मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में बड़ा ही अजीबो गरीब मामला सामने आया है। पति का काला रंग पत्नी को पसंद नहीं था। आए दिन पत्नी अपने पति को उसके रंग को लेकर ताना मारती थी। यह बात जब दादा ससुर को पता चली तो वह शिकायत करने उसके मायके चले गए। यहां मायके वालों ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट से घायल बुजु्र्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है।
क्या है मामला?
बताया जाता है कि निवाड़ी जिले के ढिमरपुरा गांव के रहने वाले हरवेंद्र के दादा उसकी ससुराल गए थे। जहां ससुरालियों ने उसके दादा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार हरवेंद्र की छह साल पहले यूपी के झांसी जिले के सकरार थाना क्षेत्र के जावन गांव में रहने वाली आरती से शादी हुई थी। परिजनों ने बताया कि हरवेंद्र का रंग काला है और आरती का रंग साफ है। इस वजह से आरती अक्सर हरवेंद्र को उसके रंग को लेकर ताने मारा करती थी। जिससे पति-पत्नी के बीच आए झगड़ा हुआ करता था। जब यह बात उसके दादा सूटी रायकवार (64) को हुई तो वह आरती के मायके पोता-बहू की शिकायत करने 29 सितंबर को जावन गए थे।
ससुरालवालों ने की पिटाई
जावन पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। आरोप है कि आरती के परिवार वालों ने दादा ससुर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इससे उनको गंभीर चोट आ गई। मायके पक्ष के लोगों ने ही गढ़कुंढार के पास क्लीनिक में दादा सूती को भर्ती कराया था। भर्ती कराने के बाद वह लोग वहां से भाग गए। यह सब वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। जब घटना की जानकारी हरवेंद्र के परिजनों को हुई तो वह लोग भी मौके पर पहुंच गए। उपचार के दौरान उसके दादा ने दम तोड़ दिया।
परिजन ने शिकायत की है
इस पूरे मामले में झांसी जनपद के सकरार थाना प्रभारी अमिराम सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी लगते ही वह मौके पर पहुंच गए थे। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। परिजन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
thesootr links