कृषि विभाग की टीम पर फिर छापा, एसीबी ने हाईवे पर पकड़ी काली कमाई
समझें क्या है पूरा मामला
- खाद-कीटनाशक फैक्ट्रियों से वसूली करने वाले अधिकारी एसीबी ने पकड़े।
- ये अधिकारी भिवाड़ी और कोटपूतली से अवैध वूसली करके लौट रहे थे।
- एसीबी ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जाल बिछाकर वसूलीखोरों को पकड़ा।
- वाहन से कृषि विभाग के दो अधिकारियों से बरामद हई लाखों रुपए नकद।
- पिछले महीने 2.44 करोड़ के घोटाले के बाद भी नहीं सुधरे विभाग के घूसखोर।
राजस्थान के कृषि विभाग में अवैध वसूली का खेल थमा नहीं है। जून में बीज कंपनियों से 2.44 करोड़ रुपए की घूसखोरी का खुलासा हुआ था। इसमें बीज निगम के डायरेक्टर जुगल किशोर विश्नोई समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ। इस बीच, एसीबी ने गुरुवार को अवैध वसूली के नए केस में दो अधिकारियों को हिरासत में लिया है। ये अधिकारी भिवाड़ी-कोटपूतली में खाद व कीटनाशक फैक्ट्रियों की जांच करके लौट रहे थे। इनसे तलाशी में कुल 2,63,500 रुपए बरामद हुए हैं।
फैक्ट्रियों से कर रहे थे वसूली
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB)के डीजी गोविंद गुप्ता ने बताया कि जयपुर से गई कृषि विभाग की एक टीम भिवाड़ी और कोटपूतली दौरे पर थी। उसके खाद व कीटनाशक फैक्ट्रियों के निरीक्षण की सूचना मिली थी। टीम में शामिल अफसर कार्रवाई का डर दिखाकर वसूली कर रहे थे।
एसीबी के डीआईजी-प्रथम डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में एएसपी महावीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
यह टीम दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शाहपुरा पुलिया पर निगरानी रख रही थी। इसी दौरान टाटा सफारी वाहन को रुकवाकर उसमें सवार अधिकारियों की तलाशी ली गई।
तलाशी में यह मिला
तलाशी में कृषि अधिकारी महेश कुमार मीणा के बैग से 1,48,500 रुपए तथा कृषि अधिकारी चन्दा राम गुर्जर के बैग से 1,15,000 रुपए बरामद हुए।
वाहन में कृषि अधिकारी भगवान सहाय यादव एवं कृषि विभाग के चालक रमेश चन्द्र मीणा भी सवार थे। इनकी भी तलाशी ली गई। वाहन में सवार लोगों से कुल 2,63,500 रुपए की संदिग्ध राशि बरामद की गई।
बरामद नकद राशि के स्रोत, फैक्ट्रियों से अवैध वसूली तथा संबंधित अधिकारियों की भूमिका के बारे में पूछताछ जारी है। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं आईजी एस. परिमला के निर्देशन में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
ये भी पढ़ें:-
ACB DG की सोशल मीडिया पोस्ट वायरल, किरोड़ी के ACB दौरे से जोड़ी जा रही
ACB दफ्तर जाना मेरी भूल, जांच पर पूरा भरोसा, मंत्री किरोड़ी के बदले सुर
ACB की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार की घूस लेते लेखा सहायक गिरफ्तार, BCMO फरार
बीज में रिश्वतखोरी: रिमांड के बाद आरोपियों को भेजा जेल, एसीबी को मिले अहम सबूत