दुर्ग हत्याकांड; आरक्षक की प्रेमिका ने घर में घुसकर पत्नी और बेटे को उतारा मौत के घाट, 32 बार मारा चाकू
Durg. शनिवार की सुबह, सुपेला की STF कॉलोनी चीख-पुकार से दहल उठी। बीजापुर में पदस्थ STF आरक्षक ललितेश यादव की कथित प्रेमिका सरोजनी भारद्वाज (25) ने आरक्षक के परिवार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक की पत्नी रीना यादव और 9 साल के बेटे आदित्य की मौत हो गई है।
पूरी-सब्जी खाई, फिर चलाया चाकू
घटना शनिवार सुबह करीब 6 से 8 बजे के बीच की है। ललितेश यादव अपनी शादी की सालगिरह के अगले दिन परिवार को यूपी भेजने के लिए रेलवे स्टेशन रिजर्वेशन कराने गया था। आरोपी युवती सरोजनी सामान लेकर घर पहुंची। रीना यादव ने उसे मेहमान समझकर रात की बनी पूरी-सब्जी खाने को दी।
जैसे ही रीना किचन में गई, सरोजनी ने सो रहे 9 साल के आदित्य पर चाकू से 14 वार कर दिए। बेटे को बचाने आई रीना पर आरोपी ने 18 बार चाकू से हमला किया। रीना ने मरते-मरते अपनी बेटियों को भागने का इशारा किया और आरोपी का पैर पकड़ लिया ताकि बच्चे बच सकें।
बाथरूम में छिपकर बची एक बेटी
इस खौफनाक मंजर के बीच आरक्षक की दो बेटियां तानिया (11) और नैना (12) घर में ही थीं। नैना ने तुरंत बाथरूम में घुसकर खुद को लॉक कर लिया। तानिया घर से बाहर भागने में सफल रही और चिल्लाकर पड़ोसियों को इकट्ठा किया। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी युवती को रंगे हाथों पकड़ा और उसके हाथ से खून से सना चाकू छीना।
विवाद की जड़
आरक्षक ललितेश यादव ने स्वीकार किया है कि उसका सरोजनी से अटैचमेंट था। दोनों की मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी। सरोजनी, ललितेश पर शादी करने और साथ रहने का दबाव बना रही थी। चर्चा है कि ललितेश ने ही उसे दुर्ग में किराए का मकान दिलाकर रखा था। शुक्रवार को भी सरोजनी घर आई थी, लेकिन तब ललितेश ने उसे समझाकर भेज दिया था। शनिवार को जब ललितेश घर पर नहीं था, तब उसने इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति
सूचना मिलते ही (Durg Murder Case) भिलाई सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी और सुपेला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आरोपी सरोजनी भारद्वाज को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। मां-बेटे के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल बेटियों का इलाज जारी है और वे गहरे सदमे में हैं।
ये खबरें भी पढ़ें...
कांग्रेस नेता के बेटे की हत्या, माता-पिता को कमरे में बंद कर बेटों पर बरसाईं गोलियां
durg crime news: अफेयर के शक में पत्नी और 3 बेटियों को मार डाला...4 बार उम्र कैद की सजा