एक और बालिका सैनिक स्कूल, 30 एकड़ में होगा निर्माण, स्विमिंग पूल-जिम भी

Jageshwar prasad | Jul 20, 2026, 17:54 IST
बालिका सैनिक स्कूल का शिलान्यास, 15 माह में तैयार होगा
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर में बालिका सैनिक स्कूल का शिलान्यास किया। 30 एकड़ में 20 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह स्कूल 15 माह में तैयार होगा।

समझें क्या है पूरा मामला

  • अजमेर को मिली बालिका सैनिक स्कूल की सौगात।
  • विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने किया शिलान्यास।
  • 30 एकड़ में बनेगा स्कूल, 20 करोड़ से होगा निर्माण।
  • बेटियों को मिलेगा सैन्य प्रशिक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा।
  • स्कूल में होगीं स्विमिंग पूल-जिम जैसी आधुनिक सुविधाएं।

राजस्थान के अजमेर जिले को एक सौगात मिली है। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष और अजमेर उत्तर से विधायक वासुदेव देवनानी ने सोमवार को हाथीखेड़ा गांव में बालिका सैनिक स्कूल का शिलान्यास किया।



स्कूल 30 एकड़ जमीन पर 20 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा। यह 15 महीनों में यानी अक्टूबर 2027 तक बनकर तैयार हो जाएगा। देवनानी का प्रयास है कि जुलाई 2027 तक स्कूल तैयार हो जाए ताकि अगले शैक्षणिक सत्र से ही बालिकाएं यहां अध्ययन शुरू कर सकें।



अगस्त से शुरू होगा निर्माण

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने बताया कि स्कूल का निर्माण कार्य अगस्त 2026 से शुरू होगा। यदि किसी कारण से निर्माण में देरी होती है तो बालिकाओं की पढ़ाई किसी अन्य भवन में संचालित की जाएगी ताकि स्कूल रुके नहीं।



उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अजमेर के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। इस स्कूल में बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सैन्य प्रशिक्षण भी मिलेगा।



क्या-क्या सुविधाएं होंगी?

बालिका सैनिक स्कूल में आधुनिक सुविधाओं का पूरा पैकेज रहेगा। इसमें एकेडमिक ब्लॉक, बालिकाओं के लिए हॉस्टल, शिक्षक और स्टाफ के लिए आवास, इंडोर गेम्स हॉल, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल कोर्ट, परेड ग्राउंड, खेल मैदान, जिम, स्विमिंग पूल, परिसर में सड़कें और चारों ओर बाउंड्री वॉल शामिल होगी। पेयजल और बागवानी के लिए ट्यूबवेल भी लगाया जाएगा।



अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम होगा आधार

देवनानी ने कहा कि यह शैक्षणिक संस्था बेटियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने के साथ-साथ उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी प्रदान करेगी। स्कूल में शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेल सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।



कार्यक्रम में भाजपा नेता और ग्रामीण रहे मौजूद

शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा अजमेर शहर अध्यक्ष रमेश सोनी सहित हाथीखेड़ा के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह स्कूल ग्रामीण क्षेत्र में बालिका शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है।



ये भी पढ़ें:-

राजस्थान सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए आवेदन की लास्ट डेट कल



सैनिक स्कूल और मिलिट्री स्कूल में अंतर: क्या है बेहतर, जानें विस्तार से



पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण, निर्माण में लगा एफिल टॉवर से 40 गुना ज्यादा स्टील



अब कर्मचारियों के लिए नया पोर्टल, भर्ती से रिटायरमेंट तक का रिकॉर्ड होगा ऑनलाइन





Tags:
  • वासुदेव देवनानी
  • सैनिक स्कूल
  • शिलान्यास
  • अजमेर
  • बालिका सैनिक स्कूल