15 अगस्त की तैयारी शुरू! 9 बजे फहराएगा तिरंगा, सीएम से सरपंच तक को मिला जिम्मा

VINAY VERMA | Jul 17, 2026, 14:16 IST
स्वतंत्रता दिवस की तैयारी 2026
छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। 15 अगस्त को प्रदेशभर में सुबह 9 बजे एक साथ ध्वजारोहण होगा। मुख्यमंत्री रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में तिरंगा फहराएंगे।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने 15 अगस्त 2026 के आयोजन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस बार पूरे प्रदेश में ध्वजारोहण का समय एक जैसा रखा गया है।



राजधानी से लेकर गांव तक हर स्तर पर कार्यक्रम तय समय पर होंगे। सरकार ने साफ किया है कि आयोजन गरिमामय, अनुशासित और राष्ट्रभक्ति के माहौल में संपन्न कराया जाए।



सुबह 9 बजे होगा मुख्य ध्वजारोहण

सरकार के निर्देश के मुताबिक राज्य और जिला स्तर के मुख्य समारोह सुबह 9 बजे शुरू होंगे। रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री तिरंगा फहराएंगे, परेड की सलामी लेंगे और जनता के नाम संदेश पढ़ेंगे।



वहीं, रायपुर और जिला मुख्यालयों के सभी शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण सुबह 9 बजे से पहले पूरा कर लिया जाएगा, ताकि अधिकारी और कर्मचारी मुख्य समारोह में शामिल हो सकें।



मंत्री, सरपंच और अध्यक्ष संभालेंगे मोर्चा

जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा नामित मंत्री या अन्य अतिथि ध्वजारोहण करेंगे। जनपद पंचायत मुख्यालयों में जनपद अध्यक्ष और नगर पालिका-नगर पंचायतों में अध्यक्ष तिरंगा फहराएंगे। पंचायत मुख्यालयों में सरपंच और बड़े गांवों में गांव के मुखिया ध्वजारोहण कर लोगों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देंगे।





स्कूलों में दिखेगा देशभक्ति का रंग

सरकार ने सभी शिक्षण संस्थानों को भी विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। ध्वजारोहण के साथ प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, साहित्यिक प्रतियोगिताएं, खेलकूद और वृक्षारोपण कराया जाएगा।



प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे। खास बात यह है कि इस बार ध्वजारोहण के बाद पहले 'वंदे मातरम्' और उसके बाद 'जन-गण-मन' का सामूहिक गायन अनिवार्य किया गया है।



शहीद परिवार होंगे समारोह के विशेष अतिथि

जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को सम्मानपूर्वक जिला स्तरीय समारोह में आमंत्रित किया जाए।



सरकार चाहती है कि स्वतंत्रता दिवस केवल औपचारिक आयोजन न रहे, बल्कि देश के लिए बलिदान देने वालों को सम्मान देने का अवसर भी बने।



रात में रोशनी, अखबारों में शहीदों का संदेश

15 अगस्त की रात प्रदेश के सभी प्रमुख शासकीय भवनों और राष्ट्रीय स्मारकों को रोशनी से सजाया जाएगा। इसका खर्च संबंधित विभाग अपने बजट से वहन करेंगे।



वहीं, स्वतंत्रता दिवस (Indipendence Day) पर प्रकाशित होने वाले सरकारी विज्ञापनों में स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों और विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के शहीदों के संदेशों को प्रमुखता देने के निर्देश दिए गए हैं।



लाउडस्पीकर पर भी रहेगी नजर

सरकार ने समारोह के दौरान लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए जिला कलेक्टर की अनुमति अनिवार्य की है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि कार्यक्रमों में केवल राष्ट्रभक्ति और गरिमा के अनुरूप गीत ही बजाए जाएं।



सरकार का उद्देश्य है कि पूरे प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस का आयोजन अनुशासन, सम्मान और देशभक्ति के माहौल में एक समान तरीके से संपन्न हो।



ये खबरें भी पढ़ें...

स्वतंत्रता दिवस पर नहीं मिले 2 लड्डू | अब सचिव खरीदकर देंगे पूरा डब्बा | MP News



79वें स्वतंत्रता दिवस पर मध्यप्रदेश में हुए खास ध्वजारोहण कार्यक्रम, एकता व प्रगति का संकल्प



JANJGIR CHAMPA: स्वतंत्रता दिवस की तैयारी तेज, जिले के लाल किले पर झंडा फहराने की तैयारियां पूरी



स्वतंत्रता दिवस समारोह में मंत्री के पैरों में गिरी वीरांगना, आईपीएस अफसर पर लगाया गंभीर आरोप



Tags:
  • सामान्य प्रशासन विभाग
  • छत्तीसगढ़
  • स्वतंत्रता दिवस
  • स्वतंत्रता दिवस की तैयारी
  • 15 अगस्त
  • Indipendence Day