यूथ कांग्रेस चुनाव में भूपेश-देवेंद्र का दम, चेलक और बंजारे के नामांकन वैलिड

Arun Tiwari | Sept 08, 2026, 20:32 IST
भूपेश-देवेंद्र गुट की बड़ी जीत
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव में सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे के होल्ड किए गए नामांकन फिर अनहोल्ड कर दिए गए हैं। दोनों ने आरोपों से इनकार किया था। अब दोनों प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में बने हैं और मुकाबला फिर दिलचस्प हो गया है।

Raipur : छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव में नामांकन होल्ड किए जाने के बाद विवादों में आए दो प्रमुख दावेदार सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे को फिलहाल राहत मिल गई है। चुनाव कमेटी ने दोनों के नामांकन को अनहोल्ड कर दिया है। दोनों नेताओं ने अपने ऊपर लगाए गए पैसे देकर सदस्य बनाने के आरोपों से इनकार किया है। इसके बाद उनकी उम्मीदवारी को लेकर बना सस्पेंस खत्म हो गया है और दोनों अब चुनावी प्रक्रिया में आगे बने रहेंगे। सत्येंद्र चेलक को भूपेश बघेल का और शैलेन्द्र बंजारे को देवेंद्र यादव का समर्थन है।



धांधली की शिकायत थी

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे के खिलाफ शिकायत सामने आई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि निजी एजेंसी के माध्यम से पैसे देकर लोगों को युवा कांग्रेस का सदस्य बनाया गया। चुनाव कमेटी ने इसे चुनाव आचार संहिता के प्रावधानों के विपरीत मानते हुए दोनों उम्मीदवारों के नामांकन तत्काल प्रभाव से होल्ड कर दिए थे। दोनों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए थे।



आरोपों को बताया गलत

नोटिस मिलने के बाद दोनों दावेदारों ने चुनाव कमेटी के समक्ष अपना पक्ष रखा। उन्होंने पैसे देकर सदस्य बनाने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव प्रक्रिया या आचार संहिता का उल्लंघन नहीं किया है। उनके जवाब पर विचार करने के बाद चुनाव कमेटी ने नामांकन को फिर से बहाल कर दिया।नामांकन अनहोल्ड होने के साथ ही दोनों नेताओं की प्रदेश अध्यक्ष पद की दावेदारी बरकरार है। इससे चुनावी मुकाबला भी एक बार फिर स्पष्ट हो गया है। सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे दोनों ही प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं।



ऐप से हटाए गए थे नाम

नामांकन होल्ड किए जाने के बाद दोनों उम्मीदवारों के नाम चुनाव से जुड़े ऐप से भी हटाए जाने की जानकारी सामने आई थी। इससे युवा कांग्रेस के भीतर चुनाव प्रक्रिया को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। उस समय यह भी सवाल उठने लगा था कि क्या दोनों नेता चुनावी दौड़ से बाहर हो जाएंगे। हालांकि चुनाव कमेटी के नोटिस में भी यह स्पष्ट था कि नामांकन पर तत्काल रोक अंतिम रूप से उम्मीदवारी रद्द किए जाने का फैसला नहीं है। दोनों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया था। जवाब मिलने के बाद कमेटी को यह तय करना था कि आरोपों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाए या उम्मीदवारों को चुनाव प्रक्रिया में शामिल रखा जाए।



पहले से विवादों में रही है चुनाव प्रक्रिया

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस का मौजूदा संगठनात्मक चुनाव शुरुआत से ही विवादों और शिकायतों के बीच रहा है। कार्यकर्ताओं की ओर से चुनाव प्रक्रिया, नियमों और कथित अनियमितताओं को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। इसी सिलसिले में युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी लेंका और चुनाव पदाधिकारियों ने 17 से 19 अगस्त तक छत्तीसगढ़ का दौरा किया था। इस दौरान प्रभावित कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उनकी शिकायतें और आपत्तियां सुनी गई थीं।



दीपक बैज की आपत्ति

इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी युवा कांग्रेस चुनाव की व्यवस्था को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। उन्होंने भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर एक जिला-एक विधानसभा वाले जिलों में विधानसभा अध्यक्ष पद का चुनाव फिलहाल नहीं कराने की मांग की थी।बैज का तर्क था कि जिन संगठनात्मक जिलों में केवल एक विधानसभा क्षेत्र है, वहां जिला अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष के अलग-अलग चुनाव से संगठन में समन्वय की समस्या पैदा हो सकती है। उन्होंने ऐसे जिलों में व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की थी।



अब मुकाबला फिर मैदान में

सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे के नामांकन अनहोल्ड होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव में दोनों की दावेदारी फिर मजबूती से कायम हो गई है। कुछ समय के लिए जिस चुनावी मुकाबले पर आरोपों और कार्रवाई का साया मंडरा रहा था, अब वह फिर राजनीतिक प्रतिस्पर्धा की ओर लौटता नजर आ रहा है। दोनों नेताओं के जवाब स्वीकार किए जाने के बाद फिलहाल उनके खिलाफ इस मामले में कोई ऐसी कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे उनकी उम्मीदवारी समाप्त हो। अब चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए होने वाले मुकाबले में दोनों दावेदार अपनी-अपनी रणनीति के साथ मैदान में रहेंगे।युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर पहले से चल रही शिकायतों और विवादों के बीच यह घटनाक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष पद के दो प्रमुख दावेदारों के नामांकन पर लगी रोक हट गई है। इससे चुनाव में मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।



ये खबरें भी पढ़े...

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के ''यंग इंडिया के बोल'' का तीसरा सीजन, चुने गए युवाओं पर रहेगी आगामी विधानसभा चुनाव की अहम जिम्मेदारी



भूपेश कैंडीडेट सत्येंद्र और देवेंद्र समर्थक बंजारे का नामांकन होल्ड,धांधली की शिकायत



दीपक बैज का कार्यकाल पूरा, नए प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में कई बड़े चेहरे



बीजेपी वाले काले अंग्रेज... सीएम साय के बयान पर भूपेश बघेल ने किया पलटवार



Tags:
  • भूपेश बघेल
  • दीपक बैज
  • छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस
  • नामांकन
  • युवा कांग्रेस
  • देवेंद्र यादव