MP में इन शहरों के बीच बनेगा नया हाई-स्पीड फोरलेन, रायपुर एक्सप्रेसवे से जुड़ाव पर भी काम

Neel Tiwari | Feb 08, 2025, 22:38 IST
jabalpur bhopal high speed four lane road approved
केंद्र सरकार ने जबलपुर और भोपाल के बीच नया हाई-स्पीड फोरलेन को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस परियोजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

JABALPUR. मध्य प्रदेश में सड़क अधोसंरचना को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जबलपुर और भोपाल के बीच नया हाई-स्पीड फोरलेन मार्ग बनाने की योजना को केंद्र सरकार की स्वीकृति मिल गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस परियोजना की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।



केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से चर्चा

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की पहल पर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। हाल ही में भोपाल में आयोजित इंडियन रोड कांग्रेस के सम्मेलन में उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से इस परियोजना पर चर्चा की थी। इस दौरान जबलपुर-भोपाल हाई-स्पीड फोरलेन मार्ग के अलावा, लखनादौन-रायपुर एक्सप्रेसवे को जबलपुर से जोड़ने के विकल्पों पर भी बात हुई थी। इसके तहत, जबलपुर से भोपाल की यात्रा को तेज और सुगम बनाने के लिए नए शॉर्टकट रूट की तलाश की जाएगी।



ये खबर भी पढ़ें..



जबलपुर-रायपुर के बीच चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, जानें रूट और स्टॉपेज



राज्य की कनेक्टिविटी को मिलेगी नई दिशा

मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि जबलपुर-भोपाल हाई-स्पीड मार्ग के लिए सर्वे का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही डीपीआर तैयार कर इसे मूर्त रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इससे न केवल जबलपुर से भोपाल का सफर कम समय में पूरा किया जा सकेगा, बल्कि इस मार्ग पर निर्भर व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।



इसी तरह, लखनादौन-रायपुर एक्सप्रेसवे को जबलपुर से जोड़ने के लिए भी केंद्र सरकार ने निर्देश जारी किए हैं। इस विषय में आज NHAI के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें चार से पांच वैकल्पिक मार्गों पर विस्तार से चर्चा हुई।



ये खबर भी पढ़ें..



फर्जी फैकल्टी और बायोमेट्रिक प्रेजेंट में गड़बड़ी, MP के इस कॉलेज पर लगा 1 करोड़ का जुर्माना



जनजातीय क्षेत्रों के विकास को मिलेगी गति

बैठक में मंत्री राकेश सिंह ने सुझाव दिया कि यदि इस नए मार्ग को मंडला जिले से जोड़ा जाए, तो यह न केवल विशाखापत्तनम और रायपुर के लिए एक बेहतरीन संपर्क मार्ग बनेगा, बल्कि जनजातीय क्षेत्रों के विकास को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन सभी विकल्पों पर गहन मंथन के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।



सड़क विकास की दिशा में मजबूत कदम

मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश में सड़क निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अगुवाई में प्रदेश सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम उठा रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम जल्द ही देखने को मिलेंगे।



इस नए हाई-स्पीड फोरलेन मार्ग और रायपुर एक्सप्रेसवे से जुड़ाव की योजना से जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन और व्यापार की संभावनाओं को नया विस्तार मिलेगा। आने वाले समय में यह परियोजना मध्य प्रदेश के परिवहन क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ने जा रही है।



ये खबर भी पढ़ें..



Delhi Election: BJP की प्रचंड जीत पर MP में जश्न, CM मोहन बोले- आप-दा से मुक्त हुई दिल्ली



नीमच CEO किडनैपिंग केस में खुलासा, तहसीलदार ने कहा था- बहन से शादी करो या 1 करोड़ दो



Tags:
  • Jabalpur News
  • जबलपुर न्यूज
  • मध्य प्रदेश
  • NHAI
  • केद्रीय मंत्री नितिन गडकरी
  • फोरलेन हाईवे
  • पीडब्लूडी मंत्री राकेश सिंह
  • जबलपुर-भोपाल फोरलेन