मध्य प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, सिवनी के डुंगरिया डैम की दीवार में रिसाव, दो गांव खाली कराए गए

author-image
Puneet Pandey
एडिट
New Update
मध्य प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, सिवनी के डुंगरिया डैम की दीवार में रिसाव, दो गांव खाली कराए गए

BHOPAL. मध्यप्रदेश में मानसून की शुरुआत होते ही तेज बारिश से उमरिया, नरसिंहपुर, सिवनी सहित कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। तेज बारिश के कारण सिवनी में डुंगरिया डैम की दीवार में रिसाव होने लगा है, जिसके बाद पास के दो गांवों को खाली कराया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शुक्रवार को भी बारिश के कारण ऐसे ही हालात रह सकते हैं।





नर्मदा का जलस्तर बढ़ा 





लगातार हो रही बारिश के कारण जबलपुर, नरसिंहपुर और होशंगाबाद में नर्मदा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार की दोपहर तक नर्मदा का जलस्तर 949.5 फीट पहुंच चुका था जो खतरे के निशान 964 फीट से करीब 15 फीट कम था। लेकिन नदी में पानी बढ़ता जा रहा है। यहां 24 घंटे के अंदर 10 फीट से ज्यादा पानी बढ़ा है। 





रेल ट्रैक पर पानी भरा 





लगातार बारिश के कारण जबलपुर-इटारसी रेलवे ट्रैक पर बालू रेवा ब्रिज (करेली-नरसिंहपुर स्टेशन के बीच) पर पानी आ गया। इसके कारण करीब सात ट्रेनों के रूट डायवर्ट कर दिए गए हैं। कटनी- बीना ट्रैक पर सैलया स्टेशन के पास भी ट्रैक पर पानी भरने की सूचना है।





सिवनी में सड़क टूटी





सिवनी जिले के लखनादौन ब्लॉक में बारिश से आदेगांव सड़क टूट गई, जिससे इस रास्ते पर ट्रैफिक बंद हो गया। डुंगरिया बांध (गनेशगंज के पास) की बाहरी दीवार में छेद होने से पानी रिसाव होने लगा। इसके बाद डुंगरिया और बदनौर गांव को खाली कराया है। 





12 साल के बच्चे को एसडीआरएफ ने बचाया





टीकमगढ़ के बड़ागांव थाना क्षेत्र में बुधवार रात धसान नदी के टापू पर एक 12 साल का बच्चा फंस गया। जिसे एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू किया। बच्चा अपने दोस्तों के साथ मवेशी चराने के लिए गया था। नदी का पानी बढ़ने के कारण वो टापू पर फंस गया था। पन्ना में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारिश में लोगों को बचाने का कार्य करने वाले होमगार्ड के दफ्तर में ही पानी भर गया है। दफ्तर के परिसर में ही नाव चलानी पड़ गई है। साथ ही जिला मुख्यालय स्थित हॉर्टिकल्चर विभाग कार्यालय भी तालाब में तब्दील हो चुका है। 



floods dam seoni बाढ़ डैम सिवनी