बीजेपी पार्षद कमलेश कालरा फिर विवादों में, जनसुनवाई में शिकायत, 10 हजार नहीं दिए तो दुकानें तुड़वाई
5 प्वाइंट में समझें क्या है पूरा मामला...
- पार्षद कमलेश कालरा पर वसूली के आरोप।
- हर दुकान से 10 हजार रुपए मांगने की शिकायत।
- पैसे नहीं देने पर 7 दुकानें तुड़वाने का आरोप।
- ऑडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ा।
- जनसुनवाई में लिखित शिकायत दर्ज।
इंदौर में एक बार फिर वार्ड 65 के बीजेपी पार्षद कमलेश कालरा विवादों में हैं। एक दिन पहले ही कालरा की तीन ऑडियो सामने आईं। अब मंगलवार 28 अप्रैल को निगम की जनसुनवाई में लोगों ने उनके खिलाफ लिखित शिकायत की है। इसमें आरोप है कि हर दुकान से दस हजार प्रति माह मांगे, कुल सात दुकान थी यानी हर माह 70 हजार की मांग थी। नहीं दिए तो 7 दुकानें तुड़वा दीं।
बीजेपी के तत्कालीन एमआईसी मेंबर और पार्षद जीतू जाटव (यादव) के साथ विवाद के कारण चर्चा में आए कमलेश कालरा फिर विवादों में हैं। पहले सोमवार 27 अप्रैल को उन्हें लेकर ऑडियो सामने आई। अब इसी ऑडियो को लेकर जनसुनवाई में शिकायत हो गई।
निगम अधिकारियों को पीड़ितों ने लिखित में आवेदन दिया कि कालरा उनसे खातिवाला टैंक में खुली दुकान से अवैध वसूली चाहते हैं। वह हर महीने दस हजार मांग रहे हैं। मामला वार्ड 65 महाकाल चौराहा खातिवाला टैंक का है, जहां सात दुकानों को हटाया गया है।
रिमूवल टीम को भेज तुड़वा दी दुकानें
पीड़ित विजय चौहान ने निगम अधिकारियों से कहा कि हमारे पास रिमूवल टीम आई और कहा कि पार्षद कमलेश कालरा से मिल लो, नहीं तो हमें यह दुकान तोड़ना होगी। हमने जब पार्षद से बात की तो हर महीने दस हजार रुपए दुकान से मांगे गए। मना कर दिया कि इतनी राशि संभव नहीं है, तो फिर उन्होंने रिमूवल गैंग भेजकर दुकानें तुड़वा दीं।
ऑडियो में क्या है...
ऑडियो 1
इसके पहले एक ऑडियो सामने आई। इसमें मुन्ना नाम का व्यक्ति कालरा से बात कर रहा है।
मुन्ना- काकी आई थी, घर पहुंचा दूं क्या।
कालरा- ऐसे फोन पर बात मत कराया करो, तुम ही बात कर लो, निपट लो
मुन्ना- मेरी बात नहीं मानेंगे
कालरा- तो ठीक है, रुक जाओ सप्ताह भर में जेसीबी आएगी, तो बस मान जाएंगे
मुन्ना- मैं आपको बताता हूं, इनसे बात करके। फोन पर बात नहीं करेंगे।
ऑडियो 2
मुन्ना- मैं आया था घर बात करने के लिए। विजय भैया बोल रहे हैं, मिल लेते हैं भैया से
कालरा- कल बुलवा लो, सुबह बात कर लेना, क्यों मिलना चाह रहा है
मुन्ना- वही बात करने दुकान के बारे में, वह बोल रहा है कि नाई को खाली करवा लेंगे और इस दुकान का जो भैया बोलेंगे वह कर लेंगे
कालरा- क्या कर लेंगे
मुन्ना- बोल रहा है कि आधा किराया दे दूंगा भैया
कालरा- अच्छा
मुन्ना- आप तो पूरा लेना, आप तो दुकान की चाबी मांग लेना, मैं कल बुला लेता हूं
ऑडियो 3
कालरा- यार मुन्ना तुम रिकॉर्ड करते हो, यह बाजार में रिकॉर्डिंग कैसे आ गई
मुन्ना- मैंने तो कोई रिकॉर्डिंग नहीं की, क्या बात कर रहे हो
कालरा- ऐसे करोगे तो कैसे काम चलेगा, मैंने तो कोई बात ही नहीं की
पहले भी कालरा की ऐसी हो चुकी शिकायतें
कालरा के साथ यह पहला मामला नहीं है। पहले भी रिमूवल के नोटिस भेजने और लोगों को धमकाने और फिर नोटिस रोकने संबंधी शिकायतें हो चुकी हैं। इसी तरह के एक नोटिस को लेकर ही उनका तत्कालीन एमआईसी मेंबर जीतू यादव से विवाद हुआ था, जिसके बाद जीतू के समर्थकों ने गुस्से में आकर उनके घर पर हमला किया था।
क्या बोल रहे हैं कालरा
इस संबंध में कालरा से बात करने के लिए द सूत्र ने फोन किया और मैसेज भी भेजा, लेकिन उनका जवाब नहीं आया। हालांकि अन्य मीडिया में आए उनके बयान के अनुसार उन्होंने इन आरोपों को झूठा बताया है।
ये खबरें भी पढ़ें...
बीजेपी पार्षद कालरा फिर करने लगे अवैध निर्माण की शिकायतें, निगमायुक्त का दो टूक जवाब
BJP पार्षद कालरा, IAS केसरी, कमिश्नर सुमन और एसडीएम धनगर खिलाफ जमानती वारंट जारी
पार्षद कालरा बोले मुझे जीतू यादव से खतरा, वह आज नहीं तो कल बदला लेगा, गिरफ्तार करें उसे
जीतू पर FIR में वाइस सैंपल की नौटंकी, पार्षद कालरा, वर्मा पर केस में तो नहीं किया