इंदौर में जलसंकट में महापौर बोले, कांग्रेस पार्षद टैंकर बेच रहे हैं और प्रदर्शन के नाम पर नौटंकी कर रहे
Indore: इंदौर में इस बार जलसंकट के कारण जनता उबल रही है और राजनीति गरमा रही है। इंदौर विधानसभा-5 के विधायक महेंद्र हार्डिया, महापौर के घर जाकर धरना देने की बात कह चुके। हालांकि संगठन की फटकार के बाद महापौर के घर चाय पीने गए और फिर अगले दिन बिना हेलमेट बुलेट पर घूमते नजर आए। विधानसभा दो के विधायक रमेश मेंदोला के घर पर बीजेपी पार्षद ही भीड़ लेकर पहुंच गए। वहीं कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी ने पुलिस अधिकारी के पैरों पर लोट-लोटकर प्रदर्शन किया। अब महापौर ने इन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पार्षद सहित 18 पर हुआ केस
कांग्रेस पार्षद सोलंकी ने पालदा एरिया में जलसंकट को लेकर वार्ड 75 में धरना प्रदर्शन और चक्काजाम किया। इसमें पुलिस ने रोका तो वह अधिकारी के पैरों पर लौट-लौटकर पानी दो के नारे लगाते हुए दिखे। अब भंवरकुआं थाने में सोलंकी के साथ ही 18 लोगों पर चक्काजाम करने पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
महापौर बोले- पानी बेचेंगे तो कौन सुनेगा
महापौर पुष्यमित्र भार्गव बोले कांग्रेस का यह प्रदर्शन शर्मनाक है। ऐसे समय में टैंकरों से पानी बेचना, उनका हिसाब नहीं रखना और नौटंकी कर रहे हैं। लोट-लोट के प्रदर्शन केवल नौटंकी है। निगम चुनाव आने वाले हैं इसलिए नौटंकी डबल हो गई। टैंकर बेचेगें तो उनकी कौन सुनेगा, कोई नहीं।
पार्षद से बोले- महापौर कम लिया करो
उधर बीजेपी के ही पार्षद लाल बहादुर वर्मा ने भी इंदौर विधानसभा दो के विधायक रमेश मेंदोला के घऱ पर प्रदर्शन किया। वह भीड़ लेकर पहुंचे। इसके बाद वर्मा, विधायक व अधिकारियों के साथ महापौर की बैठक हुई। इस बैठक से बाहर आने पर महापौर ने पार्षद वर्मा से कहा कि कम लिया करो और स्वास्थ्य पर ध्यान दो।
इधर विधायक का जलसंकट दूर, बुलेट पर घूम रहे
उधर इंदौर विधानसभा पांच के विधायक महेंद्र हार्डिया ने कुछ दिन पहले तेवर दिखाए थे। साथ ही कहा था कि उनकी विधानसभा में पानी का संकट है और स्थिति विस्फोटक हो रही है। लोग रोज घर पर आ रहे हैं। समस्या नहीं सुलझी तो महापौर के घर प्रदर्शन करूंगा। बाद में संगठन ने फटकार लगाई तो नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा के साथ महापौर के घर गए और कहा कि मुझे गलत जानकारी थी। अगले दिन वह बुलेट पर बिना हेलमेट घूमते नजर आए।
सीएम आदेश के बाद कलेक्टर घूमे
वहीं जलसंकट को देखते हुए सीएम मोहन यादव ने जलापूर्ति से जूड़े विभागों में छुट्टियां रद्द कर दी है। कलेकक्टर को आदेश दिए हैं वह मानीटरिंग करें। इसके बाद सोमवार सुबह कलेक्टर शिवम वर्मा और निगमायुक्त इंदौर क्षितिज सिंघल ने शहर में कई जगह दौरे किए और पानी की स्थिति देखी। जल वितरण पर पूरा फोकस है कि समान रूप से पानी बंटे और अवैध रूप से पानी बेचा नहीं जाए।
ये भी पढ़ें...
भागीरथपुरा कांड में जांच कमीशन ने फिर मांगा समय, हाईकोर्ट ने 14 जून तक मांगी रिपोर्ट