इंदौर में कांग्रेस ने करोड़पति कार्यकर्ता को दिखा गरीब, अर्धनग्न सिलेंडर पकड़ कराया प्रदर्शन
इंदौर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पिछले दो दिन से यहां डेरा डाले हुए हैं। वह लगातार ग्रामीण कांग्रेस को मजबूत करने के लिए बैठकें और सम्मेलन कर रहे हैं। इसी दौरान, शनिवार को उन्होंने देपालपुर में रसोई गैस सिलेंडर को लेकर केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार को घेरा है।
पटवारी ने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें एक बुजुर्ग आदमी अर्धनग्न अवस्था में कंधे पर खाली रसोई गैस सिलेंडर लिए खड़ा है। इस वीडियो में पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल भी नजर आ रहे हैं। बुजुर्ग आदमी सरकार को यह बताते हुए रसोई गैस सिलेंडर की समस्या पर अपना गुस्सा जाहिर कर रहा है। वहीं, गैस डीलर कहता है कि स्टॉक उपलब्ध नहीं है।
पटवारी यह बोले थे
इस प्रदर्शन में जीतू पटवारी ने कहा था कि मध्य प्रदेश में लोग सिलेंडर लेकर नग्न हैं, और मोहन-मोदी की जोड़ी इवेंट में मग्न है। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि आपकी सरकार गरीबों को सिलेंडर नहीं दे पा रही है। इसके चलते तीन दिन से गरीबों के घरों में खाना नहीं बन पा रहा है। यदि तीन दिन में यह स्थिति नहीं सुधरी तो भाजपा के कार्यालयों के सामने हम सिलेंडर लेकर प्रदर्शन करेंगे।
असल में करोड़पति है वृद्ध
दरअसल, जिस व्यक्ति को गरीब दिखाकर रसोई गैस सिलेंडर (LPG cylinder) लेकर प्रदर्शन कराया गया था, वह कांग्रेस के ही कार्यकर्ता कृपा राम सोलंकी हैं। वह कृषि समिति से लेकर जिला पंचायत सदस्य तक कई पदों पर रह चुके हैं।
हाल ही में उन्होंने अपने पोते की शादी बड़े धूमधाम से की थी। उनके पास करीब 100 बीघा जमीन बताई जाती है, यानी करोड़ों की संपत्ति उनके पास है।
बीजेपी ने भी कांग्रेस को घेरा
देपालपुर से ही बीजेपी नेता और पूर्व बीजेपी जिलाध्यक्ष चिंटू वर्मा ने भी इस मामले में कहा कि कांग्रेस की राजनीति में अब असली गरीब नहीं, बल्कि किरदार ढूंढे जाते हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारीजी जिनके सिर पर गैस सिलेंडर रखकर गरीबी दिखा रहे हैं, उनका सच भी जान लीजिए।
ये कोई गरीब नहीं, बल्कि देपालपुर के पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कृपा राम सोलंकी हैं। करीब 100 बीघा जमीन के मालिक और क्षेत्र के संपन्न किसानों में गिने जाते हैं। इतना ही नहीं, ब्याज का बड़ा कारोबार भी करते हैं। सरकार की कई योजनाओं, खासकर कृषि विभाग के लाभ के भी प्रमुख लाभार्थियों में शामिल रहे हैं।
पटवारी और वानखेड़े के खिलाफ भी उतारे थे कपड़े
जानकारी के अनुसार यह सोलंकी पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल के बेहद करीबी हैं। जब उनके भाई राधेश्याम पटेल को इंदौर ग्रामीण जिलाध्यक्ष नहीं बनाया तो यह भी दिल्ली गए थे।
कांग्रेस दफ्तर के बाहर भी अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया था। यह जिलाध्यक्ष पद पर विपिन वानखेड़े की नियुक्ति का विरोध कर रहे थे। साथ ही पटवारी के खिलाफ थे।
इसके पहले बिना अस्थि ही कलश थमाया
इसके पहले, शनिवार को कांग्रेस सेवादल ने भागीरथपुरा में अस्थि विसर्जन के लिए पूजा कराई थी। इसके साथ ही, पीड़ितों के परिवारों को प्रयागराज भी भेजा गया है। बताया गया कि वहां अस्थि विसर्जन कार्यक्रम है।
वहीं, बाद में, खुद वहां जाने वालों ने ही पोल खोल दी और कहा कि कलश में अस्थि नहीं है, क्योंकि वह तो पहले ही विसर्जित कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि यह कलश कांग्रेस ने दिया है। इसमें सिर्फ फूल और पूजन सामग्री है। कांग्रेस ने हमारी मदद कर एक-एक लाख रुपए दिए थे और पूजा करना है इसलिए हम उनके साथ जा रहे हैं।
ये खबर भी पढ़िए...
इंदौर यशवंत क्लब के बाहर नगर निगम ने ढोल बजवा करवा दी मुनादी, 2.64 करोड़ संपत्ति कर बकाया
भागीरथपुरा कांड में क्या जाति देखकर IAS पर तय हुई कार्रवाई, उमंग सिंघार के गंभीर आरोप