/sootr/media/post_banners/49dda40f2326417ce99bb150d940d9bcf9d388439430d10a157c72088cd47c4a.jpeg)
JAIPUR. राजस्थान बीजेपी की ओर से जयपुर में किए जा रहे सचिवालय के महाघेराव के लिए प्रदेशभर से पार्टी कार्यकर्ता मंगलवार, 1 अगस्त को जयपुर में जुटे हैं। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से पार्टी के कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे। इस मौके पर बीजेपी नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं और जनता का यह रैली राजस्थान में कांग्रेस सरकार के अंत का संकेत है। पार्टी मुख्यालय पर इस सभा के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सचिवालय की ओर कूच कर दिया। इस दौरान दो स्थानों से कार्यकर्ता बैरिकेटिंग तोड़कर सचिवालय के नजदीक तक पहुंचे गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से जमकर झड़प भी हुई।
रास्ता बदल कर बढ़ाई पुलिस की परेशानी, लाठीचार्ज
पार्टी ने वैसे तो सचिवालय पहुंचने के लिए एक ही रास्ता तय किया था और पुलिस ने भी सुरक्षा के लिए उसी तरह का इंतजाम किया था, लेकिन बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दूसरे रास्ते से सचिवालय के नजदीक पहुंच गए। यहां पुलिस का पर्याप्त इंतजाम नहीं था। ऐसे में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई और पुलिस को कंट्रोल करने के लिए लाठीचार्ज तक करना पड़ा। वॉटर कैनन चलाकर कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की गई।
'जनता जानना चाहती है लाल डायरी का सच'
सभा को संबोधित करते हुए पार्टी अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि भीड़ कांग्रेस में आती है, हमारे यहां देवतुल्य कार्यकर्ता और जनता आती है। इस कांग्रेस की हमेशा के लिए विदाई तय है। हम ना डरे हैं और न झुके हैं। यही नारा हमारा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता कांग्रेस से जवाब मांगती है। लाल डायरी का सच जानना चाहती है। इस सरकार ने लाल डायरी का नाम आते ही मंत्री को हटा दिया। इस सरकार ने तुष्टीकरण की सीमाएं लांघ दी हैं। उन्होंने अधिकारियों को भी चेतावनी दी कि अधिकारी कांग्रेस कार्यकर्ता की तरह काम ना करें। 2023 के चुनाव के बाद उन्हें अधिकारी की तरह ही काम करना होगा।
सरकार धोखा देकर शासन में आई- शेखावत
वहीं नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि जयपुर के सारे रास्ते बंद पड़े हैं और जनता सरकार को यह कहने आई कि सिंहासन खाली करो कि जनता आई है। कोटा में पीएफआई की रैली को इजाजत और रामनवमी के जुलूस पर रोक लगाती है यह सरकार। आज इस सरकार के ताबूत में आखिर कील ठोंकने के लिए आप आए हैं। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि सरकार धोखा देकर शासन में आई है। हम सबने मिल कर ठान लिया है कि इस सरकार को हम नहीं सहेंगे। जो सरकार पंक्चर हो गई हो, उसे हम नहीं सहेंगे। इस सरकार को जब तक नहीं हटाएंगे तब तक रूकेंगे नहीं। प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह ने कहा कि राजस्थान की जनता कराह रही है। राजस्थान में 17 बलात्कार प्रतिदिन होते हैं, 28 जुलाई को 21 घटनाएं हुई हैं। गहलोत जी और इनके मंत्रियों का विवेक शून्य हो गया है। 2023 में कांग्रेस की ऐतिहासिक हार होगी।
किरोड़ी ने गिनाए घोटाले
सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि सीएम के पैर में कील घुस गई और आलाकमान ने पायलट और गहलोत दोनों को बुलाया था। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता कैसे सहे कि शासन सचिवालय की अलमारी करोड़ों रूपए उगले और एक छोटे अधिकारी को बर्खास्त कर दिया जाए। आईटी के मामले में पांच हजार करोड़ का घोटाला किया है और इसके लिए गहलोत खुद जिम्मेदार हैं। जल जीवन मिशन में घोटाला हुआ। फाइलों को गायब करवा दिया। गहलोत का बेटा यहां से काले धन को मॉरीशस भेजता है और वो सफेद होकर आता है। पेपर लीक के आरोपी कौन से नेता हैं।
ये खबर भी पढ़िए..
IBPS PO में 3 हजार से ज्यादा पदों पर निकली भर्ती, जानिए क्या है भर्ती प्रकिया, कैसे करें अप्लाई
अबलाओं को न्याय दिलाने सरकार को हटना जरूरी- पूनिया
उपनेता सतीश पूनिया ने कहा कि आज का ये आगाज, राजस्थान में अंजाम तक जाएगा। आपका जज्बा यह तय करेगा कि यह राजस्थान में कांग्रेस का विदाई समारोह होगा। इस सरकार ने सिर्फ कुर्सी की चिंता की है। यह तुष्टिकरण की सरकार है। अबलाओं को न्याय दिलाने के लिए इस सरकार को हटना जरूरी है। पार्टी की ओर से सचिवालय का यह महा घेराव पार्टी के 2 सप्ताह से चल रहे नहीं सहेगा राजस्थान अभियान की समाप्ति पर आयोजित किया गया था। पार्टी का दावा है कि इस महा घेराव में पूरे प्रदेश से लाखों की संख्या में कार्यकर्ता और आम जनता शामिल हुए। हालांकि पार्टी नेताओं का कहना है कि पुलिस प्रशासन के लोग हाईवे पर बसों को रोक रहे हैं और कार्यकर्ताओं को इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए नहीं आने दिया।