विद्या भारती कार्यकर्ता वर्ग का उद्घाटन, मोहन भागवत बोले - भारत बना विश्व की आशा का केंद्र

Sanjay Sharma | Mar 04, 2025, 17:06 IST
Photograph: (the sootr)
विद्या भारती कार्यकर्ता विकास वर्ग का उद्घाटन करते हुए मोहन भागवत ने कहा कि भारत आज पूरे विश्व की आशा का केंद्र बन गया है। उन्होंने सभी विचारधाराओं को साथ लेकर चलने और शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण पर जोर दिया।

BHOPAL. विद्या भारती के अखिल भारतीय अभ्यास वर्ग में मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने देश भर से आए पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। भोपाल के शारदा विहार परिसर में चल रहे अभ्यास वर्ग को संबोधित करते हुए में सरसंघचालक मोहन भागवत जी ने कहा कि विद्या भारती राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का एक अभिन्न अंग है। संघ केवल शाखा संचालन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज परिवर्तन की दिशा में कार्य कर रहा है। विश्व में हो रहे सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक बदलावों को भारत की सनातन परंपरा के आलोक में दिशा देने की आवश्यकता है। आज वैश्विक परिदृश्य में कई विकृतियां उभर रही हैं, तब भारत ही वह ध्रुव तारा है जो सही दिशा प्रदान कर सकता है। इसके लिए समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास हेतु भारतीय परंपराओं पर आधारित शिक्षा, संस्कृति और नीति निर्माण को बढ़ावा देना आवश्यक है।



वैश्विक स्तर पर प्रभावी विद्या भारती

संघ प्रमुख ने विद्या भारती द्वारा चलाए जा रहे प्रकल्पों की सराहना की। उन्होंने कहा वैश्विक स्तर पर भी विद्या भारती के कार्य प्रभावशाली हैं। अंतरराष्ट्रीय संगठन भी इसकी व्यापकता को स्वीकार करने लगे हैं। इससे प्रमाणित होता है कि संघ और उसके सहयोगी संगठनों का कार्य केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका वैश्विक महत्व भी है।



यह खबर भी पढ़ें... RTI कार्यकर्ता पर रेप का आरोप लगाने वाली नाबालिग ने बदला बयान, भोपाल ट्रांसफर हुआ केस



समाज जागरण के लिए सांस्कृतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना जरूरी

सरसंघचालक डॉ.भागवत ने कहा आज समाज में नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना आवश्यक है। हमें केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मानवता, करुणा और सत्य जैसे मूलभूत सिद्धांतों पर आधारित समाज का निर्माण करना चाहिए। आने वाले समय में भारत को एक आदर्श समाज मॉडल के रूप में प्रस्तुत करना होगा, जो संपूर्ण विश्व को शांति और समरसता की ओर ले जाने में सक्षम हो।



यह खबर भी पढ़ें... पीएम मोदी ने शेर के बच्चे को गोद में बैठाया, पिलाया दूध, देखें वीडियो



विचार और सद्कार्यों से दें समाज को दिशा

सरसंघचालक ने अभ्यास वर्ग में शामिल पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं का आह्वान किया। उन्होंने कहा कार्यकर्ता अपने विचार और कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने निरंतर कार्य करें। संघ प्रमुख ने पंच परिवर्तन, विमर्श परिवर्तन, और सज्जन शक्ति जागरण को संघ के आगामी कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।



यह खबर भी पढ़ें... भारत की नदियों में पाई गई 6 हजार 327 डॉल्फिन, शीर्ष पर ये रहा राज्य, एमपी में कितनी ? जानें



ये भी रहे अभ्यास वर्ग में शामिल

विद्या भारती के अखिल भारतीय अभ्यास वर्ग में सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, विद्या भारती के अध्यक्ष डी. रामकृष्ण राव, महामंत्री अवनीश भटनागर सहित वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।



यह खबर भी पढ़ें... अब नेत्रहीन भी बन सकेंगे जज, सुप्रीम कोर्ट ने एमपी के इस नियम को कर दिया रद्द



Tags:
  • MP News
  • एमपी न्यूज
  • आरएसएस
  • मोहन भागवत
  • RSS
  • Mohan Bhagwat
  • मध्य प्रदेश
  • mp news hindi
  • विद्या भारती