गहलोत के होर्स ट्रेडिंग के आरोप पर पीयूष गोयल बोले- गहलोत अपने विधायकों को बिका हुआ कह रहे हैं, मैं होता तो उनके घर धरना दे देता

author-image
BP Shrivastava
एडिट
New Update
गहलोत के होर्स ट्रेडिंग के आरोप पर पीयूष गोयल बोले- गहलोत अपने विधायकों को बिका हुआ कह रहे हैं, मैं होता तो उनके घर धरना दे देता

JAIPUR. राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत लगातार बीजेपी पर होर्स ट्रेडिंग का आरोप लगाते आए हैं। एक दिन पहले भी राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन में गहलोत ने होर्स ट्रेडिंग को लेकर बीजेपी को निशाने पर लिया था। अब इसका जवाब देते हुए सोमवार (19 जून) को केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि गहलोत अपने विधायकों को बार-बार होर्स (बिका हुआ) बताते हैं। अगर मैं उनका विधायक होता तो मैं अन्य विधायकों के साथ उनके घर धरना दे देता। पीयूष गोयल ने कहा कि आप पहले विधायकों को बिका हुआ बताते हो, उसके बाद उन्हीं विधायकों को मंत्री बनाकर राजस्थान की जनता के साथ विश्वासघात करते हो। आप खुद ही आरोप लगाते हो कि विधायक भ्रष्ट हैं, इन्होंने पैसा खा लिया हैं। उन्होंने कहा कि सीएम गहलोत सैल्फ गोल कर रहे हैं। राहुल गांधी के बाद देश की राजनीति में नया व्यक्तित्व उभर रहा हैं। जो अपने हाथ से अपने ही पांव पर कुल्हाड़ी मारता हैं।



'प्रदेश का विकास नहीं करना भी भ्रष्टाचार'



केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि एक तरफ पीएम मोदी का नेतृत्व हैं। वहीं दूसरी तरफ राजस्थान का नेतृत्व है, जो साढ़े 4 साल अपनी कुर्सी के लिए गिड़गिड़ाता रहा। यहां ऐसा नेतृत्व है जो अपने नेताओं की बात नहीं सुनता, तो उनकी कार्यकर्ता कैसे सुनेगा? यहां ऐसा नेतृत्व है जो आपसी झगड़ों को ही नहीं सुलझा पाया। जो अपने ही विधायकों पर करोड़ों रुपए लेने का आऱोप लगाता हैं। जो राजस्थान का विकास नहीं करके केवल अपने बचे हुए दिन गिन रहा है। पीयूष गोयल ने कहा कि प्रदेश का विकास नहीं करना भी एक तरह का भ्रष्टाचार हैं।



ये भी पढ़ें...








गहलोत को पहले मंत्रियों के भ्रष्टाचार को सुधारना चाहिए



केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सीएम अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मुझे कल (18 जून) सीएम अशोक गहलोत का बयान सुनकर हंसी आ गई। मेरे छोटे से विजिट से वो इतना बौखला गए, परेशान हो गए कि उन्हें झूठे आरोप लगाने पड़ रहे हैं। पीयूष गोयल ने कहा कि बीजेपी ईमानदारी से अपना काम करती है। बीजेपी को उसके काम की बदौलत जनता का प्यार और समर्थन मिल रहा हैं। हम जो बोलते हैं वो करते है और उसमें भ्रष्टाचार नहीं होता है। भ्रष्टाचार अशोक गहलोत के काम में होता है। अशोक गहलोत के बच्चे आज जो काम कर रहे हैं, उनके मंत्री आज जो भ्रष्टाचार कर रहे हैं। अशोक गहलोत को पहले उनको सुधारना चाहिए। दरअसल रविवार (18 जून) को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पीयूष गोयल पर तंज कसते हुए उन पर उद्योगपतियों से चंदा लेने के लिए धमकाने का आरोप लगाया था।



रजिस्ट्रेशन करके लोगों को बेवकूफ बना रहे है



केन्द्रीय मंत्री गोयल ने कहा कि सीएम अशोक गहलोत ने साढ़े 4 साल तो कुछ नहीं किया। वहीं अब सीएम गहलोत राहत देने के नाम पर लोगों से पंजीकरण करवाकर उन्हें बेवकूफ बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना का सारा डेटा प्रदेश सरकार के पास है। अगर सरकार को राहत ही देनी थी तो वे डेटा के अनुसार सभी लोगों के खाते में पैसे ट्रांसफर करते। पहले से पंजीकृत लोगों का रजिस्ट्रेशन करने का क्या मतलब हैं। गहलोत केवल कुछ लोगों के अकाउंट में सिलेंडर की सब्सिडी ट्रांसफर करके सोचते हैं कि वे चुनाव जीत जाएंगे। लेकिन ये राजस्थान की जनता है। यह सब जानती है, ये अब आपके झांसे में आने वाली नहीं है।



गहलोत सरकार जनता को दे रही घूस- राज्यवर्धन राठौड़



प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि गहलोत सरकार ने साढ़े चार साल तो कुछ नहीं किया। अब आखिरी दो महीने में राजस्थान की स्वाभिमानी जनता को घूस दी जा रही है। हम राहत देने के लिए यह कर रहे हैं, वो कर रहे हैं। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खुद को जादूगर बताते हैं। जादूगर मंच पर आता है, अपना दाहिना हाथ उठाता है। सभी का ध्यान उसके हाथ की तरफ होता है, लेकिन असल में घोटाला तो बांए हाथ से हो रहा होता है। गहलोत सरकार भी जनता को राहत के नाम पर भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।


राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत जयपुर समाचार होर्स ट्रेडिंग राजस्थान न्यूज केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल Rajasthan CM Ashok Gehlot Union Minister Piyush Goyal Jaipur News Rajasthan News horse trading