24 घंटे खुलेगी राशन की ये सरकारी दुकान, कम तौल और लंबी लाइन से मिलेगी राहत
Raipur. हितग्राहियों को राशन बांटने के लिए सरकार नया फार्मूला लागू करने जा रही है। जिसके तहत प्रदेश में अब एटीएम के जरिए राशन मिलेगा। विभाग की तरफ से इसे ग्रेन एटीएम (Grain ATM) नाम दिया गया है। फिलहाल इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में रायपुर से शुरू किया जा रहा है। सफलता के बाद अन्य जिलों में भी योजना लागू की जा सकती है। हालांकि पहले की तरह ही दुकानों से राशन मिलता रहेगा।
पायलट प्रोजेक्ट रायपुर से..
पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत रायपुर से होगी। शास्त्री मार्केट क्षेत्र में इस मशीन को लगाने की तैयारी की जा रही है। इससे लोगों को उचित मूल्य दुकानों में लंबी कतारों में खड़े रहने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
कैसे काम करेगा ग्रेन एटीएम?
राशनकार्डधारी को मशीन में राशन कार्ड नंबर दर्ज करना होगा या बायोमेट्रिक सत्यापन कराना होगा। उसके बाद मशीन में अनाज का प्रकार और मात्रा चयन करनी होगी। 30 सेकंड के भीतर मशीन से गेहूं या चावल प्राप्त हो जाएगा। पूरी प्रक्रिया बैंक एटीएम की तरह ऑटोमैटिक होगी।
चावल की हेराफेरी पर लगेगी लगाम
खाद्य विभाग का मानना है कि इस तकनीक से राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी और तौल में गड़बड़ी या हेराफेरी की संभावना लगभग समाप्त हो जाएगी। साथ ही लाभार्थियों को किसी दुकान के समय पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। प्रदेश में पहले भी राशन वितरण में गड़बड़ी और तौल में कमी की शिकायतें सामने आती रही हैं। ग्रेन एटीएम लागू होने पर इन समस्याओं पर काफी हद तक रोक लग सकती है।
मजदूर और शहरी वर्ग को सुविधा
रायपुर जैसे शहरों में बड़ी संख्या में मजदूर और दैनिक वेतनभोगी रहते हैं, जिन्हें दिनभर काम के कारण राशन लेने में परेशानी होती है। 24 घंटे चालू रहने वाली ग्रेन एटीएम सुविधा से वे अपनी सुविधा के समय पर राशन प्राप्त कर सकेंगे।
ये खबरें भी पढ़ें...
3 लाख राशनकार्डधारियों का नहीं है पता, विभाग ने कहा- 'सत्यापन नहीं कराया तो रद्द होगा राशन कार्ड'
दिल्ली की भाजपा सरकार ने उठाया बड़ा कदम, पुराने राशनकार्ड होंगे निरस्त