3 लाख रिश्वत में फंसे अफसर के बैंक लॉकर और खातों से निकले 2.10 करोड़, जांच तेज
समझें क्या है पूरा मामला
- सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त निदेशक की काली कमाई का सच उजागर।
- एसीबी ने अधिकारी के लॉकर से 1.46 करोड़ के जेवरात बरामद किए।
- अफसर के लॉकर से निकला 945 ग्राम सोना और 1 किलो चांदी।
- संयुक्त निदेशक के बैंक लॉकर और खातों में 2.10 करोड़ की संपत्ति।
- NGO बिल पास करने की एवज में मांगी घूस, अब अधिकारी पर भ्रष्टाचार का केस।
राजस्थान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक जयप्रकाश चारण के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) का शिकंजा कसता जा रहा है। अजमेर में 3 लाख रुपए की घूस लेते रंगे हाथों धरे गए इस अफसर की काली कमाई का दायरा अब खुलता जा रहा है।
आरोपी संयुक्त निदेशक के बैंक लॉकर से 1.46 करोड़ का सोना-चांदी मिला है। उनके बैंक खातों में 64 लाख रुपये भी मिले हैं। आरोपी ने एनजीओ के बिल पास करने के लिए 3 लाख रिश्वत ली थी। एसीबी अब आय से अधिक संपत्ति की जांच कर रही है।
लॉकर और खातों में क्या मिला
एसीबी के अनुसार आरोपी और उसके परिवार के संयुक्त बैंक लॉकर में 945 ग्राम सोना और 1 किलो 27 ग्राम चांदी मिली है। बाजार में इनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 46 लाख 33 हजार रुपए है।
इसके अलावा आरोपी और उसके परिजनों के बैंक खातों में कुल 64 लाख 26 हजार 780 रुपए शेष पाए गए हैं। इस तरह अब तक करीब 2.10 करोड़ रुपए की संपत्ति का खुलासा हो चुका है।
क्या है पूरा मामला
यह पूरा घूसकांड एक एनजीओ से जुड़ा है। परिवादी ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके एनजीओ का अनुबंध पत्र जारी करने और लंबे समय से अटके बिलों का भुगतान कराने के एवज में संयुक्त निदेशक 5 लाख रुपए की मांग कर रहा था। सौदेबाजी के बाद आरोपी 3 लाख रुपए लेने पर अड़ा था।
एसीबी ने कैसे पकड़ा
जयपुर एसीबी ने अजमेर में गुरुवार देर रात आरोपी को 3 लाख रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। एसीबी ने स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी के घर पर रेड की थी। शुक्रवार को उसे एसीबी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
आगे की जांच
एसीबी अब आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच कर रही है। बैंक लॉकर और खातों में मिली राशि और आभूषणों के स्रोतों की पड़ताल की जा रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़ें:-
रिश्वतखोरी पर ACB का एक्शन: अजमेर में जॉइंट डायरेक्टर अरेस्ट, घर पर चलती रही सर्च
घूस की पहली किस्त ली ,दूसरी लेते ACB ने फूड सेफ्टी ऑफिसर को पकड़ा
8 साल, 2 अफसर, ACB से अरेस्ट के बाद भी देवस्थान में वही म्यूजिकल चेयर
कृषि विभाग में ACB कार्रवाई पर किरोड़ी का बड़ा दांव, खुद मांगी CBI जांच