भोपाल की सेज यूनिवर्सिटी में गोलीबारी: पार्टी के दौरान आपस में भिड़े छात्र, दो गंभीर
News In Short
- भोपाल की सेज यूनिवर्सिटी कैंपस में शनिवार, 04 अप्रैल की रात गोलीबारी हुई।
- पार्टी में शोर-शराबे पर दो गुटों में बहस इतनी बढ़ गई कि फायरिंग हो गई।
- आरोपी सुधांशु सिंह ने देसी पिस्टल से 4-5 राउंड फायर किए।
- दो छात्र अंशु तेज पाटिल और वासु गुप्ता को गोली लगी, दोनों एम्स में भर्ती हैं।
- तीनों आरोपी सुधांशु सिंह, अनिकेत शर्मा और ओम तिवारी अभी फरार हैं।
News In Detail
कैंपस की पार्टी में भड़की हिंसा
भोपाल की सेज यूनिवर्सिटी (Sage University) के सनसिटी फेज-1 (Suncity Phase-1) कैंपस में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात एक पार्टी चल रही थी। यह पार्टी सेकेंड फ्लोर पर बीएससी (BSC - Bachelor of Science) एग्रीकल्चर सेकेंड ईयर के छात्र हर्मन के फ्लैट में हो रही थी।
उस रात हर्मन के फ्लैट पर बीबीए (BBA - Bachelor of Business Administration) फर्स्ट ईयर के छात्र अनिकेत शर्मा (शहडोल), ओम तिवारी (शहडोल) और एलएनसीटी (LNCT - Lakshmi Narain College of Technology) कॉलेज के छात्र सुधांशु सिंह पार्टी में मौजूद थे।
शोर रोकने पर भड़क उठे आरोपी
पार्टी के दौरान तेज शोर-शराबा हो रहा था। उसी बिल्डिंग में रहने वाले बीबीए फर्स्ट ईयर के छात्र अंशु तेज पाटिल (जलगांव, महाराष्ट्र) और हरीश ने फ्लैट पर पहुंचकर शांत रहने को कहा।
बस यही बात आरोपियों को नागवार गुजरी। उन्होंने गाली-गलौच करते हुए धमकी दी। दोनों छात्र नीचे लौट आए, लेकिन आरोपी भी उनके पीछे नीचे आ गए और दोबारा बहस शुरू हो गई।
देसी पिस्टल से 4-5 राउंड फायर
इसी दौरान दतिया निवासी बीबीए सेकेंड ईयर छात्र वासु गुप्ता और मथुरा निवासी फोरेंसिक (Forensic) फर्स्ट ईयर छात्र हेमंत शर्मी भी वहां आ गए। पुलिस के अनुसार, नशे में धुत सुधांशु सिंह ने इसी बीच देसी पिस्टल निकाली और 4 से 5 राउंड फायर कर दिए।
एक गोली अंशु तेज पाटिल के पेट में लगी। दूसरी गोली वासु गुप्ता के कंधे में जा लगी। फायरिंग के बाद तीनों आरोपी मौके से भाग निकले।
एम्स में भर्ती हैं दोनों घायल
गोली लगने के बाद दोनों घायल छात्रों को तुरंत एम्स (AIIMS - All India Institute of Medical Sciences) भोपाल ले जाया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई गई है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का केस
कटारा हिल्स पुलिस ने हेमंत शर्मा की शिकायत पर आरोपी सुधांशु सिंह, अनिकेत शर्मा और ओम तिवारी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। तीनों अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि सभी छात्र एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। सभी एक ही बिल्डिंग में रहते हैं। मुख्य आरोपी सुधांशु सिंह एलएनसीटी कॉलेज का छात्र है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये खबर भी पढ़िए...
LNCT के चौकसे परिवार पर ED में मनी लॉन्ड्रिंग केस, आस्था फाउंडेशन में 200 करोड़ घोटाले में घिरे
LNCT के चौकसे परिवार ने मेडिकल कॉलेज मान्यता में किया सुरेश भदौरिया के INDEX जैसा खेल
MP News: देर रात हाईकोर्ट का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, मध्यप्रदेश में ढाई सौ से अधिक जजों के तबादले