सीधी में थाना प्रभारी पर कुल्हाड़ी से हमला, सिर में लगे 12 टांके
Sidhi news. मध्य प्रदेश के सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पर कुल्हाड़ी और हंसिए से जानलेवा हमला हुआ है। वे ग्राम पटपरा में सड़क जाम हटाने गए थे। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और 12 टांके लगाने पड़े। पुलिस ने पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। एसपी संतोष कोरी ने कहा कि गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
कहां से शुरू हुआ विवाद
ग्राम पटपरा में सरकारी रास्ते को लेकर दो पक्षों में लंबे समय से तनाव था। एक पक्ष का आरोप था कि कुछ लोगों ने सरकारी मार्ग पर कब्जा कर रखा है। इस मामले में कई बार तहसील कार्यालय में आवेदन भी दिए गए थे। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
जाम से हमले तक क्या हुआ
कार्रवाई न होने से नाराज लोगों ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सड़क जाम कर दिया था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाइश देकर रास्ता खुलवाने की कोशिश की।
इसी दौरान भीड़ में से कुछ लोगों ने टांगी यानी कुल्हाड़ी और हंसिए से उन पर हमला कर दिया। थाना प्रभारी के सिर पर गहरी चोटें आईं। मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें भीड़ से बाहर निकाला।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
डायल-112 की मदद से थाना प्रभारी को तुरंत जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया। वहां उनके सिर में 12 टांके लगाए गए। डॉ. बृजेश पांडे ने बताया कि उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और लगातार निगरानी जारी है।
पांच आरोपी नामजद
पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है। आरोपियों के नाम हैं- दिनेश पटेल उर्फ गुंठी, सुनील पटेल, विनय पटेल, प्रीतम पटेल और रितेश उर्फ सिंटू पटेल। इन पर आरोप है कि सड़क जाम हटाने से रोकने पर इन्होंने पुलिस टीम के साथ मारपीट की और थाना प्रभारी पर धारदार हथियार से हमला किया।
घटना की सूचना मिलते ही चुरहट एसडीएम विकास कुमार आनंद और पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। जाम हटवाया गया और हमलावरों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया गया।
एसपी बोले, दोषी बचेंगे नहीं
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी खुद जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल थाना प्रभारी का हालचाल लिया और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली।
एसपी ने कहा कि थाना प्रभारी पर हमला बेहद गंभीर मामला है। पांच थानों का बल और एसडीओपी को मौके पर भेजा गया। सभी पहलुओं से जांच हो रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
ये खबरें भी पढ़ें...
बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी में हंगामा: गेट पर जड़े ताले, प्रभारी कुलगुरु को बाहर ही रोका
एमपी में बदलेंगे अनुकंपा नियुक्ति के नियम, माता-पिता का भरण-पोषण न करने पर जाएगी नौकरी
कोर्ट के सख्त फैसलों से कठघरे में दो सरकारी विभाग, लोकायुक्त और PWD पर उठे सवाल
डॉक्टर की पर्ची बिना नहीं मिलेगा कफ सिरप, केंद्र सरकार ने बदले नियम