सागर शराब कांड: 45 लोगों की मौत हुई, आंकड़े छिपा रहा प्रशासन, दिग्विजय सिंह का दावा

Sandeep Kumar | Sept 12, 2026, 23:50 IST
सागर शराब कांड
बंडा शराब कांड को लेकर मध्यप्रदेश की राजनीति फिर गरमाई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शनिवार को पापेट गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात करके घटना की जानकारी ली। साथ ही दिग्विजय ने करीब 45 लोगों की मौत का दावा किया हैं।

समझें क्या है पूरा मामला

  • दिग्विजय सिंह ने 45 लोगों की मौत का दावा किया।
  • उन्होंने प्रशासन पर मौतों के आंकड़े छिपाने का आरोप लगाया।
  • दिग्विजय पापेट गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिले।
  • उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई को केवल दिखावा बताया।
  • कांग्रेस ने पीड़ितों के समर्थन में आंदोलन का ऐलान किया है।

सागर के बंडा में जहरीली शराब से मौतों का मामला गरमाया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शनिवार को पापेट गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। दिग्विजय सिंह ने करीब 45 मौतों का दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन असली आंकड़े छुपा रहा है। सागर के बंडा इलाके में जहरीली शराब कांड को लेकर सियासत तेज हो गई है।



कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शनिवार को सागर पहुंचे। वे सीधे पापेट गांव गए, जहां शराब कांड से प्रभावित परिवार रहते हैं। दिग्विजय सिंह ने मृतकों के परिजनों और पीड़ित परिवारों से बातचीत की। उन्होंने घटना का पूरा ब्योरा जाना।



इसके बाद उन्होंने प्रशासन पर सीधा निशाना साधा। उनका आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब का धंधा चल रहा था। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं की। यही लापरवाही कई मौतों की वजह बनी।



45 मौतों का दावा

दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि इस मामले में अब तक करीब 45 लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन असली संख्या सामने नहीं ला रहा। उनके मुताबिक, शराब कांड सार्वजनिक होने से कई दिन पहले ही इलाके में मौतें शुरू हो गई थीं।



दिग्विजय सिंह ने कहा कि समय पर कार्रवाई होती तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती थीं। यहां यह स्पष्ट करना जरूरी है कि 45 मौतों का आंकड़ा दिग्विजय सिंह का दावा है। प्रशासन की ओर से इस संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।



BMC में मरीजों से मुलाकात

पापेट गांव के दौरे के बाद दिग्विजय सिंह बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC – Bundelkhand Medical College) पहुंचे। वहां भर्ती मरीजों से उन्होंने मुलाकात की। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से स्वास्थ्य की जानकारी ली।



बातचीत के दौरान उन्होंने 'सागर गोल्ड' नाम की शराब को लेकर सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि इसी शराब के सेवन से कई मौतें हुईं। कुछ मरीजों की आंखों की रोशनी पर भी असर पड़ने की बात सामने आई है। दिग्विजय सिंह ने पूरे मामले की गहन जांच की मांग की।



बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल

दिग्विजय सिंह ने आरोपियों के खिलाफ हुई बुलडोजर कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इसे केवल दिखावे की कार्रवाई बताया। उनका कहना है कि कार्रवाई सिर्फ कुछ मकानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। पूरे अवैध शराब नेटवर्क की जांच जरूरी है। उन्होंने पूर्व मंत्री और एक मंत्री से जुड़े होटल और बार की जांच की भी मांग की। उनका कहना था कि अगर नेटवर्क बड़ा है तो जांच एजेंसियों को उसकी जड़ तक पहुंचना चाहिए।



कांग्रेस की चेतावनी

दिग्विजय सिंह ने साफ कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने तक कांग्रेस यह मुद्दा उठाती रहेगी। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। जरूरत पड़ने पर पार्टी आंदोलन भी करेगी। दिग्विजय सिंह के दौरे के बाद इस मामले में सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।



ये भी पढ़ें...

सागर शराब कांड के मुख्य आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, मुठभेड़ के दौरान पैर में लगी गोली



सागर शराबकांड-आरोपियों के छह मकानों पर चला बुलडोजर: CM के निर्देश के बाद एक्शन



सागर शराब कांड: मौतों से पहले डॉक्टर ने बजाई थी खतरे की घंटी, सिस्टम ने सुनी नहीं



सागर शराब कांड: यूपी पुलिस ने खोली मध्य प्रदेश पुलिस की पोल, ललितपुर ASP के बयान से उठे सवाल





Tags:
  • दिग्विजय सिंह
  • मध्य प्रदेश
  • सागर
  • सागर शराब कांड
  • शराब कांड