लाड़ली बहनें सावधान! 41वीं किस्त से पहले इन बातों का रखें ध्यान, नहीं तो आप भी हो सकती हैं ठगी का शिकार

Aman Vaishnav | Oct 12, 2026, 12:19 IST
लाड़ली बहना योजना में नाम जुड़वाने के नाम पर ठगी
मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त जल्द आने वाली है। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 अक्टूबर को उमरिया से महिलाओं के खातों में पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं। वहीं, किस्त आने से पहले ही ठग भी सक्रिय हो गए हैं। ये ठग नए-नए तरीके अपनाकर लाड़ली बहनों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं।

लाड़ली बहना योजना के नाम पर ठगी

बता दें कि कभी योजना में नाम जुड़वाने तो कभी किस्त दिलाने के नाम पर महिलाओं को निशाना बनाया जाता है। कई मामलों में ठग महिलाओं को APK फाइल भेजकर उनके मोबाइल और निजी जानकारी तक पहुंचने की कोशिश करते हैं।



इस बार ग्वालियर में हुई इस ठगी का तरीका थोड़ा अलग था। यहां एक युवती ने 80 साल की बुजुर्ग महिला को लाड़ली बहना योजना में नाम जुड़वाने का झांसा दिया। इसके बाद वह उन्हें सरकारी दफ्तर ले जाने के बहाने ऑटो में घुमाती रही। फिर गहने चोरी होने का डर दिखाकर बुजुर्ग से उनके जेवर उतरवा लिए और थैला लेकर फरार हो गई।



नेल पॉलिश खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंची युवती

जानकारी के अनुसार ग्वालियर की रहने वाली विद्या बाई कुशवाह अपने घर में ही कॉस्मेटिक की छोटी दुकान चलाती हैं। घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे वह दुकान पर अकेली थीं। इसी दौरान गुलाबी सलवार-सूट पहने करीब 25-26 साल की एक युवती नेल पॉलिश खरीदने पहुंची।



बातचीत के दौरान युवती ने बुजुर्ग से पूछा कि उन्हें लाड़ली बहना योजना (ladli behna yojana) का पैसा मिलता है या नहीं। महिला ने मना किया तो युवती ने उनका फॉर्म भरवाने का झांसा दिया। इसके लिए उसने बुजुर्ग को बड़े ऑफिस चलने के लिए कहा। उसकी बातों में आकर विद्या बाई उसके साथ ऑटो में बैठ गईं।



सरकारी दफ्तर के नाम पर घुमाती रही युवती

आरोपी युवती बुजुर्ग को पहले बहोड़ापुर चौराहे ले गई। वहां कोई सरकारी दफ्तर नहीं दिखा तो महिला को शक हुआ। उन्होंने घर वापस छोड़ने के लिए कहा। इसके बाद युवती उन्हें पुरानी छावनी ले गई।



बुजुर्ग ने जब विरोध किया तो युवती ऑटो को वापस महाराज बाड़े की तरफ ले गई। फिर वह महिला को सागर होटल वाली गली में उतार ले गई।



गहने काटने का डर दिखाकर उतरवाए जेवर

सागर होटल वाली गली में युवती ने बुजुर्ग से कहा कि महाराज बाड़े पर बहुत भीड़ है। वहां कोई उनके गहने काट सकता है। उसने महिला को अपने जेवर उतारकर थैले में सुरक्षित रखने की सलाह दी।



उसकी बातों में आकर विद्या बाई ने सोने के टॉप्स, सोने के मोतियों वाला मंगलसूत्र, पेंडल और चांदी की अंगूठी उतार दी। साथघर की चाबियों के दो गुच्छे, पैन कार्ड और वोटर आईडी भी थैले में रख लिए।



इसी दौरान आरोपी युवती गहनों और जरूरी सामान से भरा थैला लेकर फरार हो गई। ठगी का अहसास होने पर बुजुर्ग ने मदद मांगी। एक ई-रिक्शा चालक की मदद से वह घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी घटना बताई।



सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश

परिजन बुजुर्ग महिला को लेकर झांसी रोड थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में गुलाबी सूट पहने संदिग्ध युवती बुजुर्ग महिला के साथ दिखाई दे रही है।एएसपी जयराज कुबेर की पुलिस टीम संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।



APK फाइल भेजकर ठगी

लाड़ली बहना योजना में नाम जुड़वाने या किस्त दिलाने के नाम पर ठग अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। कई बार महिलाओं को मोबाइल पर APK फाइल भेजी जाती है। इसे योजना का फॉर्म या सरकारी ऐप बताकर इंस्टॉल करने के लिए कहा जाता है।



ऐसी फाइल इंस्टॉल करने से मोबाइल की सुरक्षा और निजी जानकारी खतरे में पड़ सकती है। इसलिए किसी अनजान नंबर से आई APK फाइल इंस्टॉल न करें। योजना से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल करें।



लाड़ली बहना योजना की किस्त पाने या नाम जुड़वाने के लिए किसी अनजान व्यक्ति को अपने गहने, ओटीपी या बैंकिंग जानकारी देने की जरूरत नहीं है।



महिलाएं इन बातों का खास ध्यान रखें।

  • किसी अनजान व्यक्ति को बैंक खाते का OTP या ATM PIN न बताएं।
  • किस्त पाने के लिए भेजे गए अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
  • WhatsApp पर आए फर्जी मैसेज और लिंक से बचें।
  • राशि जारी कराने के नाम पर किसी को पैसे न दें।
  • बैंक खाते और भुगतान की जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट cmladlibahna.mp.gov.in से चेक करें।
  • ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट दर्ज कराएं।

ध्यान रखें: लाड़ली बहना योजना की किस्त पाने के लिए किसी अनजान लिंक पर रजिस्ट्रेशन करना या OTP साझा करना जरूरी नहीं है।




Ladli Behna Payment Status कैसे चेक करें?

लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाएं घर बैठे अपने भुगतान की स्थिति देख सकती हैं।



इसके लिए योजना की आधिकारिक वेबसाइट cmladlibahna.mp.gov.in पर जाना होगा। यहां आवेदन एवं भुगतान की स्थिति वाला विकल्प चुनना होगा।



इसके बाद मांगी गई जानकारी भरकर भुगतान का विवरण देखा जा सकता है। महिलाएं अपने बैंक खाते में जमा राशि की जानकारी भी प्राप्त कर सकती हैं।



Tags:
  • लाड़ली बहना योजना में नाम जुड़वाने का झांसा
  • लाड़ली बहना योजना
  • लाड़ली बहना योजना की किस्त
  • Ladli Behna Payment Status
  • लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाएं
  • ladli behna yojana
  • लाड़ली बहना योजना के नाम पर ठगी
  • APK फाइल भेजकर ठगी