रीवा-रायपुर हवाई सेवा 17 मार्च से शुरू, जानें समय और टिकट किराया
रीवा वासियों के लिए हवाई सफर की खुशियां अब दोगुनी होने जा रही हैं। दिल्ली और इंदौर के बाद अब रीवा सीधे हवाई मार्ग से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से जुड़ने जा रहा है। आगामी 17 मार्च से इस नई हवाई सेवा की आधिकारिक शुरुआत होने जा रही है। इस रूट पर उड़ानों का संचालन अलायंस एयर कंपनी द्वारा किया जाएगा।
डिप्टी सीएम की कोशिशें लाईं रंग
रीवा और रायपुर के बीच बेहतर एयर कनेक्टिविटी स्थापित करने के लिए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला लंबे समय से प्रयासरत थे। उन्होंने इस सिलसिले में अलायंस एयर के प्रबंधन से मुलाकात कर जल्द सेवा शुरू करने का आग्रह किया था। अब वह शुभ घड़ी आ गई है। हालांकि डिटेल्ड शेड्यूल अभी एयरपोर्ट अथॉरिटी को मिलना बाकी है, लेकिन ऑनलाइन पोर्टल पर टिकटों की बुकिंग तेजी से शुरू हो गई है।
हफ्ते में तीन दिन मिलेगी उड़ान
रीवा से रायपुर के बीच यह हवाई सुविधा सप्ताह में तीन दिन- मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी। खास बात यह है कि दिल्ली से आने वाला विमान ही रीवा में रुकने के बाद रायपुर के लिए उड़ान भरेगा।
रायपुर से लौटकर यह विमान फिर रीवा आएगा और वहां से दिल्ली के लिए रवाना होगा। इस नए रूट के कारण दिल्ली-रीवा के बीच चलने वाली फ्लाइट के समय में भी स्थाई बदलाव किया गया है।
17 मार्च की टाइमिंग
उद्घाटन के दिन यानी 17 मार्च को विमान के समय में विशेष बदलाव रहेगा। इस दिन दिल्ली से विमान (ATR 72) दोपहर 12:30 बजे उड़ान भरकर 2:25 बजे रीवा पहुंचेगा। इसके बाद बाकी दिन
- रीवा से रायपुर: दोपहर 3:15 बजे रवाना होकर 4:35 बजे पहुंचेगा।
- रायपुर से रीवा: शाम 5:00 बजे उड़ान भरेगा और 6:15 बजे पहुंचेगा।
- रीवा से दिल्ली: शाम 6:40 बजे रवाना होकर रात 8:40 बजे दिल्ली पहुंचेगा।
19 मार्च से नियमित उड़ानों का नया समय
नियमित उड़ानों का शेड्यूल 19 मार्च से स्थाई रूप से लागू हो जाएगा। टिकट बुकिंग काउंटर के अनुसार नया समय इस प्रकार है-
- दिल्ली से रीवा: दोपहर 3:30 बजे रवाना होकर शाम 5:25 बजे पहुंचेगी।
- रीवा से रायपुर: शाम 5:50 बजे रवाना होकर रात 7:10 बजे पहुंचेगी।
- रायपुर से रीवा: रात 7:35 बजे रवाना होकर रात 8:50 बजे पहुंचेगी।
- रीवा से दिल्ली: रात 9:15 बजे रवाना होकर, रात 11:05 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
रायपुर जाना सस्ता, वापसी थोड़ी महंगी
किराया के मामले में अलायंस एयर ने मध्यम वर्ग का ध्यान रखा है, हालांकि आने-जाने की कीमतों में करीब 700 रुपए का अंतर है। रीवा से रायपुर जाने वाले यात्रियों के लिए टिकट दर 3 हजार 614 रुपए तय की गई है। वहीं, रायपुर से रीवा लौटने वाले यात्रियों को 4 हजार 293 रुपए का भुगतान करना होगा। रीवा और छत्तीसगढ़ के बीच व्यापारिक और पारिवारिक रिश्तों को इस सेवा से नई मजबूती मिलेगी।
ये खबरें भी पढ़ें...
एमपी से दुबई-सिंगापुर समेत 8 देशों और 17 घरेलू रूट्स पर जल्द शुरू होगी हवाई सेवा
22 दिसंबर से रीवा एयरपोर्ट से इंदौर के लिए इंडिगो की नियमित सेवा होगी शुरू
लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त जारी, 1.25 करोड़ बहनों को मिले 1500 रुपए
इंदौर के डेली कॉलेज प्रंबधन और मॉल संचालक पिंटू छाबड़ा को जिला प्रशासन ने थमाया नोटिस