कांग्रेस पार्षद रुबीना के पति बैठे थे निगम के भूमिपूजन में मंत्रोच्चार में, उठा सवाल फिर वंदेमातरम से ऐतराज क्यों
पांच प्वाइंट में समझें क्या है पूरा मामला
- रुबीना इकबाल खान के पति का पुराना वीडियो सामने आया है।
- वीडियो में भूमिपूजन के दौरान मंत्रोच्चार में पार्षद के पति बैठे दिखे।
- रुबीना के वंदेमातरम से ऐतराज पर अब सवाल उठ रहे हैं।
- पहले रुबीना ने वंदेमातरम गाने से इंकार किया था।
- मामले में पुलिस जांच और बयान की प्रक्रिया जारी है।
Indore. इंदौर नगर निगम के बजट सत्र में वंदेमातरम पर विवादित बोल से कांग्रेस पार्षद रुबीना इकबाल खान उलझी हुई हैं। उनके बोल कि किसके बाप में दम है जो जबरदस्ती वंदेमातरम बुलवा सके और कांग्रेस पार्टी जाए भाड़ में, ने उन्हें उलझा दिया है।
पार्षद ने यह भी कहा था कि हम एक ही अल्लाह की इबादत करते हैं, इसलिए वंदेमातरम नहीं गा सकते हैं। लेकिन उनके पति और पूर्व पार्षद इकबाल खान के एक पुराने वीडियो ने फिर विवाद खड़ा कर दिया है। यह वीडियो कुछ समय पहले भूमिपूजन के दौरान पूजा और मंत्रोच्चार का है, जिसमें पार्षद पति इकबाल खान बैठे हुए हैं।
हम एक ही अल्लाह को मानते हैं - रुबीना
रुबीना खान ने बजट सत्र के दौरान वंदेमातरम गान नहीं करने पर कहा था कि- हमारे कुरान में मना है, कुरान में है कि एक अल्लाह के सिवा कोई नहीं है इबादत के लायक। वंदेमातरम में वंदे का मतलब है इबादत करना और मातरम यानी माता की। जब हम एक अल्लाह की इबादत करते हैं तो माता की इबादत क्यों करें, हम अपनी सगी मां की इबादत नहीं करते हैं। यह हुक्म है हमारे लिए।
एक ही इबादत तो मंत्रोच्चार में कैसे बैठे पार्षद पति
वहीं अब उनसे जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। यह रुबीना इकबाल खान के वार्ड 39 खजराना में विविध कामों के भूमिपूजन का ही है। इस कार्यक्रम के दौरान कामों की शुरुआत के पहले पूजा हो रही है और मंत्रोच्चार का जाप हो रहा है।
इस पूजा में महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ ही विधायक महेंद्र हार्डिया और पार्षद पति इकबाल खान बैठे हैं। साथ ही वार्ड के कई अन्य प्रतिनिधि, कार्यकर्ता मौजूद हैं। इस वीडियो के बाद बीजेपी विधायक और प्रवक्ता उषा ठाकुर व अन्य नेताओं ने कांग्रेस को घेर दिया है।
फौजिया शेख के पांच घंटे हुए बयान
उधर नगर निगम सभापति, बीजेपी पार्षद दल द्वारा कांग्रेस के पार्षद फौजिया शेख अलीम और रुबीना के खिलाफ राष्ट्रगीत अपमान की हुई शिकायत में जांच शुरू हो गई है। इसके लिए सोमवार 13 अप्रैल को एमजी रोड थाना पर पुलिस ने फौजिया को बुलाया। उनके साथ पति शेख अलीम, बेटी व पांच वकील साथ थे।
एसीपी विनोद दीक्षित, टीआई विजय सिसौदिया के साथ महिला पुलिस अधिकारी ने उनके बयान लिए। यह पूछताछ पांच घंटे से ज्यादा समय तक चली।
कांग्रेस पार्षद रुबीना इकबाल खान पुलिस के नोटिस के बाद बयान देने के लिए एमजी रोड थाने पर पहुंची। उनके साथ पति इकबाल खान भी मौजूद है।
उधर दोनों ही पार्षदों के खिलाफ जिला कोर्ट में परिवाद भी दायर हो चुका है। इसमें आरोप है कि इनका बयान धार्मिक विवाद फैलाने वाला है।
फौजिया बयान से पलटी, रुबीना ने खेद जताया
जानकारी के अनुसार पुलिस पूछताछ के दौरान फौजिया अपने वंदेमातरम नहीं गाने के बयान से पलट गई हैं। फौजिया ने पुलिस से कहा कि वह हमेशा वंदेमातरम गाती रही हैं और उन्हें गाने में कोई आपत्ति नहीं है।
उधर कांग्रेस में मामला अंदरूनी तौर पर खत्म करने के लिए डैमेज कंट्रोल शुरू हो चुका है। फौजिया चुप हो गई हैं तो रुबीना ने अपने बाप में है दम और कांग्रेस पार्टी जाए भाड़ में जैसे बयानों पर खेद जता दिया है।
ये खबरें भी पढ़ें...
RSS और हिंदू संगठन फोन कर रुबीना इकबाल को बोल रहे वंदे मातरम्, परेशान होकर फोन किया बंद
MP के कपिल परमार और रुबीना फ्रांसिस को अर्जुन अवॉर्ड, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित