सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, 60 लाख के जेवर लूटकर भागे बदमाश

Harrison Masih | May 27, 2026, 09:41 IST
pendra-jewellery-trader-shot-dead-60-lakh-loot
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बाइक सवार बदमाश 60 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है और पेंड्रा बंद का ऐलान किया गया है।

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला में मंगलवार रात एक बड़ी वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी साप्ताहिक बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाश सोने-चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। करीब 60 लाख रुपए की लूट हुई है।



घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। विरोध में आज (बुधवार) को पेंड्रा बंद का ऐलान किया गया है।



बाजार बंद करते समय हुई वारदात

जानकारी के मुताबिक प्रदीप सोनी मंगलवार (26 मई) को बाजार में अपनी ज्वेलरी की दुकान लगाकर कारोबार कर रहे थे। रात करीब 7 बजे जब वे दुकान समेटकर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने व्यापारी के पास मौजूद सोने-चांदी से भरा बैग छीनने की कोशिश की। प्रदीप सोनी ने विरोध किया तो बदमाशों ने बेहद करीब से उनके सीने पर गोली मार दी। गोली लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी बैग लेकर फरार हो गए।



अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यापारी को जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत रात्रे ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्रदीप सोनी की मौत हो चुकी थी।



डॉक्टरों के अनुसार व्यापारी के दाहिने सीने में गोली लगी थी। शव से एक गोली मिलने की पुष्टि हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कितनी गोलियां चलाई गई थीं।



मौके से मिले खाली कारतूस

पुलिस ने घटना स्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। मौके से खून के धब्बे और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।



6 जिलों में अलर्ट, आरोपियों की तलाश तेज

घटना के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर नाकेबंदी शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए बिलासपुर, कोरबा, मनेन्द्रगढ़, अनूपपुर, डिंडोरी और कोरिया जिला में अलर्ट जारी किया गया है।



सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी वारदात के बाद जिले से बाहर भागने की कोशिश कर सकते हैं।



विष्णु सोनी (मृतक के भाई) का बयान:

शशि राज (टीआई, गौरेला) का बयान:

हत्या के बाद फूटा लोगों का गुस्सा

व्यापारी की हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। परिजनों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।



आक्रोशित लोगों ने अस्पताल से शव अपने कब्जे में लेकर सड़क पर रख दिया और देर रात तक चक्काजाम किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच विवाद की स्थिति भी बनी रही। विरोध प्रदर्शन रात करीब 12 बजे तक जारी रहा।



आज पेंड्रा बंद

घटना के विरोध में सर्राफा व्यापारी संघ समेत विभिन्न व्यापारी संगठनों ने बुधवार को पेंड्रा बंद का आह्वान किया है। बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस बल तैनात किया गया है।



कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

स्थानीय निवासी पंकज तिवारी ने घटना को कानून व्यवस्था की बड़ी विफलता बताया। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े और सार्वजनिक बाजार में व्यापारी की हत्या होना बेहद गंभीर मामला है। यदि व्यापारी और आम नागरिक सुरक्षित नहीं हैं तो यह प्रशासन के लिए चिंता का विषय है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है।



यह खबरें भी पढ़ें...

सर्राफा व्यापारी 3 करोड़ का गोल्ड लेकर भागा, 7 कारोबारियों को ठगा, कहा—ग्राहकों को दिखाना है सोना...



SAGAR: सर्राफा व्यापारी की हत्या और लूट मामले का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों का माल बरामद



पेंड्रा क्राइम न्यूज: गौरेला पेंड्रा मरवाही में प्रबंधक संघ ने डाटा एंट्री ऑपरेटर के खिलाफ खोला मोर्चा, पैसे मांगने का लगाया आरोप



इंदौर के बाणगंगा में व्यापारी की हत्या, बदमाशों ने चाकू से किया हमला



Tags:
  • गोली मारकर हत्या
  • पेंड्रा क्राइम न्यूज
  • गौरेला पेंड्रा मरवाही
  • व्यापारी की हत्या