सदन से पहले एजेंडा वॉर शुरू, सरकार कानूनों पर अड़ी तो विपक्ष जनता के मुद्दों की फाइल खोलेगा
ऐसे समझें क्या है पूरा मामला...
- 19 जुलाई को भाजपा और कांग्रेस विधायक दल की बैठक।
- सरकार कई नए विधेयक पेश करने की तैयारी में।
- यूसीसी पर सबसे ज्यादा राजनीतिक टकराव के संकेत।
- कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाएगी।
- 20 जुलाई से विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होगा।
विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने से पहले ही मध्य प्रदेश की राजनीति में "एजेंडा की जंग" छिड़ गई है। सरकार सदन को नए कानूनों और विधेयकों के जरिए अपनी नीति का मंच बनाना चाहती है।
वहीं, कांग्रेस इसे जनता के मुद्दों की लड़ाई में बदलने की तैयारी कर रही है। इसी रणनीतिक मुकाबले की पहली बिसात 19 जुलाई को भाजपा और कांग्रेस विधायक दल की अलग-अलग बैठकों में बिछेगी।
पहली लड़ाई सदन में नहीं, रणनीति कक्ष में
20 जुलाई को विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले 19 जुलाई को दोनों दल अपने-अपने विधायकों के साथ रणनीति तय करेंगे। किस मुद्दे को प्राथमिकता मिलेगी, किस सवाल पर सरकार को घेरा जाएगा और किस विधेयक पर कितना विरोध होगा, इसका खाका इन्हीं बैठकों में तैयार होगा।
विधेयकों से तय होगा राजनीतिक संदेश
सरकार मानसून सत्र में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) सहित कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इसके अलावा कॉलोनाइजर एक्ट, फायर सेफ्टी एक्ट, कोचिंग विनियमन विधेयक, प्रथम अनुपूरक बजट, सिंहस्थ मेला अधिनियम और अन्य संशोधन विधेयक भी सदन के एजेंडे में शामिल हैं। सरकार मानती है कि इन विधेयकों के जरिए प्रशासनिक सुधार और नई नीतियों का संदेश दिया जाएगा।
विपक्ष का फोकस: कानून नहीं, जनता के सवाल
कांग्रेस का पूरा फोकस सरकार के विधायी एजेंडे से अलग जनहित के मुद्दों पर रहेगा। पार्टी का आरोप है कि सरकार नए विधेयकों के जरिए मूल समस्याओं से ध्यान हटाना चाहती है।
कांग्रेस इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी...
- केन-बेतवा लिंक परियोजना से विस्थापन
- सिंगरौली में पेड़ों की कटाई
- आदिवासी भूमि के मामले
- बेरोजगारी
- महंगाई
- कानून-व्यवस्था
- भ्रष्टाचार
यूसीसी पर सबसे ज्यादा टकराव के संकेत
मानसून सत्र में सबसे अधिक चर्चा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर होने की संभावना है। सरकार इसे अपनी बड़ी नीति के रूप में पेश करेगी, जबकि कांग्रेस इसके औचित्य और समय को लेकर सवाल उठा सकती है। ऐसे में यह विधेयक सदन का सबसे चर्चित विषय बन सकता है।
20 जुलाई से शुरू होगा सियासी टेस्ट
20 जुलाई को विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक होगी। इसमें सदन की कार्यवाही, समय निर्धारण और सरकारी कार्यों का कार्यक्रम तय किया जाएगा। इसके बाद सत्ता और विपक्ष आमने-सामने होंगे।
ये खबरें भी पढ़ें...
मध्य प्रदेश के 7 पुलिस अफसर बनेंगे आईपीएस अधिकारी, जानें किन्हें मिला प्रमोशन
दतिया उपचुनाव का मुकाबला दो दलों का नहीं, 21 उम्मीदवारों ने बदला पूरा गणित
बेटे की मौत के बाद दंपती को हाईकोर्ट से नई उम्मीद, 52 वर्षीय महिला को IVF की मंजूरी
दतिया उपचुनाव: SIR में 7,239 वोटर्स हुए कम, 2023 में इतना ही था कांग्रेस जीत का अंतर