/sootr/media/media_files/9vMXXGQ22cLYmB7xABXR.jpg)
मध्य प्रदेश के डबरा में एक महिला 14 दिन पहले लापता हो गई। पुलिस ने महिला के पति की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने जब मामले की जांच- पड़ताल की तो चौंका देने वाला सच सामने आए।
यहां पति की पत्नी का कातिल निकला। उसने पहले पत्नी की हत्या की और फिर मर्डर के बाद शव को खेत में दफना दिया। फिर थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी।
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि करीब एक साल से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी।
दोनों में चल रही थी अनबन
जानकारी के मुताबिक मुरैना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाली प्रगति यादव की शादी जोराशी के रहने वाले सोनू यादव से हुई थी। दोनों की शादी को 18 साल पूरे हो गए है।
अब उनके दो बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि एक साल से दोनों में कुछ भी सही नहीं चल रहा था। दोनों में आए दिन किसी ना किसी बात पर झगड़ा होता था। हालांकि कई बार दोनों के झगड़े की बात भी थाने तक पहुंच चुकी है।
पत्नी की हत्या कर गड्ढा खोदकर दफनाया शव
पत्नी से परेशान होकर सोनू यादव ने उसकी हत्या करने की योजना बनाई। उसने पहले पत्नी की हत्या की, फिर होटल के पीछे लगे हुए खेत में बने कुएं के गड्ढे में दफना दिया। इसके बाद पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। पुलिस दो हफ्ते से सोनू की पत्नी प्रगति की तलाश करती रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
पूछताछ में उगला सच
इस दौरान पुलिस को सोनू पर ही शक हुआ। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में सोनू ने पुलिस को पूरी घटना के बारे में बताया। पुलिस ने मृतका प्रगति के शव को पीएम के लिए भेज दिया है।