बाइक चोरी के शक में युवक को पेड़ से बांधकर पीटा, अस्पताल में हो गई मौत

Ashish Bhardwaj | May 28, 2026, 19:12 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान के दौसा में बाइक चोरी के शक में भीड़ ने युवक को पेड़ से बांध कर जमकर पीटा। बाद में युवक की अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया।

News In Short

  • दौसा में बाइक चोरी के शक में युवक को पेड़ से बांध दिया गया, अस्पताल में हुई मौत।
  • मृतक की पहचान दिनेश मीणा के रूप में हुई।
  • परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से किया साफ इनकार।
  • घटनास्थल के वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की जा रही है।

News In Detail

राजस्थान के दौसा जिले के बसवा थाना क्षेत्र में गुरुवार 28 मई को बड़ा मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने बाइक चोरी के शक में एक युवक को पकड़कर उसे पेड़ से बांधकर पीटा। इससे उसकी तबियत बिगड़ गई।



बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से साफ इनकार कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है।



बाइक चोरी के शक में पेड़ से बांधा

जानकारी के अनुसार घटना बसवा थाना क्षेत्र के पंडितपुरा रोड की है। स्थानीय लोगों ने युवक को बाइक चोरी के प्रयास में रंगे हाथों पकड़ने का दावा किया। इसके बाद कानून को हाथ में लेते हुए युवक को पेड़ से बांध दिया गया।



बताया जाता है कि लोगो ने उसके साथ काफी मारपीट की। घंटों तक बंधक स्थिति और धूप में रहने के कारण युवक की हालत खराब हो गई। इस बीच, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को मुक्त कराया और उसे लेकर अस्पताल पहुंची। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।



दिनेश के रूप में हुई पहचान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को बंधन से मुक्त कराकर स्थानीय बसवा अस्पताल ले जाया गया।



प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर उसे बांदीकुई रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दिनेश मीणा के रूप में हुई।



वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान

एएसपी ने बताया कि घटनास्थल के कुछ वीडियो सामने आए हैं। इन वीडियो के आधार पर जिन लोगों ने युवक को बांधा और मारपीट की, उनकी पहचान की जा रही है।



साथ ही यह जांच की जा रही है कि युवक वास्तव में चोरी की वारदात में शामिल था या केवल शक के आधार पर निशाना बनाया गया।



परिजनों का शव लेने से इनकार

मृतक के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव लेने से साफ इनकार कर चुके हैं। उनका कहना है कि उनके पास घटना के वीडियो मौजूद हैं।



इनमें युवक को पेड़ से बांधने वाले लोग स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, शव नहीं लिया जाएगा।



पुलिस जांच और संवेदनशीलता

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस इलाके में अलर्ट मोड पर है और आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है।



ये खबर भी पढे़:-

नियुक्तियों में धांधली के आरोप, वाइस चांसलर डॉ. देवस्वरूप को तत्काल हटाया गया



मुकदमे कम करने के लिए नई पहल, गर्मियों की छुट्टियों में होगी नियमित सुनवाई



जोधपुर पहुंचे आसाराम, करेंगे सरेंडर, हाई कोर्ट के आदेश के बाद जमानत अवधि खत्म



​राहुल गांधी से मिला NEET-स्टूडेंट का परिवार, मुलाकात में हिस्ट्रीशीटर भी मौजूद



Tags:
  • राजस्थान
  • मारपीट
  • दौसा
  • पेड़ से बांधकर पीटा