सुधांश पंत की मुख्य सचिव पर नियुक्ति के बाद अब बड़े प्रशासनिक फेरबदल की हलचल, दो बड़े अधिकारियों को जाना होगा सचिवालय से बाहर

author-image
BP Shrivastava
एडिट
New Update
सुधांश पंत की मुख्य सचिव पर नियुक्ति के बाद अब बड़े प्रशासनिक फेरबदल की हलचल, दो बड़े अधिकारियों को जाना होगा सचिवालय से बाहर

मनीष गोधा, JAIPUR. वरिष्ठता लांघ कर मुख्य सचिव बनाए गए सुधांश पंत की नियुक्ति के बाद अब राजस्थान में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की हलचल है। पंत की इस नियुक्ति के बाद उनसे वरिष्ठ दो बड़े अधिकारियों को सचिवालय से बाहर जाना पड़ेगा, वहीं गृह और वित्त विभाग में भी नए अधिकारियों का आना तय माना जा रहा है।

सीनियर्टी में पंत 7वें नंबर के अफसर

राजस्थान में सरकार ने नए मुख्य सचिव की नियुक्ति कर दी है। केंद्र सरकार में स्वास्थ्य सचिव के पद पर कार्य कर रहे सुधांश पंत राजस्थान के नए मुख्य सचिव बनाए गए हैं। राजस्थान में आईएएस अधिकारियों की वरिष्ठता सूची में पंत सातवें नंबर पर है ऐसे में सरकार ने वरिष्ठता लांघकर पंत को इस पद पर नियुक्त किया है।

उनसे पहले जो छह अधिकारी हैं उनमें से तीन वी श्रीनिवास, रोहित कुमार सिंह और संजय मल्होत्रा अभी केंद्र सरकार में हैं। वहीं सुबोध अग्रवाल, शुभ सिंह और राजेश्वर सिंह राजस्थान में काम कर रहे हैं।

सुबोध अग्रवाल और शुभ्रा सिंह को जाना होगा बाहर

 वरिष्ठ क्रम में सबसे पहले नंबर पर मौजूद अतिरिक्त मुख्य सचिव सुबोध अग्रवाल और उनके बाद तीसरे क्रम पर मौजूद शुभ्रा सिंह को अब सचिवालय से बाहर जाना पड़ेगा। सुबोध अग्रवाल जल संसाधन एवं जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं तथा शुभ्रा सिंह चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत है।

अनियमितता के कारण अग्रवाल पहले ही निशाने पर

सुबोध अग्रवाल जल जीवन मिशन में कथित अनियमितता के मामले में पहले ही सरकार के निशाने पर हैं। इसलिए उनका तबादला तो तय है। वहीं शुभ्रा सिंह का तबादला तय माना जा रहा, क्योंकि उनसे वरिष्ठ क्रम में नीचे अधिकारी को मुख्य सचिव बना दिया गया है। राजेश्वर सिंह पहले ही राजस्व बोर्ड के अध्यक्ष हैं और सचिवालय से बाहर ही हैं। इसलिए हो सकता है वह अपने पद पर बने रहें।

नौकरशाही में बदलाव जल्द

इन तीन वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा सभी अधिकारी पंत से जूनियर हैं, क्योंकि सरकार भी नई है और उसके प्रशासनिक मुखिया भी नए हैं। इसलिए नौकरशाही में बदलाव जल्द और तय माना जा रहा है। इनमें भी दो प्रमुख विभागों गृह विभाग और वित्त विभाग में मौजूद अधिकारियों को बदल जाना निश्चित माना जा रहा है।

एडिशनल सीएस अरोड़ा बदला जाना तय

वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नजदीकी माने जाते हैं और सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग में हुई कथित अनियमितता के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक विभाग ने उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की अनुमति सरकार से मांग रखी है। ऐसे में उनका वित्त विभाग से बदला जाना तय है। वहीं गृह विभाग के प्रमुख सचिव आनंद कुमार भी इस पद पर एक वर्ष से ज्यादा समय कार्यरत है और कानूनी व्यवस्था भारतीय जनता पार्टी का प्रमुख चुनावी मुद्दा था। इसलिए उनकी जगह भी नए अधिकारी का आना तय माना जा रहा है।

बड़ा प्रशासनिक फेरबदल 2-3 दिन में

सूत्रों का कहना है कि राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल अगले दो- तीन दिन में हो जाएगा। इस फेरबदल में अतिरिक्त मुख्य सचिव से लेकर सचिव स्तर तक के अधिकारियों के बदलाव होंगे। इसके कुछ समय बाद जिला कलेक्टरों के तबादले भी होंगे।

वहीं पुलिस महकमे की बात की जाए तो पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा की विदाई हो चुकी है और उत्कल रंजन साहू को अभी कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक बनाया गया है, लेकिन बताया जा रहा है कि अभी कुछ समय उन्हें इस पद पर बनाए रखा जा सकता है।

यह बदलाव भी होगा

आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के साथ ही राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले भी होंगे, क्योंकि इनमें से कुछ मंत्रियों के सचिवों के रूप में नियुक्त होंगे। इस बीच मंत्रियों को विभाग भी आवंटित हो जाएंगे, ऐसे में अगले तीन से चार दिन में सरकार पूरे जोश के साथ काम करना शुरू कर देगी।

administrative changes in Rajasthan which officers will go out of Rajasthan Secretariat Sudhanshu Pant becomes CS Reshuffle in Rajasthan Secretariat राजस्थान न्यूज राजस्थान में प्रशासनिक बदलाव Rajasthan News राजस्थान सचिवालय से कौन अफसर जाएंगे बाहर सुधांशु पंत सीएस बने राजस्थान सचिवालय में फेरबदल