इंदौर के DANCING TRAFFIC COP रणजीत लाइन अटैच, महिला को ऑफर की थी फ्लाइट-होटल, दूसरी महिला भी बोली मुझे भी किए मैसेज
इंदौर में डांसिंग ट्रैफिक कॉप रणजीत सिंह पर एक महिला से विवादित चैट करने पर कार्रवाई की गाज गिरी है। वरिष्ठ अफसरों ने उसे लाइन अटैच कर दिया है। इसी के साथ एक और महिला ने मैसेज करके आपबीती उजागर की है। उसने बताया है कि रणजीत उसे भी मैसेज करके मिलने का बोलता था।
सस्पेंड करो रंजीत को
एक महिला को मिलने के लिए मैसेज करने वाले डांसिंग ट्रैफिक कॉप को लेकर एक और बड़ा खुलासा हुआ है। जिस महिला ने वीडियो वायरल कर रणजीत द्वारा उसे इंदौर बुलाने के लिए होटल और फ्लाइट बुकिंग करने का कहा था। उसी के वीडियो पर कमेंट करते हुए एक अन्य महिला ने कहा है कि रणजीत को सस्पेंड करो।
महिला बोली, मुझे भी मैसेज करता है
एक अन्य महिला ने वीडियो पर जो मैसेज किया है। उसमें कहा है कि यह बात 100 फीसदी सत्य है। रणजीत उसे भी मैसेज करता है और मिलने के लिए कहता है। मेरे जैसे कितनी ही और भी लड़कियों को इसने मैसेज किया होगा, लेकिन सब चुप रह जाती हैं। वह लड़की काफी बहादुर है जिसने खुलकर इसका विरोध किया है।
यह कार्रवाई हुई रणजीत पर
इंदौर में पदस्थ ट्रैफिक कांस्टेबल रणजीत सिंह पर पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के वरिष्ठ अफसरों ने तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करते हुए उसे लाइन अटैच कर दिया है। रणजीत ने एक महिला को होटल में रुकने और फ्लाइट का टिकिट करवाने का प्रलोभन दिया था।
पहले भी विवादों में आ चुका है रणजीत
कौन है रणजीत सिंह
इंदौर ट्रैफिक पुलिस में पदस्थ जवान रणजीत सिंह डांस करते हुए ट्रैफिक संभालने के लिए काफी फेमस है। वह अपनी अलग तरह की एक्टिविटी के लिए केबीसी में फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन के शो में भी जा चुका है। साथ ही पिछले दिनों द कपिल शर्मा शो में भी उसे बुलाया गया था। यही नहीं, उसकी ड्यूटी भी अधिकतर हाई कोर्ट चौराहे पर ही लगती है।
वीडियो जारी कर फटकारा महिला ने
एक महिला का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें वह ट्रैफिक जवान रणजीत सिंह के लिए कहती नजर आ रही है कि– एक बंदा है बहुत ही फेमस है। जो कि न्यूज में भी आ चुका है। उसने पहले मुझे एक बार मैसेज किया कि यू आर ए वैरी ब्रेव लेडी, आई सैल्यूट यू। तो मुझे काफी अच्छा लगा। इतने फेमस आदमी ने मेरी तारीफ की। मैंने उसको थैंक्यू बोला और बातचीत वहीं पर खतम हो गई। एक महीने से ना उसने कोई मैसेज किया और ना ही मैंने उसे कोई मैसेज किया।
शेम ऑन यू
महिला ने यह भी कहा था कि कल उसने मेरी रील देखी होगी। तो बोल रहा है कि– यार आप इंदौर क्यों नहीं आ जाते। मैं आपकी फ्लाइट का सारा इंतजाम कर दूंगा, होटल बुक कर दूंगा। क्योंकि हमारी दोस्ती है। मैं तुझे गाली नहीं दे रही। मेरी और तेरी दोस्ती कब हुई। तुम सारे आदमी एक जैसे हो ना। तुमने अगर मेरी स्टोरी पर कुछ लिखा और मैंने थैंक्यू बोल दिया तो दोस्ती हो गई। इसे दोस्ती कहते हैं। अबे यार, शर्म कर। तू फेमस है तेरी रिस्पेक्ट कर रही हूं। आइंदा से कभी अप्रोच मत करना। शेम ऑन यू।
जवाब में यह कहा रणजीत ने
महिला द्वारा जारी किए गए वीडियो के जवाब में शाम को ट्रैफिक पुलिस के रणजीत सिंह ने भी एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। उसमें रणजीत ने कहा है कि मैं रणजीत सिंह डांसिंग कॉप इंडिया हूं। पिछले दो–तीन घंटे से मैं काफी परेशान हो रहा हूं। क्योंकि एक महिला हैं जिसने सालभर पहले मुझसे कहा था कि वह मेरी काफी बड़ी फैन हैं। उन्होंने मुझसे कहा था कि मैं आपको ट्रैफिक संभालते हुए देखना चाहती हूं। इस पर मैंने हंसी–मजाक में कहा था कि आप इंदौर आ जाएं। मैं आपकी फ्लाइट और होटल बुक कर देता हूं, आप मुझे लाइव देख लीजिएगा। इस बात को तोड़–मरोड़कर और अलग तरह से पेश किया गया है। वे मेरी छवि खराब करना चाहती हैं। शायद उन्हें फेमस होना होगा। मैं उनको जानता भी नहीं हूं और ना ही मेरी कभी उनसे मुलाकात हुई है। मैंने बहुत मेहनत से अपनी इज्जत कमाई है और बहुत साल लगे हैं मुझे अपनी इज्जत कमाने में। नाम हुआ इसका ये मतलब नहीं कि कोई भी मुझे बदनाम कर देगा। रणजीत ने इंदौर का नाम हमेशा ही फेमस किया है। कोई भी व्यक्ति कुछ भी लिखेगा तो उस पर भ्रमित मत होना। मैं सायबर क्राइम और उच्च अधिकारियों से कहूंगा कि वे इसकी जांच करें और मुझे जो मानहनि हुई है उसके लिए भी कार्रवाई करूंगा।