छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़ा बदलाव, निर्मल कोसरे को SC विभाग की कमान

Arun Tiwari | Sept 09, 2026, 15:11 IST
कांग्रेस-निर्मल-कोसरे-एससी-विभाग
कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में निर्मल कोसरे को एससी विभाग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। सतनामी समाज से आने वाले कोसरे की इस नियुक्ति का उद्देश्य राज्य के प्रमुख एससी वोट बैंक को साधना है।

RAIPUR : छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठन स्तर पर एक और महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने निर्मल कोसरे को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अनुसूचित जाति (SC) विभाग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।



वहीं झारखंड में प्रशांत किशोर को इसी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नियुक्तियों को कांग्रेस अध्यक्ष ने मंजूरी दी है और इसके बाद AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से आदेश जारी किया गया। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।



अहम है कोसरे की नियुक्ति:

निर्मल कोसरे की नियुक्ति को छत्तीसगढ़ कांग्रेस में महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। कोसरे सतनामी समाज से आते हैं, जो राज्य के प्रमुख अनुसूचित जाति समुदायों में शामिल है।



ऐसे में SC विभाग की कमान उन्हें सौंपे जाने से पार्टी के इस वर्ग के बीच संगठन को मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस के सामने राज्य में अपने पारंपरिक सामाजिक आधार को फिर से मजबूत करने की चुनौती है।



अहिवारा से लड़ चुके हैं विधानसभा चुनाव:

निर्मल कोसरे लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय रहे हैं। वे दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया था। हालांकि इस चुनाव में उन्हें जीत नहीं मिल सकी।



कोसरे की राजनीतिक पहचान सिर्फ चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रही है। वे भिलाई-चरोदा क्षेत्र में भी कांग्रेस संगठन के लिए सक्रिय रहे हैं। स्थानीय निकाय स्तर पर कांग्रेस को मिली राजनीतिक सफलता में उनकी भूमिका का उल्लेख किया जाता रहा है। यही संगठनात्मक अनुभव अब पार्टी ने SC विभाग की जिम्मेदारी देते समय भी महत्वपूर्ण माना है।



छत्तीसगढ़ कांग्रेस


SC वोट बैंक पर कांग्रेस की नजर:

छत्तीसगढ़ की राजनीति में अनुसूचित जाति वर्ग की भूमिका काफी अहम है। ऐसे में SC विभाग का प्रदेश अध्यक्ष सिर्फ संगठनात्मक पद नहीं, बल्कि पार्टी के सामाजिक और राजनीतिक विस्तार की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जाता है।निर्मल कोसरे के सामने अब प्रदेशभर में SC



विभाग के संगठन को सक्रिय करने, जिला और ब्लॉक स्तर पर पदाधिकारियों को मजबूत करने तथा समाज के बीच कांग्रेस की पहुंच बढ़ाने की चुनौती होगी। पार्टी के लिए यह नियुक्ति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि आने वाले समय में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।



झारखंड में प्रशांत किशोर को जिम्मेदारी:

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के साथ झारखंड में भी SC विभाग के प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की है। यहां प्रशांत किशोर को जिम्मेदारी दी गई है। प्रशांत किशोर झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर के बेटे हैं। नई जिम्मेदारी के तहत वे राज्य में अनुसूचित जाति विभाग के संगठनात्मक कामकाज और पार्टी से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएंगे।



संगठन में बदलाव का दौर जारी:

छत्तीसगढ़ में निर्मल कोसरे की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब कांग्रेस संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने की कवायद में जुटी है। पार्टी लगातार अलग-अलग विभागों और संगठनात्मक इकाइयों में जिम्मेदारियां तय कर रही है। ऐसे में कोसरे की नियुक्ति के बाद आने वाले दिनों में प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में और बदलाव की संभावनाओं को लेकर भी चर्चा तेज हो सकती है। फिलहाल पार्टी नेतृत्व ने निर्मल कोसरे को SC विभाग की जिम्मेदारी देकर स्पष्ट संकेत दिया है कि अनुसूचित जाति वर्ग के बीच संगठन को मजबूत करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।



यह खबरें भी पढ़ें...

92% Gen-Z के पास नहीं डिग्री के मुताबिक नौकरी, एमपी-छत्तीसगढ़ के ग्रेजुएट बेरोजगार



छत्तीसगढ़ में H1N1 के 298 केस, एक दिन में 46 नए मरीज, रायपुर हॉट स्पॉट



शरिया कोर्ट को तलाक देने का अधिकार नहीं, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पलटा फैसला



छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े ब्लड बैंक में बजट का संकट, 18 हजार यूनिट की मांग पर किल्लत



Tags:
  • छत्तीसगढ़
  • छत्तीसगढ़ कांग्रेस
  • अनुसूचित जाति
  • विधानसभा
  • राजनीतिक