बैकलॉग भर्ती पर सरकार का हंटर, अब बहाना नहीं चलेगा, ACR में दर्ज होगी लापरवाही

VINAY VERMA | Jul 07, 2026, 11:36 IST
बैकलॉग भर्ती 2026
छत्तीसगढ़ सरकार ने SC, ST और OBC के बैकलॉग पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान शुरू किया है। GAD ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भर्ती में देरी होने पर संबंधित विभाग प्रमुख जिम्मेदार होंगे और इसका उल्लेख उनकी ACR में किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। वहीं, फाइल दबाकर बैठने वाले अधिकारियों के लिए यह सीधी चेतावनी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने आरक्षित वर्ग के बैकलॉग पदों को भरने के लिए सख्त आदेश जारी किया है।



साफ कहा गया है कि भर्ती में देरी हुई तो जिम्मेदारी सीधे विभाग प्रमुख की होगी। अब यह नहीं चलेगा कि फाइल नीचे अटकी थी या प्रक्रिया लंबित थी।



बैकलॉग भर्ती पर स्पेशल मिशन

सरकार ने अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के खाली पड़े आरक्षित पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान शुरू किया है। वर्षों से खाली पड़े बैकलॉग पद अब प्राथमिकता पर भरे जाएंगे।



आदेश में साफ कहा गया है कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक एक-एक बैकलॉग पद पर नियुक्ति नहीं हो जाती। यानी अब भर्ती फाइलों में नहीं, मैदान में दिखाई देगी। इससे हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी का मौका मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।



भर्ती लटकाई तो ACR में लगेगा दाग

इस आदेश की सबसे बड़ी बात जवाबदेही है। सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को सीधे अफसरों के करियर से जोड़ दिया है। यदि किसी विभाग में भर्ती लटकती है या अनावश्यक देरी होती है तो संबंधित अधिकारी की गोपनीय चरित्रावली (ACR) में इसका उल्लेख किया जाएगा।



इसका असर प्रमोशन, पोस्टिंग और सेवा रिकॉर्ड पर पड़ सकता है। यानी अब भर्ती रोकना सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि करियर पर भारी पड़ने वाली गलती होगी।



वित्त विभाग पहले ही दे चुका मंजूरी

सरकारी भर्तियों में अक्सर बजट और वित्तीय मंजूरी सबसे बड़ा बहाना बनती रही है। लेकिन इस बार सरकार ने वह रास्ता भी बंद कर दिया है। वित्त विभाग पहले ही इस विशेष भर्ती अभियान को मंजूरी दे चुका है।



सरकार ने स्पष्ट किया है कि बैकलॉग पद भरने से अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं आएगा। इसलिए अब कोई विभाग पैसे या अनुमति की कमी का हवाला नहीं दे सकेगा। नियुक्ति देने वाले सभी सक्षम अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।



अफसरों के लिए अल्टीमेटम

सरकार के इस फैसले से लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे हजारों युवाओं में नई उम्मीद जगी है। वहीं मंत्रालय से लेकर जिला स्तर तक के विभागों में हलचल तेज हो गई है। सालों से लंबित बैकलॉग भर्ती अब सरकार की प्राथमिकता बन चुकी है।



माना जा रहा है कि इस फैसले से विभागों में खाली पद भरेंगे, कर्मचारियों की कमी दूर होगी और सरकारी कामकाज की रफ्तार भी बढ़ेगी। इस बार सरकार ने सिर्फ आदेश नहीं दिया, बल्कि साफ कर दिया है कि भर्ती टली तो जिम्मेदारी भी तय होगी।



ये खबरें भी पढ़ें...

एमपी प्रमोशन आरक्षण नियम 2025: क्रीमी लेयर के बाद अब उठा बैकलॉग पदों का मुद्दा



बैकलॉग में 14 साल से उलझे उच्च माध्यमिक शिक्षकों के 4500 पद, भर्तियां निकली, लेकिन खाली रह गए पद



Promotion in Reservation | MP Highcourt में अब बैकलॉग के पदों पर बहस, क्या हुआ सुनवाई में ?



MP कैबिनेट के फैसले: 4 स्टेट हाईवे पर फिर से लगेगा टोल टैक्स, बैकलॉग भर्ती की डेडलाइन बढ़ी



Tags:
  • सामान्य प्रशासन विभाग
  • OBC
  • सरकारी नौकरी
  • बैकलॉग पद
  • SC
  • ST
  • बैकलॉग भर्ती