इंदौर में मोमोज के अंदर रेंगती मिलीं इल्लियां, शिकायत की तो बदतमीजी करने लगा स्टाफ
इंदौर शहर में बाहर मिलने वाले खाने की क्वालिटी को लेकर एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अगर आप भी बाहर रेस्टोरेंट या कैफे में मोमोज खाने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है।
सी-21 मॉल के पीछे, डायमेंशन फर्निचर के सामने बने वी-आर-वन रेस्टोरेंट में मोमोज के अंदर इल्लियां रेंगती हुई मिली हैं।
मोमोज के साथ मिलीं इल्लियां
दरअसल यह घटना शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे की है। इंदौर के रहने वाले दीपक मीणा अपने कुछ दोस्तों के साथ इस रेस्टोरेंट में मोमोज खाने पहुंचे थे।
दीपक ने मोमोज का ऑर्डर दिया लेकिन जैसे ही खाने की प्लेट सामने आई उनके होश उड़ गए। मोमोज के ऊपर और अंदर जिंदा इल्लियां रेंग रही थीं।
शिकायत करने पर स्टाफ ने की बदतमीजी
जब दीपक और उनके दोस्तों ने यह खराबी देखी तो उन्होंने तुरंत रेस्टोरेंट संचालक सिद्धार्थ मालवीय और वहां काम करने वाले कर्मचारी सोनू पाल को बुलाया।
वहीं अपनी गलती सुधारने या माफी मांगने की जगह सोनू ने पल्ला झाड़ते हुए कहा हम मोमोज खुद नहीं बनाते हैं। इसलिए इसमें हमारी कोई गलती नहीं है।
दीपक का आरोप है कि सही जवाब देने के बजाय रेस्टोरेंट के लोगों ने उनके साथ काफी बदतमीजी और बहस की।
फ्रोजन बास्केट में भी मिलीं इल्लियां
रेस्टोरेंट वालों के इस बर्ताव के बाद ग्राहकों ने खुद रेस्टोरेंट में रखी फ्रोजन मोमोज की बास्केट को चेक किया। जब उन्होंने बास्केट खोली तो वहां रखे दूसरे कच्चे और फ्रोजन मोमोज में भी इल्लियां रेंगती हुई दिखाई दीं। इससे यह साफ हो गया कि वहां मिलने वाला खाना सेहत के लिए कितना खतरनाक था।
खाद्य विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग
इस पूरी घटना के बाद ग्राहक दीपक मीणा ने मामले को हल्के में न लेते हुए सीधे खाद्य विभाग से संपर्क किया। उन्होंने रेस्टोरेंट के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। दीपक का कहना है कि यह लोगों की सेहत से जुड़ा बहुत ही गंभीर मामला है।
अपनी शिकायत के साथ उन्होंने रेस्टोरेंट की सही लोकेशन मौके पर खींची गई तस्वीरें और वीडियो भी सबूत के तौर पर खाद्य विभाग को सौंपे हैं। उन्होंने मांग की है कि रेस्टोरेंट में साफ-सफाई और खाने के रखरखाव की पूरी जांच हो।
सीनियर फूड इंस्पेक्टर का बयान
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीनियर फूड इंस्पेक्टर मनीष स्वामी ने बताया कि विभाग को शिकायत मिल गई है। उन्होंने कहा कि खाद्य विभाग की टीम रेस्टोरेंट का निरीक्षण करने जाएगी।
टीम यह पता लगाएगी कि ये मोमोज कहां बनाए जाते हैं। इंदौर के किन-किन दूसरे रेस्टोरेंट्स में सप्लाई होते हैं।
ये खबरें भी पढ़िए...
पैंट्रीकार का खाना खाने से 30 बच्चे बीमार, डॉक्टरों ने 50 मिनट तक ट्रेन रोक किया इलाज
वंदे भारत के बाद तेजस एक्सप्रेस में लापरवाही, वेज बिरयानी में निकली मक्खी
खाने में कीड़ा: स्विगी से मंगाई खिचड़ी में निकली मरी मक्खी, होटल पर किया इतने रुपए का जुर्माना
मटन कोल्हापुरी में निकला मरा चूहा, देखने से पहले आधा खा चुके थे बच्चे...