ग्वालियर के यूनिवर्सिटी थाने में फांसी लगाने का प्रयास, आरोपी अंश जादौन डबरा के चिराग शिवहरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड है

author-image
BP Shrivastava
एडिट
New Update
ग्वालियर के यूनिवर्सिटी थाने में फांसी लगाने का प्रयास, आरोपी अंश जादौन डबरा के चिराग शिवहरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड है

GWALIOR. डबरा के कारोबारी के एकलौते बेटे चिराग उर्फ सागर शिवहरे हत्याकांड के मास्टरमाइंड अंश जादौन ने हवालात में सुसाइड का प्रयास किया। जिसे तबियत बिगड़ने पर सिटी सेंटर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक अंश ने विश्वविद्यालय थाने के हवालात में चादर से फांसी लगाने की कोशिश की। उसे सिटी सेंटर स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। 7 दिन पहले अंश ने गर्लफ्रेंड के एक्स बॉयफ्रेंड चिराग की हत्या कर उसकी लाश को जला दिया था फिर अस्थियां नाले में बहा दी थीं।



चिराग शिवहरे की 8 जुलाई को कर दी गई थी हत्या



डबरा में ठाकुर बाबा रोड पर गद्दा व्यापारी अनिल शिवहरे रहते हैं। उनका इकलौता बेटा सागर उर्फ चिराग शिवहरे (25) ने ग्वालियर के आईटीएम इंजीनियरिंग कॉलेज से BBA की पढ़ाई की थी। अब वह डबरा में रहकर पिता का काम संभाल रहा था। शनिवार (8 जुलाई) दोपहर 2 बजे चिराग पार्टी करने जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसी दिन शाम 6.30 बजे पिता ने कॉल किया, तो उसने एक घंटे में वापस आने की बात कही। इसके बाद जब उसे कॉल किया, तो रिसीव नहीं हुआ। शाम 7.22 बजे चिराग के मोबाइल से एक घंटे में आने का मैसेज भी आया। रात करीब 8 बजे उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।



आरोपी अंश जादौन ने कबूला था चिराग की हत्या करना



रात करीब 11 बजे परिजन ने डबरा थाने पहुंचे। यहां पुलिस ने भी सुबह तक इंतजार करने के लिए कहा। अगले दिन जब तक बेटे का पता नहीं चला, तो पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर पड़ताल शुरू की। पुलिस ने चिराग के मोबाइल की लोकेशन निकाली। आखिरी लोकेशन लोकेशन ग्वालियर में दर्पण कॉलोनी की मिली। यहां परिजन और पुलिस को पता लगा कि अंश उर्फ यश जादौन (22) रहता है। यह पिछले कई दिनों से चिराग के संपर्क में था। दोनों की लोकेशन एक ही जगह मिली। पुलिस ने अंश उर्फ यश को निगरानी में लेकर पूछताछ की। पहले तो वह खुद को बेकसूर बताता रहा। पुलिस ने सख्ती की, तो चचेरे भाई के साथ चिराग की हत्या करना कबूल कर लिया।



अंश ने वॉट्सएप कॉल कर बुलाया था चिराग को



अंश जादौन ने पुलिस को बताया कि 8 जुलाई की दोपहर चिराग को वॉटसएप कॉल किया था। उससे कहा कि तेरी (चिराग) गर्लफ्रेंड धोखा दे रही है। वह मेरे साथ भी रिलेशन में है। सबूत दिखाने के लिए दर्पण कॉलोनी थाटीपुर रूम पर बुलाया। यहां चिराग पहुंचा, तो उसे कई सबूत भी दिए। इसके बाद चचेरे भाई के साथ गला दबाकर चिराग की हत्या कर दी।



कलेक्ट्रेट के पास झाड़ियों में चिराग के शव को जला दिया था



पूछताछ में अंश ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए 500 कंडों का इंतजाम किया। गाड़ी में डालकर रात को कलेक्ट्रेट के पास झाड़ियों में शव को लेकर पहुंचे। यहां लाश को कंडों पर रखकर जला दिया। इसके बाद अगले दिन घटना स्थल पर पहुंचे। वहां से अस्थियों और राख को इकट्‌ठा किया और पास ही स्थित नाले में बहा दिया। उन्हें लगा कि वह पकड़े नहीं जाएंगे।



दोनों एक ही लड़की से करते थे प्यार



चिराग की 22 साल की क्लासमेट लड़की से दोस्ती थी। दोनों ने एक दूसरे के साथ जीवन में आगे बढ़ने के सपने भी गढ़ लिए थे। युवती डबरा में बेकरी शॉप संचालिका है। इसी बीच, पांच महीने पहले कॉलेज की फेयरवेल पार्टी में ग्वालियर के दर्पण कॉलोनी निवासी अंश जादौन भी शामिल हुआ। अंश भी इसी कॉलेज में बीबीए का सेकंड ईयर का स्टूडेंट है। पहली मुलाकात में ही चिराग की गर्लफ्रेंड अंश की ओर खिंचने लगी। युवती अंश और चिराग दोनों से रिश्ता रख रही थी। किसी को भी स्पष्ट नहीं कर रही थी। यह बात चिराग को पसंद नहीं थी। वह युवती पर दबाव डाल रहा था। युवती ने यह बात अंश को बताई। इसके बाद दोनों ने चिराग को रास्ते से हटाने का तय कर लिया।



वारदात के बाद अंश ने दी थी युवती को पूरी जानकारी



चिराग की हत्या की पूरी कहानी के बारे में युवती को जानकारी थी। पता चला है कि वारदात के बाद अंश ने उसे कॉल कर बताया था कि काम हो गया है। इसके बाद युवती नौटंकी करते हुए बार-बार चिराग की मां को कॉल कर रही थी कि चिराग का फोन नहीं लग रहा है, उससे बात करनी है।


ग्वालियर में हत्या के आरोपी ने किया सुसाइड का प्रयास University police station case ग्वालियर समाचार Murder accused attempted suicide in Gwalior accused is mastermind of Chirag murder case मध्यप्रदेश न्यूज Gwalior News Madhya Pradesh News विश्वविद्यालय थाना का मामला आरोपी चिराग हत्याकांड का है मास्टरमाइंड