बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत यादव का निधन, राजस्थान विधानसभा में अब 199 सदस्य; 6 महीने में उपचुनाव
राजस्थान भाजपा के वरिष्ठ नेता और बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत सिंह यादव का रविवार, 8 नवंबर को निधन हो गया। उन्होंने जयपुर के एक हॉस्पिटल में इलाज के दौरान सुबह 8:15 बजे अंतिम सांस ली। वे 73 वर्ष के थे और लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से अलवर, बहरोड़ और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई।
सीएम भजनलाल और गहलोत ने जताया दुख
बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत यादव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।दुख की इस घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों के साथ हैं।ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।ॐ शांति!
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) November 8, 2026
पूर्व मंत्री एवं बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत यादव के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। वे एक अनुभवी नेता थे और उनका लंबा सार्वजनिक जीवन रहा। कुछ माह पहले ,चेन्नई में स्वास्थ्य लाभ ले रहे डॉ. यादव से मेरी मुलाकात भी हुई थी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके समर्थकों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।ॐ शांति।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) November 8, 2026
चार बार विधायक, एक बार अलवर से सांसद रहे
वे चार बार विधायक चुने गए और अलवर से एक बार लोकसभा सांसद भी रहे। वसुंधरा राजे सरकार में 2016 से 2018 के बीच उन्होंने कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें बहरोड़ से मैदान में उतारा था। उन्होंने चुनाव जीतकर विधानसभा में वापसी की। क्षेत्र में वे भाजपा के प्रमुख नेताओं में गिने जाते थे।
विधानसभा में अब 199 विधायक, बहरोड़ सीट खाली
जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 151A के मुताबिक, विधानसभा की रिक्त सीट पर सामान्य तौर पर छह महीने के भीतर उपचुनाव कराया जाना होता है। हालांकि, कानून में दो अपवाद भी हैं। यदि विधानसभा का कार्यकाल एक साल से कम बचा हो या चुनाव आयोग केंद्र सरकार से परामर्श के बाद चुनाव कराना कठिन बताए, तो यह समयसीमा लागू नहीं होती। इसलिए बहरोड़ में उपचुनाव की संभावित समयसीमा मई 2027 तक होगी, लेकिन मतदान की तारीख चुनाव आयोग ही घोषित करेगा।
200 की संख्या पूरी नहीं रहने का फिर बना संयोग
अब 16वीं विधानसभा में डॉ. जसवंत यादव के निधन से बहरोड़ सीट खाली हो गई है। इसके बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर 199 विधायकों की संख्या को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे संयोग तो कुछ अंधविश्वास से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, विधानसभा में सीट खाली होने के पीछे विधायकों के निधन, इस्तीफे और अन्य संवैधानिक कारण होते हैं। इसे किसी भवन या स्थान से जोड़ने का कोई प्रमाण नहीं है।
फिलहाल बहरोड़ क्षेत्र को नए विधायक का इंतजार रहेगा। उपचुनाव की तारीख घोषित होने के बाद यहां एक बार फिर राजनीतिक मुकाबला देखने को मिलेगा।
By Jageshwar Prasad
By Jyoti Mahender Bhardwaj
By Aman Vaishnav
By Jageshwar Prasad
By Arun Tiwari
By Aman Vaishnav
By Arohi Raj