बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या, नाली के स्लैब को बनाया हथियार

Harrison Masih | Jun 23, 2026, 17:55 IST
बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी की हत्या 2026
हाई-सिक्योरिटी बिलासपुर सेंट्रल जेल में एक कैदी ने दूसरे कैदी पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी पिछले 17 सालों से उम्रकैद की सजा काट रहा है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • बिलासपुर सेंट्रल जेल में एक कैदी ने नाली के स्लैब से दूसरे की हत्या कर दी।
  • मृतक नीलू जगत साल 2024 से नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में बंद था।
  • तिहरे हत्याकांड का आरोपी पिछले सत्रह सालों से उम्रकैद की सजा काट रहा है।
  • रिहाई की अर्जी खारिज होने के बाद से आरोपी कैदी गहरे मानसिक तनाव में था।
  • जेल के मानसिक रोगी बैरक में हुई इस खौफनाक वारदात से सुरक्षा पर सवाल उठे।

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। जेल में बंद एक कैदी की दूसरे कैदी ने नाली के स्लैब से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल कैदी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया है।



दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद था मृतक

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नीलू जगत (27 वर्ष) निवासी दबनपुर, थाना कोटा के रूप में हुई है। नीलू नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद वर्ष 2024 से सेंट्रल जेल में बंद था।



उम्रकैद की सजा काट रहा आरोपी

हत्या का आरोपी राजेश राय (40 वर्ष) मुंगेली जिले के चमारी गांव का रहने वाला है। वह तिहरे हत्याकांड के मामले में करीब 17 वर्षों से उम्रकैद की सजा काट रहा है। बताया जा रहा है कि उसने सजा में राहत और रिहाई के लिए माफी की अर्जी लगाई थी, लेकिन उसकी अर्जी खारिज कर दी गई थी।



इसी मामले में उसके भाई सुरेश राय को वर्ष 2025 में माफी देकर रिहा कर दिया गया था। भाई की रिहाई और खुद की अर्जी खारिज होने के बाद से राजेश मानसिक तनाव (डिप्रेशन) से गुजर रहा था और सायको किलर की तरह बर्ताव कर रहा था।



सुबह 9:25 बजे किया हमला

मंगलवार सुबह करीब 9:25 बजे जेल के भीतर आरोपी राजेश राय ने अचानक नीलू जगत पर हमला कर दिया। उसने नाली के स्लैब से नीलू के सिर पर लगातार 4 से 5 बार वार किए। हमले में नीलू गंभीर रूप से घायल हो गया।



आस-पास मौजूद अन्य बंदियों ने किसी तरह आरोपी को रोका और घायल कैदी को बचाने की कोशिश की। इसके बाद जेल स्टाफ और पुलिसकर्मियों ने नीलू को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे उसकी मौत हो गई।



मानसिक रोगियों की बैरक में हुई घटना

यह पूरी घटना जेल के ई-1 वार्ड में हुई, जिसे मानसिक रूप से बीमार या मानसिक समस्याओं से जूझ रहे बंदियों के लिए आरक्षित किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी राजेश राय भी मानसिक बीमारी से ग्रसित बताया जा रहा है। दोनों कैदी इसी बैरक में रखे गए थे।



जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सेंट्रल जेल जैसी हाई सिक्योरिटी जेल के भीतर हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल परिसर में एक कैदी द्वारा दूसरे कैदी पर इतना घातक हमला कर देना प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी प्रश्नचिह्न लगा रहा है।



घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।



जेल अधीक्षक ने क्या कहा

बिलासपुर जेल अधीक्षक खोमेंद्र मंडावी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



जांच के बाद सामने आएगी असली वजह

फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन हत्या के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। शुरुआती तौर पर मानसिक तनाव को वारदात की वजह माना जा रहा है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।





ये खबरें भी पढ़ें...

रायपुर सेंट्रल जेल में हत्या के दोषी बन रहे ज्योतिषी और पुरोहित



कैदी की मौत पर हाई कोर्ट ने उठाए सवाल, कहा-जेल में भ्रष्टाचार की शिकायतों पर नहीं मूंद सकते आंखें



छत्तीसगढ़ में जेल में कैदी की मौत होगी तो मिलेंगे साढ़े 7 लाख रुपए, जेल विभाग ने तैयारी की नीति, जेल अधीक्षक देंगे रिपोर्ट



जबलपुर जेल में कैदी की मौत, परिजन ने लगाए मारपीट के आरोप



Tags:
  • बिलासपुर
  • सेंट्रल जेल
  • कैदी की मौत
  • बिलासपुर सेंट्रल जेल
  • जेल में हत्या