/sootr/media/post_banners/9e8ebb9a86d38ea19b6da53b06c1ca66315a5ea0dc3cdcb9ed7e242cc3e54ccc.png)
CHHATARPUR. मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले सूबे में सियासत गरमाई है। चुनाव परिणाम आने से पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की मुश्किलें बढ़ गई। छत्तरपुर में आचार संहिता उल्लंघन को लेकर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह समेत 50 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ खजुराहो थाने में केस दर्ज किया गया है। साथ ही कांग्रेस विधायक विक्रम सिंह नातीराजा पर भी FIR की गई है। मामला मतदान के दिन कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या से जुड़ा है। मामले में दिग्विजय सिंह सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजनगर में धरना दिया था। इन लोगों ने प्रशासन से बगैर अनुमति लिए धरना प्रदर्शन किया था।
क्या है पूरा मामला
दरअसल पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नाती राजा के ड्राइवर सलमान खान की हत्या के विरोध में खजुराहो थाने में धरना दिया था। साथ ही उन्होंने बगैर अनुमति लिए कांग्रेस समर्थकों के साथ प्रदर्शन किया था। इसके बाद टेंट डालकर पूरी रात थाने में सोए थे। जिसके बाद बीजेपी ने चुनाव आयोग से शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि दिग्विजय सिंह ने इसके लिए अनुमति नहीं ली है। शिकायत के बाद प्रशासन ने दिग्विजय सिंह और अन्य नेताओं के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। इन नेताओं पर चुनाव आचार संहिता उल्लंघन की धारा 188 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
बता दे कि कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान हत्याकांड में पहले छतरपुर पुलिस ने बीजेपी प्रत्याशी अरविंद पटेरिया और उनके समर्थकों पर केस दर्ज किया था। मामले में बीजेपी का आरोप था कि पुलिस ने बिना जांच के यह कार्रवाई की है। मामले में सियासी तकरार के बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी। इसके बाद मामले में कांग्रेस प्रत्याशी नाती राजा और उनके समर्थकों पर एफआईआर की गई थी। अब आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर केस दर्ज किया गया है।