/sootr/media/media_files/VdqlbrH8wKRV1TsYf8AF.jpg)
मध्य प्रदेश पुलिस के सिटीजन पोर्टल पर लापता महिलाओं के डाटा में हेराफेरी हो रही है। लापता महिलाओं ( women missing ) की संख्या कम दिखाने के लिए उनके नाम पुरुषों की सूची में अपडेट किए जा रहे हैं। मीडिया समूह ने लापता लोगों के डेटा की पड़ताल में इसका खुलासा हुआ है कि बीते 16 माह के रिकॉर्ड की बात करें तो पोर्टल पर कुल 3977 लोग लापता हुए हैं। 1 जनवरी 2023 से 29 मई 2024 के बीच गायब हुए इन लोगों में सबसे ज्यादा संख्या महिलाओं की 2500 है तो पुरुष महज 1617 ही हैं। मजेदार बात यह है कि इन्हीं 1617 पुरुषों की सूची में महिलाओं को भी शामिल किया जा रहा है। यानी पोर्टल पर कहने को तो महज 2360 महिलाएं लापता हैं, लेकिन हकीकत कि यह है कि इनके अतिरिक्त 140 महिलाओं के नाम 1617 लापता पुरुषों की सूची में शामिल हैं।
गायब हो रही महिलाओं की संख्या में कमी
राजधानी से लगातार गायब हो रही महिलाओं की संख्या में कमी ही बनी रहे, इसी मंशा से पोर्टल पर आंकड़ों की हेराफेरी का यह खेल लगातार खेला जा रहा है। यह समस्या अकेले भोपाल जिले की नहीं है। प्रदेशभर के आंकड़ों को समझें तो उनमें भी इसी तरह आंकड़ों का झोलझाल किया जा रहा है। प्रदेश के अन्य जिलों से लापता महिला-पुरुषों की भी पड़ताल की तो उनमें भी इसी तरह की गफलत देखने को मिली। इधर, विभागीय अफसरों से जब इस संबंध में सवाल-जवाब किया गया तो वे इसे चैक कराकर जल्द दुरुस्त कराने की बात कहते नजर आए, लेकिन ऐसी गड़बड़ी सिर्फ महिलाओं की सूची में ही क्यों देखने को मिली, पुरुषों की सूची ठीक क्यों है? इसका सीधा जवाब उनके पास नहीं था।
एडिशनल सीपी पंकज श्रीवास्तव
वहीं इस पूरे मामले में एडिशनल सीपी पंकज श्रीवास्तव का कहना है कि पोर्टल पर लापता लोगों का डेटा अपलोड करने में गड़बड़ी हो रही है तो मामले की जांच कराएंगे। पुरुषों की सूची में यदि महिलाओं के नाम शामिल किए जा रहे हैं तो इसे भी दिखवाएंगे।
50 जिलों का डाटा खंगाला
मीडिया समूह ने 50 जिलों के लापता लोगों का डाटा खंगाला । इनमें पुरुषों की सूची में महिलाओं के नाम शामिल मिले। यानी प्रदेशभर से लापता महिलाओं की सही जानकारी पोर्टल से छुपाई जा रही है। खास बात यह है कि विभागीय अफसर भी पोर्टल पर अपडेट किए जा रहे किसी भी डाटा को करना ठीक नहीं समझते, यही कारण है कि पुलिसकर्मियों द्वारा मनमाने तरीके से डाटा अपडेट किया जा रहा है।