500 लोगों से 70 करोड़ की ठगी, महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज ने ऐसे लगाया चूना...
समझें क्या है पूरा मामला
- कांकेर में करीब 70 करोड़ रूपए की निवेश ठगी।
- करीब 500 लोगों से निवेश के नाम पर पैसे लिए गए।
- 5% ब्याज और डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का लालच दिया गया।
- पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
- मामले की जांच में साइबर सेल की मदद ली गई।
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में निवेश के नाम पर करीब 500 लोगों से लगभग 70 करोड़ रूपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज में पैसा लगाने पर 5 प्रतिशत ब्याज (कमीशन) देने और करीब डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से निवेश कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, कांकेर के अलावा दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर समेत अन्य इलाकों के लोगों ने कंपनी में पैसा लगाया था। ठगी के शिकार लोगों में सरकारी कर्मचारी और अन्य लोग भी शामिल हैं। आरोपियों ने कुछ लोगों को बैंक से लोन लेने के लिए भी प्रेरित किया और लोन की पूरी रकम कंपनी में निवेश कराई।
कुछ किश्तें देकर जीता भरोसा
शुरुआत में कंपनी की ओर से निवेशकों को कुछ किश्तों का भुगतान किया गया। इससे लोगों का कंपनी पर भरोसा बढ़ गया। बाद में आरोपियों ने भुगतान बंद कर दिया और निवेशकों की जमा रकम लेकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई। अंतागढ़ पुलिस और कांकेर साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
दो आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने दयाशंकर साहू को बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र के ग्राम ढेलका से और नितिन निर्मलकर को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में अंतागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 58/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका और ठगी से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
कांकेर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कम समय में पैसा दोगुना करने, ज्यादा ब्याज देने या अधिक मुनाफे का लालच देने वाली निवेश योजनाओं से सावधान रहें। किसी कंपनी या व्यक्ति के पास पैसा लगाने से पहले उसकी विश्वसनीयता और कानूनी स्थिति की जांच जरूर करें।
आर्थिक धोखाधड़ी या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर कांकेर पुलिस की हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर सूचना दी जा सकती है। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
ये खबरें भी पढ़ें...
₹1000 करोड़ की ठगी, 1500 लोग शिकार! कोर्ट परिसर से दबोचा गया भिलाई का CA
टीचर का पूरा परिवार निकला फ्रॉड, निवेश के नाम पर करोड़ों कर दिए पार
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख की धोखाधड़ी, कैशियर गिरफ्तार