MPPSC राज्य सेवा परीक्षा 2023 में नया ट्रेंड- पूर्व में चयनित बने डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी

Sanjay Gupta | Nov 09, 2025, 12:29 IST
mppsc-rajasthan-service-exam-2023-trend-deputy-collector-dsp-selected
MPPSC राज्य सेवा परीक्षा 2023 के परिणाम में नया ट्रेंड देखने को मिला है। इसमें अधिकांश उन उम्मीदवारों का चयन हुआ है जो पहले से ही किसी सरकारी पद पर नियुक्त थे।

INDORE. मप्र लोक सेवा आयोग (पीएससी) ने राज्य सेवा परीक्षा 2023 का रिजल्ट जारी कर दिया है। कुल 229 उम्मीदवार इस परीक्षा में थे। 87 प्रतिशत फार्मूले से 204 पदों की चयन सूची का रिजल्ट जारी होना था, लेकिन सात पद भूतपूर्व सैनिकों के रिक्त रहे हैं और 197 पदों की सूची जारी हुई है।



इसमें पन्ना के अजीत मिश्रा ने टॉप किया है। वहीं डीएसपी में नारीशक्ति भारी पड़ी है और 13 पद इनके खाते में गए हैं।



रैंक 1 - अजीत मिश्रा अभी नायब तहसीलदार

पन्ना के अजीत मिश्रा ने पीएससी 2023 में टॉप किया है। वह साल 2022 में पहले नायब तहसीलदार चयनित होकर अभी मैहर में पदस्थ हैं। साल 2024 में वह असिस्टेंट डायरेक्टर (फाइनेंस) के पद पर चयनित हुए थे। यह उनका चौथा प्रयास था।



a0a577a4-509

ये खबर भी पढ़िए...MPPSC राज्य सेवा परीक्षा 2023 टॉपर, किसी के पिता की प्रसाद की तो किसी की किराने की दुकान



रैंक 2 - भुवनेश डीएसपी से डिप्टी कलेक्टर

पीएससी 2023 में रैंक टू पर रहे भुवनेश चौहान साल 2021 में डीएसपी पद पर चयनित हो चुके हैं। साथ ही, अभी ट्रेनिंग पर हैं। वह रायसेन जिले के गूगलवाड़ा तहसील बाड़ी के निवासी हैं। इसके पहले वह फॉरेस्ट रेंजर और पटवारी पद पर भी चयनित हो चुके थे।



9ebfdcec-4c3

रैंक 3 - स्वर्णकार भी दो बार चुने जा चुके

वहीं सागर के यशपाल स्वर्णकार टॉप थ्री रैंक पर रहे हैं और डिप्टी कलेक्टर बने हैं। वह अभी आडिट सेवा में हैं। साल 2021 में वह इसमें पीएससी से चयनित हुए थे, फिर वह 2022 में जीएसटी इंस्पेक्टर पर चयनित हुए। यह उनका तीसरा चयन है।



c68375f3-53d

ये खबर भी पढ़िए...MPPSC राज्य सेवा परीक्षा 2023 का फाइनल रिजल्ट जारी, डीएसपी में 13 महिलाएं, पन्ना के अजीत मिश्रा टॉपर



रैंक 4 - अभिषेक जैन भी डीएसपी से डिप्टी कलेक्टर

दमोह के अभिषेक जैन इस बार डिप्टी कलेक्टर बने हैं और चौथे पायदान पर रहे हैं। वह इसके पहले 2024 में डीएसपी पर चयनित हुए थे। हालांकि अभी 2024 वालों की जॉइनिंग नहीं हुई है। इसके पहले ही वह डिप्टी कलेक्टर हो गए हैं। वह इसके पहले जनपद सीईओ, लेखा सेवा में भी चयनित हो चुके हैं। अभी जनपद सीईओ लखनादौन में पदस्थ हैं।



e29e7cae-df1

रैंक 6 - प्रिया अभी लेबर डिपार्टमेंट में

चयन सूची में छठे पायदान पर आकर डिप्टी कलेक्टर बनीं प्रिया अग्रवाल मूल रूप से सतना के बिरसिंहपुर की हैं। इनके पिता की मंदिर के पास प्रसाद की दुकान है। वह भी पूर्व में साल 2021 की पीएससी में लेबर डिपार्टमेंट में चयनित हो चुकीं हैं।



5bca3da3-254

ये खबर भी पढ़िए...MP News: मध्यप्रदेश राज्य सेवा परीक्षा 2023 के लिए आई खुशखबरी, मिलेंगे नए अधिकारी



रैंक 9 - कल्पेश सिंघई भी पूर्व चयनित

रैंक 9 पर आकर डिप्टी कलेक्टर बने भोपाल के कल्पेश सिंघई भी पूर्व में चयनित हैं। वहीं, अभी नगरीय विकास प्राधिकरण में पदस्थ हैं।



0d64c896-679

रैंक 10 - अदिति भी ट्रेजरी ऑफिसर

टॉप 10 रैंक पर रही अदिति जैन के पिता की छतरपुर के गांव में किराने की दुकान है। वह अभी ट्रेजरी ऑफिसर हैं। इसके पहले वह असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर पर और 2024 में ट्रेजरी ऑफिसर पर चयनित हुई थीं। अब वह डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित हुई हैं।



c435e875-e4a

ये खबर भी पढ़िए...MPPSC राज्य सेवा परीक्षा 2023 के लिए आई खुशखबरी, मिलेंगे नए अधिकारी



टॉपर अजीत मिश्रा को 966 अंक मिले

MPPSC राज्य सेवा परीक्षा 2023 में टॉपर ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के अजीत मिश्रा रहे हैं। इन्हें कुल 1575 में से 966 अंक मिले हैं। इन्हें लिखित परीक्षा में 1400 में सबसे ज्यादा 821 अंक हासिल हुए। साथ ही, इंटरव्यू में 175 अंक में से 145 अंक हासिल हुए।



इसके बाद

  • दूसरे नंबर पर भुवनेश चौहान को 941.75 अंक
  • तीसरे नंबर पर यशपाल स्वर्णकार को 909.25 अंक
  • चौथे नंबर पर अभिषेक जैन को 889.25 अंक
  • पांचवे पायदान पर अनुराग गुर्जर को 888.25 अंक
  • छठे पायदान पर प्रिया अग्रवाल को 885 अंक
  • सातवें पायदान पर अर्पिता राय को 869.50 अंक
  • आठवें पायदान पर सूरज सिंह को 862.50 अंक
  • नौवें पायदान पर कल्पेश सिंह को 862 अंक
  • दसवें पायदान पर अदिति जैन को 861.75 अंक हासिल हुए।

(लिखित परीक्षा 1400 अंक की और इंटरव्यू 175 अंक का होता है, कुल अंक 1575 होते हैं)



Tags:
  • MP News
  • मध्यप्रदेश
  • मप्र लोक सेवा आयोग
  • पीएससी
  • राज्य सेवा परीक्षा
  • MPPSC राज्य सेवा परीक्षा 2023