घर की बिजली कटने पर भड़के जज, स्टेशन पहुंच कर बंद कर दी पूरे कस्बे की आपूर्ति
समझें क्या है पूरा मामला...
- मध्यप्रदेश के चित्रकूट में शुक्रवार, 29 मई की रात बड़ा विवाद हो गया।
- एक जज का सरकारी आवास 19 घंटे से बिजली के बिना था।
- नाराज जज खुद रजौला सब स्टेशन पहुंचे और पूरे कस्बे की बिजली कटवा दी।
- ऑपरेटर को बाहर निकालकर खुद कमरे में बंद हो गए।
- जनता के भारी विरोध के बाद जज चुपचाप वहां से चले गए।
19 घंटे से अंधेरे में था पूरा कस्बा
गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे तेज आंधी-तूफान आया था। मझगवां से आने वाले 33 केवी (KV - Kilovolt) के दो फीडर पूरी तरह ठप हो गए थे। जंगल में फाल्ट था और रात घनी थी। मेंटेनेंस टीम को पेट्रोलिंग में काफी वक्त लगा।
शुक्रवार दोपहर 12 बजे मुख्य सप्लाई बहाल हो सकी। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता प्रशांत सिंह ने बताया कि देर शाम तक सभी सार्वजनिक शिकायतें सुलझा ली गई थीं। बस कुछ व्यक्तिगत शिकायतें बची थीं। इनमें जज का सरकारी आवास भी शामिल था।
सब स्टेशन पहुंचे जज, ऑपरेटर को खदेड़ा
शाम करीब 7.30 बजे जज खुद रजौला सब स्टेशन पहुंच गए। ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर को उन्होंने जमकर फटकार लगाई। उनका सवाल था कि 19 घंटे बीतने के बाद भी उनके घर की लाइट क्यों नहीं सुधरी। इसके बाद जो हुआ वह हैरान करने वाला था।
जज ने रजौला और प्रमोद वन सब स्टेशन से पूरे कस्बे की बिजली सप्लाई बंद करवा दी। ऑपरेटर को कमरे से बाहर निकाला और खुद अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। उन्होंने साफ कहा, जब तक उनके घर की लाइन नहीं सुधरती, पूरा कस्बा अंधेरे में रहेगा।
मेंटेनेंस स्टाफ दौड़ा जज के बंगले की तरफ
अल्टीमेटम मिलते ही डरे-सहमे मेंटेनेंस स्टाफ ने आनन-फानन में जज के सरकारी बंगले की लाइन सुधारने का काम शुरू कर दिया। पूरे एक घंटे तक सब स्टेशन पर हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इस दौरान चित्रकूट का बड़ा हिस्सा अंधेरे में डूबा रहा।
50 उपभोक्ता पहुंचे सब स्टेशन, मचा हंगामा
कस्बे की बिजली अचानक दोबारा बंद होने से लोग बेहद नाराज हो गए। करीब 50 उपभोक्ता रजौला सब स्टेशन पर पहुंच गए। जब ऑपरेटर ने बताया कि खुद जज ने आकर बिजली बंद कराई है, तो जनता का गुस्सा और भड़क गया। सब स्टेशन पर जोरदार विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू हो गई।
जनता का बढ़ता आक्रोश देख जज ने ऑपरेटर रूम का दरवाजा खोला और बिना कुछ बोले चुपचाप अपने घर की तरफ रवाना हो गए।
पुलिस और इंजीनियर पहुंचे मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए जूनियर इंजीनियर (JE) प्रवीण वर्मा तुरंत सब स्टेशन पहुंचे। स्थानीय थाने से पुलिस बल भी बुला लिया गया। इस प्रशासनिक टकराव की खबर मिलते ही सतना ग्रामीण के डिविजनल इंजीनियर पंकज द्विवेदी भी सतना से चित्रकूट के लिए निकल पड़े। फिलहाल क्षेत्र में शांति है और बिजली बहाल कर दी गई है।
ये खबरें भी पढ़िए...
एमपी में आज भी बोझ हैं बेटियां! बच्चों को त्यागने और भ्रूण हत्या के मामले में मध्यप्रदेश नंबर एक पर
लव मैरिज हो या अरेंज, एमपी में हर दिन हो रही एक ट्विशा की मौत, चौंकाएंगे ये आंकड़े
विभाग ने कर्मचारी को दो बार बूढ़ा मानकर किया रिटायर, अब एमपी हाईकोर्ट ने फिर दी नौकरी
MP News: 14 हजार 800 रिक्त पद भरने की तैयारी शुरू, MP में नहीं होंगे थोकबंद तबादले