लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने मोर्चों को दिए टास्क, अपने क्षेत्र से जुड़ी करानी होंगी गतिविधियां

author-image
Chakresh
New Update
लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने मोर्चों को दिए टास्क, अपने क्षेत्र से जुड़ी करानी होंगी गतिविधियां

मनीष गोधा @ JAIPUR

लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए बीजेपी ने अपनी तैयारी पूरे तौर पर शुरू कर दी है। पार्टी ने अपने अग्रिम संगठनों को सक्रिय कर दिया है और उनके संबधित क्षेत्र की गतिविधियां शुरू करने को कहा गया है। मंगलवार को पार्टी के सातों मोर्चों की दिनभर चली बैठक में सभी मोर्चा पदाधिकारियों को समाज और वर्गों को साधने का टास्क दिया गया। साथ ही कहा गया कि राजस्थान मिशन 25 को फतह करने के लिए 'बूथ जीता तो चुनाव जीता' की थीम पर सभी सातों मोर्चों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।

ये दी गई जिम्मेदारी

बैठक के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि युवा मोर्चा पदाधिकारियों की ओर से प्रत्येक विधानसभा में दो नव- मतदाता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश में 400 स्थानों पर एलईडी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 25 जनवरी को नव-मतदाता सम्मेलन के संबोधन को सुनाया जाएगा। इसके लिए युवा मोर्चा की और से प्रत्येक विधानसभा में नव मतदाताओं को निमंत्रण दिया जाएगा। वहीं प्रत्येक विधानसभा में युवती सम्मेलन और युवा चौपाल आयोजित होंगे।

हर वर्ग के युवाओं को साधने का कवायद भी

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि महिला मोर्चा की ओर से प्रदेशभर में स्वयं सहायता समूह और एनजीओ के माध्यम से केंद्र सरकार की महिला उत्थान को लेकर चलाई जा रही योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा, वहीं, एससी-एसटी मोर्चा की और से अनुसूचित जाति और जनजाति छात्रावास में विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया जाएगा। ओबीसी मोर्चा की ओर से पिछड़ा वर्ग की सभी जातियों के सम्मेलन कर भाजपा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा किसान मोर्चा की ओर से जैविक खेती योजना, ग्रामीण क्षेत्र में खेलकूद प्रतियोगिता जैसे आयोजन कराकर ग्रामीणों को भाजपा की नीतियों और पीएम मोदी की किसानों के हित में चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। बैठक के दूसरे सत्र में भाजपा प्रदेश महामंत्री मोतीलाल मीणा ने लोकसभा चुनाव के संबंध में सभी मोर्चा पदाधिकारियों से उनकी आगामी कार्ययोजना और रोडमैप को लेकर विस्तृत चर्चा की। प्रदेश सह-प्रभारी विजया राहटकर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत लगाए जा रहे शिविरों में पात्र व्यक्तियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना आवश्यक है।

शक्ति वंदन अभियान की कार्यशाला आज

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज शक्ति वंदन अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री और अभियान के प्रदेश प्रभारी मोतीलाल मीणा ने कहा कि शक्ति वंदन अभियान के माध्यम से महिलाओं के विकास के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इस अभियान के तहत गांव-गांव जाकर आत्मनिर्भर महिलाओं का सम्मान किया जाएगा। इस अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा के लिए कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला में प्रदेश की 19 सदस्यों वाली टोली, प्रदेश के अभियान प्रभारी, संयोजक, सह संयोजक और महिला मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगी।


लोक कल्याण यात्रा राजस्थान मिशन 25 बूथ प्रबंधन रणनीति Lok Kalyan Yatra Lok Sabha Election Preparation Rajasthan Mission 25 Booth Management Strategy BJP Lok Sabha Election लोकसभा चुनाव की तैयारी बीजेपी लोकसभा चुनाव