/sootr/media/post_banners/5030d74570e38f5aa7501336195d95dd3212d9372e93651c3e5356aa7fa7ebb1.jpeg)
JAIPUR. जोधपुर में हुए हत्याकांड के बाद राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार विपक्ष के निशाने पर है। अब प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस विधायक ने ही सवाल उठाए हैं। हत्याकांड को लेकर ओसियां से कांग्रेस विधायक दिव्या मदेरणा ने भी अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े कर दिए। राजस्थान विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मैं खुद ही सुरक्षित नहीं हूं, मुझ पर पुलिस सुरक्षा में हमला हो जाता है। इससे आप समझ सकते हैं कि प्रदेश की स्थिति क्या होगी।
मामले में सदन में स्पीकर ने बोलने नहीं दिया : दिव्या मदेरणा
इस घटना से जुड़े सवालों पर जवाब देते हुए कांग्रेस विधायक दिव्या मदेरणा ने कहा कि सामूहिक हत्याकांड पर मैंने सदन में अपनी आवाज उठाना चाही, लेकिन स्पीकर ने मुझे बोलने नहीं दिया। मैं खुद सुरक्षित नहीं हूं। जिन आरोपियों ने मुझ पर हमला किया वो गिरफ्तार नहीं हो पाए हैं। पुलिस सुरक्षा के बाद भी मुझ पर लोग हमला कर देते हैं। मैं भी महिला हूं, हां ये जरूर है कि मैं सक्षम हूं, लेकिन बात उनकी है, जिनकी आवाज बनने के लिए हम इस सदन में आए हैं, जो घटना घटित हुई है वह कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। जो भी इसमें दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। अपराधियों में पुलिस का खौफ होना जरूरी है।
'मुझ पर हमला करने वाले आज तक नहीं पकड़े गए’
दिव्या मदेरणा ने जोधपुर आईजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जहां यह घटना हुई है, वहां से आईजी ने मुझे बिना इंफॉर्मेशन दिए थाना अधिकारी को हटा दिया। महीने पहले भी एक हत्या का मामला हुआ था, उसके मुख्य आरोपी भी आज तक नहीं पकड़े गए। मेरे ऊपर भी हमला हुआ था। एक भी आरोपी को आईजी आज तक गिरफ्तार नहीं कर पाए। ऐसे अधिकारियों को पीएचक्यू में कोई और काम दिया जाए।
गहलोत मदेरणा परिवार से क्यों बदला ले रहे हैं- सीपी जोशी
दिव्या मदेरणा के बयान पर राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा गहलोत मदेरणा परिवार की तीसरी पीढ़ी को क्यों निशाना बना रहे हैं। पहले परसराम मदेरणा, फिर महिपाल मदेरणा के साथ क्या हुआ। अब बहन दिव्या मदेरणा के साथ ऐसा व्यवहार ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की हमेशा के लिए दुश्मनी निभाने की आदत है। दिव्या मदेरणा एक जनप्रतिनिधि हैं। जनप्रतिनिधि किसी भी दल का हो। उसका सम्मान होना चाहिए। यह एक मुखिया की जिम्मेदारी होती हैं।
जोधपुर के ओसियां से विधायक हैं दिव्या मदेरणा
आपकों बता दे कि दिव्या मदेरणा जोधपुर के ओसियां से विधायक हैं और राजस्थान के चर्चित भंवरी देवी अपहरण कांड के आरोपी पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा की बेटी हैं। दिव्या मदेरणा उन विधायकों में गिनी जाती हैं जो अक्सर अपनी ही सरकार को अलग- अलग मुद्दों पर घेरते रहती हैं।