर्स के लिए वॉर्नर ने 95 मैच खेले और 49.55 की औसत से 4014 रन बनाए। वॉर्नर ने इस दौरान 40 फिफ्टी लगाई।





सनराइजर्स हैदराबाद ने डेविड वॉर्नर के साथ किया बुरा बर्ताव





आईपीएल-2021 के पहले चरण में डेविड वॉर्नर की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ने खराब प्रदर्शन किया था। इसके बाद वॉर्नर को कप्तानी से हाथ धोना पड़ा था। टीम मैनेजमेंट ने केन विलियमसन को कप्तान बना दिया था। ऐसी खबरें आई थीं कि कोच टॉम मूडी की डेविड वॉर्नर से नहीं बनती थी। सनराइजर्स ने डेविड वॉर्नर के साथ बुरा बर्ताव किया था। 2021 के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने डेविड वॉर्नर को रिलीज कर दिया था।





दिल्ली कैपिटल्स ने डेविड वॉर्नर को खरीदा





आईपीएल-2022 के ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने डेविड वॉर्नर को 6 करोड़ 25 लाख रुपए में खरीदा। 2014 में सनराइजर्स में जाने से पहले वॉर्नर दिल्ली के लिए ही खेलते थे। दिल्ली ने 2022 के सीजन के बाद भी डेविड वॉर्नर को रिटेन किया। पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे ज्यादा रन डेविड वॉर्नर ने बनाए थे।





2013 में भी दिल्ली की कप्तानी कर चुके हैं वॉर्नर





डेविड वॉर्नर 2013 में दिल्ली डेयरडेविल्स की कप्तानी कर चुके हैं। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 69 मैचों में 1888 रन बनाए हैं। इस दौरान वॉर्नर ने 2 शतक और 15 फिफ्टी लगाई। आईपीएल करियर में डेविड वॉर्नर 5 हजार 881 रन बना चुके हैं। उन्होंने 4 शतक और 55 फिफ्टी लगाई हैं।



Vice-Captain Axar Patel Injured Rishabh Pant Captain David Warner दिल्ली कैपिटल्स डेविड वॉर्नर IPL-2023 Delhi Capitals David Warner आईपीएल दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर