अवैध पटाखा फैक्ट्री: हर धमाके के बाद कार्रवाई, लेकिन मौत का कारोबार नहीं हो रहा बंद?
ऐसे समझें पूरा मामला...
- देवास ब्लास्ट में अब तक 8 लोगों की मौत हुई।
- हरदा विस्फोट में 11 लोगों की जान गई थी।
- पेटलावद हादसे में करीब 89 लोगों की मौत हुई।
- रिहायशी इलाकों में अवैध बारूद भंडारण लगातार जारी है।
- मजदूर बिना सुरक्षा उपकरणों के खतरनाक फैक्ट्रियों में काम करते हैं।
मध्यप्रदेश में अवैध पटाखा फैक्ट्रियां अब सिर्फ नियम उल्लंघन का मामला नहीं रहीं, बल्कि रिहायशी इलाकों में चल रहे ‘मौत के गोदाम’ बन चुकी हैं।
हर बड़े धमाके के बाद प्रशासन जांच, एफआईआर और कार्रवाई की बातें करता है, लेकिन कुछ समय बाद फिर किसी शहर से चीखों और बारूद की खबर सामने आ जाती है। देवास से हरदा, झाबुआ से इंदौर तक सवाल एक ही है, आखिर मौत का यह कारोबार किसके संरक्षण में पल रहा है?
ब्लास्ट के बाद गिरफ्तारी, लेकिन क्या यही पूरी कार्रवाई है?
देवास के टोंककला पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में मुख्य आरोपी मुकेश विज को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। वह चीन के ग्वांग्झू से लौट रहा था, लेकिन बड़ा सवाल गिरफ्तारी से आगे का है।
क्या हर हादसे के बाद सिर्फ मालिक की गिरफ्तारी ही सिस्टम की जिम्मेदारी पूरी कर देती है? क्योंकि जिन मजदूरों ने फैक्ट्री में काम करते हुए अपनी जान गंवाई, उनके परिवारों के लिए यह कार्रवाई सिर्फ कागजी राहत बनकर रह जाती है।
रिहायशी इलाकों में कैसे बन जाते हैं ‘बारूद के अड्डे’?
मध्यप्रदेश के कई शहरों में अवैध पटाखा फैक्ट्रियां आबादी के बीच चलती रही हैं। स्थानीय लोग अक्सर शिकायत करते हैं कि भारी मात्रा में बारूद जमा किया जाता है, सुरक्षा इंतजाम नाममात्र के होते हैं और प्रशासन को इसकी जानकारी भी रहती है। इसके बावजूद कार्रवाई अक्सर तब होती है, जब कोई बड़ा धमाका हो जाता है।
देवास पटाखा फैक्ट्री: जब सड़क पर बिखरे शरीर के टुकड़े
देवास जिले के टोंककला इलाके में 14 मई 2026 को हुए विस्फोट ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। धमाका इतना तेज था कि कई किलोमीटर दूर तक आवाज सुनाई दी। फैक्ट्री की इमारत पलभर में ढह गई और आसपास के मकानों की दीवारें तक हिल गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर इंसानी शरीर के टुकड़े और जले हुए अवशेष बिखरे पड़े थे। कई मजदूर बुरी तरह झुलसी हालत में बाहर भागते नजर आए। अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
हरदा ब्लास्ट: जहां धमाके ने पूरा शहर दहला दिया
हरदा के बैरागढ़ इलाके में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट ने ऐसा मंजर पैदा किया, जिसे लोग आज भी भूल नहीं पाए हैं। धमाका इतना भयानक था कि आसपास के घर जमींदोज हो गए और लोग कई फीट दूर जाकर गिरे। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई थी और 200 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
झाबुआ: प्रदेश का सबसे दर्दनाक विस्फोट
पेटलावद ब्लास्ट मध्यप्रदेश के सबसे भयावह हादसों में गिना जाता है। अवैध गोदाम में रखी विस्फोटक सामग्री ने पूरे इलाके को तबाह कर दिया था। इस हादसे में करीब 89 लोगों की जान चली गई थी। आज भी यह सवाल कायम है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री आखिर आबादी के बीच पहुंची कैसे?
इंदौर, मुरैना, दमोह... हादसे बदलते रहे, तस्वीर नहीं
इंदौर के सांवेर क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट ने कई लोगों को झुलसा दिया था। मुरैना में दिवाली के बीच पटाखा फैक्ट्री का धमाका पूरा मकान निगल गया।
दमोह, ग्वालियर और दतिया में भी इसी तरह के हादसों ने कई परिवार खत्म कर दिए। लगातार हो रहे इन विस्फोटों ने यह साफ कर दिया है कि समस्या सिर्फ एक फैक्ट्री की नहीं, बल्कि पूरे निगरानी तंत्र की है।
हर हादसे के बाद वही सवाल...
- अवैध फैक्ट्रियों को लाइसेंस कौन देता है?
- रिहायशी इलाकों में बारूद का स्टॉक कैसे पहुंचता है?
- शिकायतों के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं होती?
- हादसे से पहले प्रशासन सक्रिय क्यों नहीं दिखता?
- जांच रिपोर्टों के बाद जिम्मेदारी तय क्यों नहीं होती?
मजदूरों की जान सबसे सस्ती क्यों?
इन फैक्ट्रियों में काम करने वाले ज्यादातर मजदूर गरीब परिवारों से आते हैं। कम मजदूरी में वे जान जोखिम में डालकर बारूद के बीच काम करते हैं।
सुरक्षा उपकरण तक उपलब्ध नहीं होते, लेकिन मजबूरी उन्हें मौत के साये में काम करने को मजबूर करती है। जब हादसा होता है, तो कुछ लाख मुआवजे की घोषणा कर दी जाती है और मामला धीरे-धीरे फाइलों में दब जाता है।
क्या सिर्फ हादसों का इंतजार करता रहेगा सिस्टम?
मध्यप्रदेश में बारूद से जुड़े हादसे अब अपवाद नहीं रहे, बल्कि बार-बार दोहराई जा रही चेतावनी बन चुके हैं। हर विस्फोट के बाद प्रशासनिक सख्ती की बातें होती हैं, लेकिन कुछ समय बाद वही लापरवाही फिर सामने आ जाती है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सिस्टम अगली त्रासदी का इंतजार करता रहेगा, या फिर अवैध पटाखा कारोबार पर स्थायी और कठोर कार्रवाई भी कभी दिखाई देगी?
ये खबरें भी पढ़ें...
हरदा हादसा जैसा 9 साल पहले हुआ था पेटलावद ब्लास्ट, 79 की गई थी जान
अवैध पटाखा फैक्ट्री में दोबारा आग लगी, 10 दिन में दूसरी बार घटना