जुबानी जंग: बीजेपी बोली कांग्रेस नेताओं के घर अपराधियों का आना जाना, भूपेश ने कहा संघ में सट्टे की ट्रेनिंग

Arun Tiwari | May 21, 2026, 17:57 IST
bjp-congress-allegations-criminals-relations
रायपुर और छत्तीसगढ़ में बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बीजेपी ने प्रदेश में बढ़ते अपराध के पीछे कांग्रेस नेताओं को जिम्मेदार ठहराया, जबकि कांग्रेस ने बीजेपी नेताओं और संघ से जुड़े सट्टा और नशे के आरोप लगाए।

Raipur. राहुल गांधी के पीएम मोदी पर दिए गए बयान का असर अब छत्तीसगढ़ तक पहुंच गया है। बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के बीच जुबानी जंग शुरु हो गई है। इस जंग में मर्यादा की सीमा रेखा भी टूट रही है। बीजेपी ने प्रदेश में बढ़ते अपराध के पीछे कांग्रेस नेताओं का हाथ बताया है। बीजेपी का यहां तक कहना है कि कांग्रेस नेताओं के घर जो लोग काम करते हैं वे भी जालसाज हैं। कांग्रेस नेता उनको अपराधी बना रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने बीजेपी नेताओं को नशे का सौदागर और संघ के लोगों को सटोरिया बताया है।



बीजेपी ने खोली कांग्रेस की क्राइम कुंडली :

बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध के पीछे कई कांग्रेसी नेता और उनके कार्यकर्ताओं का हाथ होता है। छत्तीसगढ़ में लोग शांतिपूर्वक जीवन व्यतीत करें यह कांग्रेसी नेता नहीं चाहते। कांग्रेस पार्टी के कई नेता अब अपने घर में काम करने वाले लोगों को भी अपराधी बनाने का काम कर रहे है और उन्हें प्रदेश में अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के लिए तैयार कर रहे हैं। बीजेपी ने कांग्रेस नेताओं के अपराध से जुड़े होने के आंकड़े जारी किए हैं।



बीजेपी के आरोप :

.विधायक धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूटने वाले आरोपी का एक सीनियर कांग्रेस लीडर के घर आना-जाना था। अपराधी के पिता भी कांग्रेस नेता के घर काम करते हैं।



. कोयला और शराब घोटाले में प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल का नाम आया। ED ने इनके परिसरों पर छापेमारी की । कांग्रेस पार्टी ने अवैध कोयला लेवी से वसूला गया पैसा पार्टी फंड और चुनावी खर्चों में इस्तेमाल किया।



. भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के पूर्व अध्यक्ष सतीश अग्रवाल और कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई।



. कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को जांजगीर-चांपा जिले में एक किसान से लगभग ₹43 लाख की धोखाधड़ी और जालसाजी करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया।



.भिलाई से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को बलौदाबाजार में सतनामी समाज के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और कलेक्ट्रेट भवन में आगजनी के मामले में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।



.पूर्व विधायक अरुण तिवारी और बृजमोहन सिंह को जून 2025 में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोपों के तहत स्थानीय पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था।



. लूट के एक मामले में ओम प्रकाश साहू का नाम आने के बाद इन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया था।



कांग्रेस का पलटवार :

कांग्रेस ने बीजेपी नेताओं के आरोपों पर पलटवार किया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कहना है कि बीजेपी नेताओं ने छत्तीसगढ़ में नशे की फैक्टरी खोल के रखी है। भाजपा किसान मोर्चा के नेता विनायक ताम्रकार दुर्ग ज़िले के ग्राम समोदा में 10 एकड़ खेत में अफ़ीम की खेती कर रहे हैं। विनायक ताम्रकार बहुत रसूख़दार आदमी बताया जा रहा है। उसका उठना बैठना बड़े अधिकारियों, मंत्रियों के साथ है। मुख्यमंत्री निवास में भी आने जाने की सूचना है। सवाल यह है कि यह प्रोजेक्ट भाजपा किसान मोर्चा का है या मंत्रियों का है।



भूपेश बघेल ने कुछ तस्वीर साझा करते हुए कहा कि तस्वीरों में दिख रहा RSS का सट्टा स्वयंसेवक करन चौधरी है। प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी का बेहद खास ये सट्टा स्वयंसेवक उनके साथ खाते-खिलाते हुए और छत्तीसगढ़ संवारते हुए नजर आ रहा है। इसकी पहुंच सीधे मुख्यमंत्री तक भी है। रायगढ़ में पकड़े गए सबसे बड़े ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के सिंडिकेट का यह सरगना है।



ब्लैक मनी को हवाला के ज़रिए सफ़ेद व्हाइट करता है। मौक़े से पुलिस को एक करोड़ से अधिक नकदी, नोट गिनने की मशीन, 4 मोबाइल और वित्तीय लेनदेन के अहम साक्ष्य बरामद होने की सूचना है। सवाल यह है कि सट्टा, हवाला, ब्लैक मनी के इस खेल में खिलाड़ी तो पकड़ा गया है। लेकिन कप्तान का वित्त अब कौन सँभालेगा। इस तरीके के न जाने कितने सट्टा स्वयंसेवक शाखाओं में तैयार किए जा रहे हैं। संघ के लोग सटोरिए हो गए हैँ जो आईपीएल में भी सट्टा लगा रहे हैं।



बघेल ने कहा कि ये अपराध का सुशासन है। मुख्यमंत्री जी सुशासन तिहार में लगातार दौरा कर रहे हैं। वो जिस दिन कबीरधाम गए उसी दिन वहां एक महिला की हत्या हो गई, राजनांदगांव गए तो पद्म श्री फूलबासन बाई का अपहरण हो गया, आज ही रायपुर में दो हत्या हो गई।



ये खबरें भी पढ़ें...

एक तरफ अमित शाह डायल 100 को दिखा रहे हरी झंडी, दूसरी तरफ हो गई धरमलाल कौशिक से लूट



छत्तीसगढ़ के गौठानों में 1300 करोड़ रुपए का घोटाला! बीजेपी के आरोप पर कांग्रेस ने किया पलटवार



भूपेश बघेल और परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सेना के जवान की याचिका खारिज की



छत्तीसगढ़ की राजनीति में गूंजा धान खरीदी की मुद्दा, BJP और कांग्रेस ने एक दूसरे पर लगाए झूठ बोलने के आरोप



Tags:
  • कांग्रेस पार्टी
  • विधायक देवेंद्र यादव
  • RSS
  • भूपेश बघेल
  • बीजेपी के आरोप
  • धरमलाल कौशिक
  • छत्तीसगढ़ की राजनीति
  • सट्टा