गहलोत के 'भले आदमी' वाले बयान पर भजनलाल बोले- हारे तो PCC चीफ पर गुस्सा क्यों निकाल रहे

Saurabh Mishra | Sept 24, 2026, 14:18 IST
भजनलाल शर्मा ने निकाय चुनाव पर गहलोत के आरोपों का जवाब दिया
निकाय चुनाव पर अशोक गहलोत और CM भजनलाल आमने-सामने हैं। गहलोत के आरोपों पर भजनलाल ने पलटवार किया। BJP समर्थित 200 और कांग्रेस के 95 प्रमुख बने।

समझें क्या है पूरा मामला

  • भजनलाल शर्मा ने निकाय चुनाव पर गहलोत के आरोपों का जवाब दिया।
  • मुख्यमंत्री ने गहलोत के रोड शो वाले बयान पर भी सवाल उठाए।
  • गहलोत ने पुलिस-प्रशासन के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया था।
  • भजनलाल शर्मा ने कहा कि गहलोत पीसीसी चीफ पर क्यों गुस्सा निकाल रहे।
  • BJP समर्थित 200 और कांग्रेस के 95 निकाय प्रमुख बने।

राजस्थान के निकाय चुनाव के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आमने-सामने आ गए। एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भजनलाल पर निशाना साधते हुए कहा था कि वे उन्हें 'भला आदमी' समझते थे, लेकिन चुनाव जीतने के लिए जिस तरह के तरीके अपनाए गए, उसकी उम्मीद नहीं थी।



भजनलाल ने गहलोत के रोड शो वाले बयान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब वे रोड शो करते हैं तो गहलोत सवाल उठाते हैं और जब कांग्रेस चुनाव हारती है तो PCC को रोड शो नहीं करने के लिए जिम्मेदार बताते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कोई अपना वार्ड हारता है तो उसकी जिम्मेदारी खुद लेनी चाहिए, इसका ठीकरा पीसीसी चीफ पर नहीं फोड़ना चाहिए।



भजनलाल बोले- अपना गुस्सा PCC चीफ पर क्यों निकाल रहे?

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अशोक गहलोत के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके बयान समय-समय पर बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं रोड शो करता हूं तो कहते हैं कि मुख्यमंत्री को रोड शो नहीं करना चाहिए। आप चुनाव हार जाते हैं तो कहते हैं कि पीसीसी को रोड शो प्लान करने चाहिए थे।



मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि गहलोत अपना गुस्सा पीसीसी अध्यक्ष पर निकाल रहे हैं। आप अपना गुस्सा पीसीसी चीफ पर डाइवर्ट क्यों कर रहे। आप अपना वार्ड हारे हैं तो इसके जिम्मेदार आप हैं। इसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष क्या करेंगे?



भजनलाल ने गहलोत की ओर से निकाय चुनाव को लेकर लगाए गए आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी हार के लिए जनता या प्रशासन को जिम्मेदार नहीं ठहराए। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं को अपने चुनावी प्रदर्शन और कमियों को देखने की सलाह दी।



गहलोत ने कहा था- भजनलाल को भला आदमी समझता था

इससे एक दिन पहले जयपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने निकाय चुनाव को लेकर भजनलाल सरकार पर कई आरोप लगाए थे। इसी दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर सीधा निशाना साधा था।



गहलोत ने कहा था कि मैं तो भजनलाल शर्मा को भला आदमी मानता था, लेकिन ये तो राजस्थान को बर्बाद कर देंगे। उन्होंने निकाय चुनाव की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि चुनाव जीतने के लिए पुलिस और प्रशासन का गलत इस्तेमाल किया गया।



गहलोत ने दावा किया था कि चुनाव के दौरान कुछ आईएएस और आईपीएस अधिकारियों ने सरकार के दबाव में काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे अधिकारियों की साख पर भी सवाल खड़े हुए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में निकाय चुनाव के दौरान इस तरह के हालात पहले नहीं देखे गए।



हरियाणा-UP पुलिस के इस्तेमाल का भी लगाया आरोप

गहलोत ने आरोप लगाया था कि निकायों में बोर्ड बनाने के लिए पार्षदों पर दबाव डाला गया। उन्होंने राजस्थान पुलिस के साथ हरियाणा और उत्तर प्रदेश की पुलिस के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया। हालांकि इन आरोपों को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खारिज किया है।



पूर्व मुख्यमंत्री ने परिसीमन पर भी सवाल उठाए थे। उनका आरोप था कि कई जगह वार्डों की सीमाएं इस तरह बदली गईं, जिससे भाजपा को फायदा हुआ। गहलोत ने कहा था कि कहीं चार वार्ड को मिलाकर एक कर दिया गया तो कहीं एक वार्ड को दो हिस्सों में बांट दिया गया।



निकाय चुनाव के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस, प्रशासन और पैसे के इस्तेमाल के आरोप भी लगाए हैं। BJP की ओर से इन आरोपों को खारिज किया गया है।



भाजपा-कांग्रेस के वोट शेयर में 1 फीसदी से कम का अंतर

निगम चुनाव के नतीजों पर अगर नजर डालें तो भाजपा और कांग्रेस के बीच वोट शेयर में एक फीसदी से कम का है।भाजपा को करीब 35.18% और कांग्रेस को 34.24% वोट मिले। दोनों के बीच अंतर करीब 0.94 प्रतिशत अंक रहा। भाजपा ने 4182 वार्ड और कांग्रेस ने 3619 वार्ड जीते। निर्दलीय उम्मीदवार 2273 वार्ड में जीते।



निकाय प्रमुखों के चुनाव में भाजपा और उसके समर्थित उम्मीदवारों को मिलाकर 200 से अधिक निकायों में प्रमुख बने, जबकि कांग्रेस ने 95 निकायों में अध्यक्ष या महापौर पद हासिल किया। नगर निगमों में भी भाजपा ने बढ़त बनाई। शुरुआती सात नगर निगमों के महापौर चुनाव में भाजपा ने 6 और कांग्रेस ने बीकानेर में एक पद जीता।



निकाय चुनाव के इन्हीं नतीजों और चुनाव प्रक्रिया को लेकर अब गहलोत और भजनलाल के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। गहलोत सरकार पर चुनाव में गड़बड़ी और प्रशासन के गलत इस्तेमाल का आरोप लगा रहे हैं, जबकि भजनलाल इन आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस को अपनी हार की वजह अपने भीतर तलाशने की बात कह रहे।



यह खबरें भी पढ़ें...



अशोक गहलोत का भाजपा पर आरोप, बोले- पुलिस के जरिए पार्षदों को डराया-धमकाया जा रहा



निकाय चुनाव पर गहलोत बोले- भजनलाल को भला आदमी समझा था, जीत के लिए क्या-क्या नहीं किया



गहलोत का हमला- भजनलाल जी, आपका नाम लोकतंत्र की हत्या करने वाले CM के रूप में दर्ज हुआ



निकाय चुनाव में जीत के बाद BJP मुख्यालय पहुंचे CM भजनलाल, कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न



Tags:
  • राजस्थान
  • अशोक गहलोत
  • भजनलाल शर्मा
  • निकाय चुनाव
  • निगम चुनाव