कोंडागांव मर्डर केस; 48 घंटे बाद मिट्टी में दफन मिला कारोबारी का शव, सीसीटीवी में कैद हुआ कातिल, वजह जानकर दहल जाएगा दिल!
NEWS IN SHORT
- कोंडागांव में टेंट व्यवसायी की हत्या सोने की अंगूठी और नकदी के लालच में की गई
- आरोपी ने कबूल किया लोहे के खलबट्टे से कारोबारी को मारा
- पुलिस ने खोला हत्या का राज 48 घंटे बाद शव मिला
- सीसीटीवी और खून से सनी स्कूटी से आरोली तक पहुंची पुलिस
- आरोपी के घर से बरामद हुई नकदी और सोने की अंगूठियां
NEWS IN DETAIL
Kondagaon। कोंडागांव मर्डर केस :छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में बीते कुछ दिनों से लापता टेंट व्यवसायी सुरेश चौहान की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। यह पूरी वारदात किसी पुरानी दुश्मनी का नतीजा नहीं, बल्कि चंद रुपयों और जेवरों के
लालच में अंजाम दी गई थी। एक कर्जदार राजमिस्त्री ने अपने ही परिचित कारोबारी को मौत के घाट उतार दिया और सबूत मिटाने के लिए लाश को जमीन में गाड़ दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
48 घंटे से लापता थे कारोबारी
शहर के जाने-माने शिरोमणि डेकोरेटर टेंट के संचालक 53 वर्षीय सुरेश चौहान अचानक 12 अप्रैल से लापता हो गए थे। जब काफी देर तक उनका कोई पता नहीं चला, तो उनके भाई ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस और परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे,लेकिन हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे एक वीरान इलाके में मिट्टी में दबी हुई उनकी अर्धनग्न लाश मिलने से हड़कंप मच गया।
खून से सनी स्कूटी ने खोला राज
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में CCTV फुटेज और मृतक की स्कूटी ने सबसे अहम भूमिका निभाई। पुलिस को जांच के दौरान विकास नगर स्टेडियम के पास सुरेश चौहान की एक्टिवा स्कूटी लावारिस हालत में मिली
जिस पर खून के धब्बे लगे थे। जब पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो उसमें एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी छोड़कर पैदल भागता हुआ नजर आया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस को शक हुआ।
आखिरी कॉल और राजमिस्त्री का कबूलनामा
साइबर सेल की मदद से जब मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली गई, तो पता चला कि उनकी आखिरी बातचीत मरारपारा में रहने वाले सुरेश देवांगन नाम के राजमिस्त्री से हुई थी।
पुलिस ने जब सुरेश देवांगन को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर तक झूठ नहीं बोल सका। उसने कबूल किया कि उसी ने सुरेश चौहान को एक निर्माणाधीन मकान में बहाने से बुलाया था।
वहां उसने लोहे के भारी खलबट्टे से सुरेश के सिर पर वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
लालच और कर्ज ने बनाया अपराधी
पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी सुरेश देवांगन भारी कर्ज में डूबा हुआ था। उसे पता था कि टेंट व्यवसायी सुरेश चौहान अपने साथ नकदी और सोने के जेवर रखते हैं।
इसी आर्थिक तंगी को दूर करने के चक्कर में उसने अपने ही दोस्त जैसे परिचित की जान ले ली। हत्या करने के बाद उसने मृतक के पास मौजूद करीब 4 लाख रुपये की सोने की अंगूठियां और कैश लेकर भाग गया।
सबूत मिटाने की कोशिश रही नाकाम
आरोपी ने बेहद शातिराना तरीके से शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई थी। हत्या के बाद उसने लाश को मिट्टी में गाड़ दिया और मृतक की स्कूटी को दूर ले जाकर छोड़ दिया ताकि पुलिस को पता न चल सके।
हालांकि, पुलिस ने आरोपी के घर से लूटी गई सोने की अंगूठियां, नकदी और हत्या में इस्तेमाल किया गया मूसल बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
यह खबरें भी पढ़े...
Murder Case :रायपुर मर्डर केस ; 4 थाने, 40 किलोमीटर और 'जीरो' चेकिंग, युवक को जिंदा दफनाया
मुरैना मर्डर केस: जिससे शादी करने के लिए परिवार से लड़ा उसी ने प्रेमी संग मिलकर उतारा मौत के घाट
मर्डर केस में फंसाने की धमकी देकर किसान से रिश्वत ले रहा था SI, ACB ने रंगे हाथ दबोचा!
कोरबा ट्रिपल मर्डर केस: पैसों के लालच में तीन की हत्या, कोरबा में तांत्रिक ने रची खौ़फनाक साजिश