पीएससी में पांच की जगह तीन ही सदस्य, एक पद 17 तो दूसरा दो माह से खाली, इंटरव्यू के लिए लग रहा एक-एक साल, अटक रही भर्तियां

author-image
Pratibha Rana
एडिट
New Update
पीएससी में पांच की जगह तीन ही सदस्य, एक पद 17 तो दूसरा दो माह से खाली, इंटरव्यू के लिए लग रहा एक-एक साल, अटक रही भर्तियां

संजय गुप्ता, INDORE. जिला लोक अभियोजक परीक्षा (एडीपीओ) का रिजल्ट चार जनवरी को आया था और इसका इंटरव्यू प्रोग्राम पीएससी ने फरवरी 2024 में रखा है, यानि एक साल दो महीने बाद। 256 पदों के लिए 900 अभ्यर्थियों का इंतजार लंबा हो रहा है। यह केवल इस परीक्षा का नहीं है, डीएसपी रेडियो पद की बात करें, इंजीनियरिंग की बात करें या अन्य परीक्षाओं की। इंटरव्यू अटके पड़े हैं या फिर एक-एक साल में हो रहे हैं। इसकी वजह है पीएससी में सदस्यों का ही नहीं होना। वहीं आचार संहिता लगने के चलते अब दिसंबर माह तक नियुक्ति भी नहीं होना है।

क्या है आयोग में सदस्यों के पदों की स्थिति

पीएससी (मप्र लोक सेवा आयोग) एक संवैधानिक संस्था है और इसमें अध्यक्ष के साथ चार अन्य सदस्य भी होते हैं। अभी इसमें अध्यक्ष डॉ. राजेश लाल मेहरा है और सदस्यों में चंद्रशेखर रायकवार और डॉ. कृष्णकांत शर्मा है। 17 महीने पहले एक सदस्य पूर्व आईपीएस अधिकारी रमनसिंह सिकरवार का कार्यकाल मई 2022 में खत्म हो गया, उनके रिटायर होने के बाद यह पद खाली है। वहीं 8 अगस्त 2023 को यानि दो माह पहले एक अन्य सदस्य डॉ. देवेंद्र सिंह मरकाम भी रिटायर हो गए और यह पद भी खाली है।

इंटरव्यू क्यों अटक रहे हैं?

नियमों के मुताबिक भर्ती परीक्षाओं के इंटरव्यू में पीएससी के किसी न किसी सदस्य का होना अनिवार्य है। इसके साथ विशेषज्ञ भी शामिल होते हैं और इंटरव्यू के लिए आयोग के सदस्य की उपस्थिति में अलग-अलग बोर्ड बनते हैं। अभी आयोग जो अधिकतम पांच बोर्ड बना सकता है, उसकी जगह केवल तीन बोर्ड बन रहे हैं और यही सुबह से शाम तक इंटरव्यू लेते हैं। एक बोर्ड औसतन 15-20 उम्मीदवारों के इंटरव्यू लेता है, बहुत कोशिश करने के बाद भी आयोग एक दिन में 50-60 उम्मीदवारों के ही इंटरव्यू कर सकता है। यदि दो सदस्य होते तो यही संख्या 80 से 100 के बीच हो जाती। यानि कार्यक्षमता लगभग 60 फीसदी रह गई है। इसके चलते इंटरव्यू लेने में लंबा समय लग रहा है और जब तक एक इंटरव्यू खत्म होते हैं, तब तक अन्य परीक्षाओं के रिजल्ट आ जाते हैं और नया शेड्यूल आ जाता है।

2019 के उम्मीदवारों को ही ढाई माह का करना पड़ा इंतजार

राज्य सेवा परीक्षा 2019 जो सबसे धीमी चल रही है, इसकी स्पेशल मैंस का रिजल्ट 18 मई को आया था, लेकिन इसके इंटरव्यू के लिए ही उम्मीदवारों को आठ अगस्त तक इंतजार करना पडा और इसके बाद इंटरव्यू शुरू हो सके। वहीं आयोग ने जो शेड्यूल जारी किया है इसमें अगले साल अगस्त 2024 तक के इंटरव्यू का पूरा शेड्यूल व्यस्त है। पीएससी सदस्यों को सांस लेने की फुर्सत नहीं है। अक्टूबर में पीएससी के साथ ही दंत चिकित्सा के इंटरव्यू शेड्यूल है, तो फिर इंजीनियरिंग परीक्षा 2021 के नंवबर-दिसंबर में, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी 2021 के जनवरी में, इंजीनियरिंग सेवा 2021 विद्युत के फरवरी में, एडीपीओ के फरवरी में, इंजीनियरिंग सेवा 2022 के साथ ही राज्य वन सेवा, राज्य सेवा परीक्षा 2021 के मार्च माह में, राज्य वन सेवा के अप्रैल में, तकनीकी पद प्राचार्य के अप्रैल में, राज्य सेवा परीक्षा 2022 के मई-जून में तो कराधान सहायक 2022 के जुलाई में और राज्य सेवा परीक्षा 2023 के अगस्त माह में शेड्यूल्ड किए गए हैं।


पीएससी में तीन सदस्य एडीपीओ का रिजल्ट जिला लोक अभियोजक परीक्षा MP News three members in PSC ADPO result District Public Prosecutor exam status of posts of members in commission एमपी न्यूज आयोग में सदस्यों के पदों की स्थिति
Advertisment