शिवराज सरकार ने सिर्फ 21 नौकरियां दीं, 220 महीनों की सरकार में 225 घोटाले हुए, भगवान को भी नहीं छोड़ा- जबलपुर में प्रियंका गांधी

author-image
Puneet Pandey
एडिट
New Update
शिवराज सरकार ने सिर्फ 21 नौकरियां दीं, 220 महीनों की सरकार में 225 घोटाले हुए, भगवान को भी नहीं छोड़ा- जबलपुर में प्रियंका गांधी

JABALPUR. कांग्रेस का चुनाव प्रचार शुरू करने जबलपुर पहुंचीं प्रियंका गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत मां नर्मदा के जयकारे से की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता का शोषण हो रहा है। धन बल से लोगों के मत को कुचला जा रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि इस सरकार ने मात्र 21 सरकारी नौकरियां दी हैं। इस सरकार ने 220 महीने प्रदेश में शासन किया और इस दौरान 225 घोटाले हुए हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि आपके साथ पिछले 18 साल से गलत हो रहा है। प्रदेश के लोगों का इस्तेमाल हो रहा है, शोषण हो रहा है। प्रदेश की बीजेपी सरकार द्वारा धन-बल से जनादेश को कुचला जाता है। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने भगवान को भी नहीं छोड़ा। एक पुजारी द्वारा भेजे गए वीडियो का जिक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि उन्हें वीडियो मिला था हवा से टूटी हुई मूर्तियां दिख रही थीं। 





हम जो कहते हैं करते हैं





प्रदेश में बीजेपी सरकार की योजनाओं को मात्र घोषणा करार देते हुए प्रियंका ने कहा कि हम जो कहते हैं वो करते हैं। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस शासित राज्यों का हवाला भी दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता जो वादा करते हैं वो पूरा नहीं करते, क्योंकि उसमें उनकी खुद की आस्था नहीं होती। 



मप्र के हालात पर बोलने के बाद प्रियंका ने कहा ‘ मैं आपसे वोट मांगने नहीं आई हूं, मैं आपसे जागरूकता मांगने आई हूं। आपके पास 6 महीने हैं, इन 6 महीनों में देखिए कांग्रेस की सरकारें अपने प्रदेश में क्या कर रही हैं।‘ उन्होंने कहा कि अपना वोट अपने लिए डालिए। 





प्रियंका ने भाषण की खास बातें 





प्रियंका ने अपने भाषण में कहा – ‘आज मैं कुछ गारंटी दे रही हूं। वे गारंटी जो हम 100 प्रतिशत पूरा करेंगे। यही वादा हमने कर्नाटक में किया और वहां की सरकार ने आते ही बिल पास कर दिया।‘



1. किसान कर्जमाफी का काम पूरा करेंगे।



2. हर महीने महिलाओं को 1500 रुपए दिए जाएंगे।



3. गैस सिलेंडर 500 रु. का मिलेगा।



4. 100 यूनिट बिजली फ्री। 200 यूनिट हाफ होगी।



5. मध्यप्रदेश में पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे। 





सिंधिया का भी परोक्ष रूप से जिक्र किया





मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बदलकर बीजेपी की सरकार बनने पर प्रियंका ने कहा ‘पिछली बार आपने हमारी सरकार बनाई थी, लेकिन जोड़-तोड़ और पैसे से भाजपा के लोगों ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी बना ली।’ उन्होंने सिंधिया का नाम लिए बिना कहा- अफसोस कि कुछ नेता हमारे भी ऐसे थे जो छोड़कर चले गए, उनको पैसा मिला था।





कमलनाथ बोलो- यह मत सोचियेगा कि मैं बूढ़ा हो गया हूं





सम्मेलन में पीसीसी चीफ और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, प्रियंका गांधी ने यहां आने से पहले नर्मदा पूजन की शर्त रखी थी। उन्होंने कहा कि संस्कारधानी जबलपुर आकर जवानी के दिनों की याद आती है। इतना बोलने के बाद उन्होंने कहा कि यह मत सोचिएगा कि मैं बूढ़ा हो गया हूं। जबलपुर और प्रदेश से अपने जुड़ाव पर उन्होंने कहा कि हमें संस्कार दिल और रिश्ते जोड़ने हैं। उन्होंने कहा - मैं हिंदू हूं, गर्व से कहता हूं, लेकिन बेवकूफ नहीं हूं। दिसंबर 2018 में आपने कांग्रेस की सरकार चुनी थी। सरकार गिराने पर उन्होंने कहा - मुख्यमंत्री था, सौदा कर सकता था, लेकिन मध्यप्रदेश की पहचान सौदे से नहीं बनाना चाहता था। मैंने कहा कि मुझे कुर्सी नहीं चाहिए, मैंने सौदा नहीं किया।



priyanka gandhi प्रियंका गांधी election campaign चुनाव प्रचार