महतारी वंदन की 70 लाख महिलाओं की निजी जानकारी पर खतरा, कांग्रेस का गंभीर आरोप

Arun Tiwari | Jul 20, 2026, 16:45 IST
महतारी वंदन योजना के डाटा पर मंडराया खतरा
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि महतारी वंदन योजना से जुड़ी 70 लाख महिलाओं का निजी डेटा खतरे में है। पार्टी ने पोर्टल की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए डेटा लीक की उच्चस्तरीय जांच और सुरक्षा ऑडिट सार्वजनिक करने की मांग की है।

समझें क्या है पूरा मामला

Raipur : छत्तीसगढ़ में 70 महिलाओं की निजी जानकारी खतरे में है। कांग्रेस ने महतारी वंदन योजना में शामिल महिलाओं का डेटा चोरी होने की आशंका जताई है। महतारी वंदन के सरकारी पोर्टल से हितग्राही महिलाओं की निजी जानकारी चोरी होने के आरोप को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है।



कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुरने बीजेपी सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं होने का आरोप लगाते हुए कहा कि योजना से जुड़ी 70 लाख से अधिक महिलाओं की संवेदनशील जानकारी साइबर हमलों के जरिए चुराई जा रही है और उसे विदेशों में बेचे जाने की आशंका जताई जा रही है।



धनंजय सिंह ठाकुर ने दावा किया कि साइबर विशेषज्ञों ने महतारी वंदन योजना के पोर्टल में सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियों की ओर संकेत किया है। उनके अनुसार महिलाओं की निजी जानकारी डार्क वेब के माध्यम से रूस के साइबर बाजार में खुलेआम बेचे जाने की सूचना सामने आई है। उन्होंने कहा कि यदि यह जानकारी सही है तो यह राज्य की करोड़ों महिलाओं की निजता और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है।



महिलाओं का डेटा चोरी

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि महतारी वंदन योजना के लिए आवेदन करते समय महिलाओं से आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी और बायोमेट्रिक विवरण लिए गए थे। अब यही जानकारी महिलाओं के लिए खतरा बन सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की जानकारी साइबर अपराधियों के हाथ लगने पर बैंक धोखाधड़ी, पहचान की चोरी और अन्य डिजिटल अपराधों की घटनाएं बढ़ सकती हैं। कांग्रेस ने सरकार से कई सवाल पूछे हैं।



उन्होंने कहा कि सरकार यह स्पष्ट करे कि महिलाओं की निजी जानकारी पोर्टल से कैसे लीक हुई। पोर्टल की सुरक्षा में इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। उन्होंने यह भी पूछा कि डेटा चोरी की आशंका सामने आने के बाद सरकार ने सुरक्षा के लिए कौन-कौन से कदम उठाए हैं और क्या प्रभावित हितग्राहियों को किसी प्रकार की चेतावनी या सुरक्षा सलाह जारी की गई है।



पहले भी लगे थे आरोप

कांग्रेस ने कहा कि इससे पहले भी महतारी वंदन योजना से जुड़ी महिलाओं की निजी जानकारी उपलब्ध कराए जाने के आरोप लग चुके हैं। अब साइबर अटैक और डेटा चोरी की आशंका ने महिलाओं की चिंता और बढ़ा दी है। पार्टी ने कहा कि डिजिटल अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार को इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।



कांग्रेस ने कहा कि यदि पोर्टल से डेटा चोरी हुआ है और भविष्य में किसी महिला के साथ साइबर धोखाधड़ी या अन्य अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, पोर्टल की सुरक्षा ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।



महत्वपूर्ण तथ्य

राज्य: छत्तीसगढ़



लाभार्थी: 70 लाख से अधिक महिलाएं



आरोप लगाने वाला पक्ष: प्रदेश कांग्रेस



मुख्य प्रवक्ता: धनंजय सिंह ठाकुर



मुख्य आरोप: महतारी वंदन पोर्टल से महिलाओं का संवेदनशील डेटा लीक/चोरी होने की आशंका।



कथित खतरा: डेटा डार्क वेब के जरिए विदेश (रूस के साइबर मार्केट) में बेचे जाने का दावा।



आधिकारिक स्थिति: राज्य सरकार या संबंधित विभाग ने अभी तक डेटा चोरी की पुष्टि नहीं की है।



कांग्रेस का दावा: साइबर विशेषज्ञों ने पोर्टल में सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां बताई हैं।



FAQ

  1. महतारी वंदन योजना में क्या आरोप लगे हैं?
    कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि महतारी वंदन योजना के पोर्टल से 70 लाख से अधिक लाभार्थी महिलाओं की निजी जानकारी लीक होने या चोरी होने की आशंका है। हालांकि, इस दावे की अभी तक सरकार की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
  2. यदि डेटा लीक हुआ हो तो महिलाओं को क्या खतरा हो सकता है?
    साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, यदि संवेदनशील जानकारी गलत हाथों में पहुंचती है तो बैंक फ्रॉड, पहचान की चोरी (Identity Theft), फर्जी KYC और अन्य साइबर धोखाधड़ी का जोखिम बढ़ सकता है। फिलहाल ऐसे किसी डेटा लीक की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
  3. इस मामले में कांग्रेस ने सरकार से क्या मांग की है?
    कांग्रेस ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, महतारी वंदन पोर्टल का सुरक्षा ऑडिट, ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और यदि कोई जोखिम हो तो लाभार्थी महिलाओं को सुरक्षा संबंधी सलाह जारी करने की मांग की है।

यह खबरें भी पढ़े...

महतारी वंदन योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा : 27 हजार अपात्रों से 9 करोड़ वसूले



बीजेपी सरकार में हुआ 3800 करोड़ का शराब ओवर रेटिंग घोटाला,कांग्रेस का आरोप



बीजेपी का गढ़ रही ग्वालियर पूर्व विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने सेंध लगाई, वीआईपी सीट में है शुमार, कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर



आधार कार्ड में नाम कैसे बदलें, जानिए गजट नोटिफिकेशन के नए नियम



Tags:
  • बीजेपी सरकार
  • आधार कार्ड
  • महतारी वंदन योजना
  • कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर