/sootr/media/post_banners/79f2e33c827d897f40ab4ec0d303fb2654ca741691f011444efcc2b8a9c1b298.jpeg)
HARDA. हरदा में 7 जून को किसान राजेश ने सल्फास खाकर खुदकुशी कर ली थी। रविवार को किसान का मोबाइल चेक करने पर एक वीडियो मिला है। ये वीडियो किसान राजेश ने सुसाइड करने से पहले बनाया था। वीडियो में किसान रोते हुए कह रहा है कि 2 एकड़ जमीन बेचकर सब कर्ज चुका देना। बेटों, मैं तुम्हारे लिए कुछ नहीं कर पाया। किसान ने साहूकारों पर परेशान करने का आरोप लगाया। किसान के ऊपर 40 लाख का कर्ज था।
किसान ने रोते हुए बनाया वीडियो
2 मिनट 18 सेकंड के वीडियो में किसान राजेश करोड़े कह रहा है कि किशोर भैया का एक लाख, चिंता जीजी का 60 हजार, मीरा को 80 हजार, बुद्धिलाल को 4 लाख 50 हजार, दाई मामा को 50 हजार, मम्मू तार को एक लाख रुपए, भरत को 80 हजार (मूल दे दिया ब्याज बाकी), प्रकाश सोमानी का 2 लाख 30 हजार, अशोक साहू को 24 लाख 50 हजार रुपए ब्याज सहित देना है। 2 एकड़ जमीन उसके नाम कर देना। जमीन बड़े पापाजी को दे देना। इतना कहते ही किसान रोने लगता है। इसके बाद आंसू पोंछकर फिर कैमरे के सामने आता है और कहता है कि 2 एकड़ 20 डिस्मिल...(रोते हुए) सब कर्जा दे देना। बेटों तुम्हारे लिए मैं कुछ नहीं कर पाया।
सुसाइड नोट में लिखे कर्जदारों के नाम
7 जून को किसान ने सल्फास खा लिया था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराय गया। हालत में सुधार नहीं होने पर निजी अस्पताल ले जाया गया। शुक्रवार को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर किसान को वापस जिला अस्पताल लाया गया, जहां दोपहर 12 बजे किसान ने दम तोड़ दिया। किसान ने 2 पेज के सुसाइड नोट में लिखा कि 14 लोगों का कर्ज चुकाना है। साबिर खान, दुर्गेश कुशवाह और कल्लू चाचा बहुत ज्यादा परेशान कर रहे हैं।
किसान पर था 40 लाख का कर्ज
किसान के बेटे वीरेंद्र करोड़े ने बताया कि उसके पिता पर करीब 40 लाख रुपए कर्ज था। कर्ज चुकाने पिताजी ने पैतृक 10 एकड़ जमीन भी बेच दी थी। इसके बावजूद साहूकारों का हिसाब नहीं हो पाया था। वे रोजाना तकादा कर रहे थे। इससे ही परेशान होकर पिता ने ये कदम उठाया है।
किसान कर्ज के जाल में ऐसे फंसा
किसान के छोटे बेटे धर्मेंद्र करोड़े ने बताया कि उसकी दादी को कैंसर है। दादा की उम्र 75 साल के आसपास है, उनके दिव्यांग होने के चलते इलाज के लिए काफी रुपए लोगों से उधार ले रखे थे। ब्याज की दर बहुत ज्यादा थी। एक को चुकाने के लिए दूसरे से कर्ज लेना पड़ता था। इस तरह पिता पर काफी कर्ज हो गया। इंदौर में बड़े भाई की पढ़ाई के लिए भी हर महीने रुपए भेजने होते थे।
ये खबर भी पढ़िए..
किसान के घर पहुंचे कांग्रेस नेता
किसान की मौत के बाद कांग्रेस के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। किसान कांग्रेस ने परिवार को 3 दिन में 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिलाया। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत टाले और किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहन विश्नोई ने कहा कि एसपी से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करेंगे।